Varanasi News: सूचना मिलने पर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने पिलर का निरीक्षण कर उन्हें मजबूती से खड़ा करने को कहा। साथ ही सावन से पहले बचे कार्यों को पूरा करने का भी निर्देश दिया।
संग्रहालय के वीआईपी गेट के सामने शुक्रवार सुबह डेकोरेटेड पिलर लैंप गिरने से नाबालिग घायल हो गया। लोगों की मदद से उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। प्रो-पुअर पर्यटन विकास परियोजना के तहत आठ फीट लंबे पत्थर के डेकोरेटेड स्ट्रीट लैंप लगाए गए हैं।
विज्ञापन
सुबह घुरहूपुर के अनिल राजभर का पांच साल का बेटा शुभम भाई यश, पड़ोस की लाडो और दादी अनीता के साथ सारनाथ म्यूजियम टहलने गया था। तीनों गेट के पास खेल रहे थे। अचानक स्ट्रीट लाइट का पिलर गिरने से शुभम घायल हो गया। बच्चे के सिर व पेट में चोट आई है। लोगों ने बताया कि भारी भरकम पिलर को बिना ठोस नींव के खड़े करने पर ये आए दिन गिर जाते हैं। दो माह में चार पिलर गिर चुके हैं।
विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने किया निरीक्षण
विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के सामने बने स्ट्रीट वेल्डिंग जोन का भी निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता आनंद मिश्र को लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी। इस दौरान सचिव वेद प्रकाश मिश्र, शिवाजी मिश्र, एलबी दूबे मौजूद रहे।