विकास की नई इबारत लिख रहा जयापुर एक बार फिर सुर्खियों में है। मंगलवार को गांव में ई-लाइब्रेरी खुल गई। गांव की ही एक निरक्षर महिला चंद्रावती देवी के हाथों ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन कराया गया। आईएएस और पीसीएस की तैयारी कर रहे युवाओं की संस्था होप वेलयफेयर ट्रस्ट की मदद से खुली इस लाइब्रेरी में ई-कंटेंट के साथ ही कक्षा सात से स्नातक तक की पाठ्य पुस्तकें भी हैं। इसके अलावा, यहां प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी से जुड़ी पुस्तकें और गांव के बुजुर्गों के लिए धार्मिक साहित्य भी हैं।
बीएचयू और काशी विद्यापीठ के छात्रों ने अपनी पॉकेट मनी से प्रधानमंत्री के आदर्श गांव जयापुर में ई-लाइब्रेरी की शुरुआत की है। उद्घाटन समारोह में मौजूद गांव की प्रधान दुर्गावती पटेल ने कहा कि गांव को सौ फीसदी साक्षर बनाने की मुहिम चल रही है। लाइब्रेरी खुलने से इस मुहिम को गति मिलेगी और गांव के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में सहूलियत होगी। जयापुर के साथ ही आसपास के गांवों के बच्चे इस लाइब्रेरी का लाभ उठा सकेंगे।
उद्घाटन अवसर पर होप वेलफेयर ट्रस्ट से जुड़े अभिनय सिंह, दिव्यांशु, अभिषेक पांडेय, कनिष्क, अभय, सतीश, नरेंद्र, मनीष, आकाश, नेहा, सना परवीन, विभा, सीमा, अभिषेक आदि मौजूद थे। ट्रस्ट के संस्थापक रवि मिश्रा ने कहा कि लाइब्रेरी में पाठ्य-पुस्तकों के साथ ही इंटरनेट की मुफ्त सुविधा मिलेगी। ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को फायदा हो। वे यहीं से ऑनलाइन फार्म भर सकेंगे। लाइब्रेरी का खर्च ट्रस्ट उठाएगा।