मूल रूप से अदलहाट बाजार निवासी सर्राफा व्यापारी गोपाल शुक्रवार को 410 ग्राम गला हुआ सोना और चांदी लेकर पड़ाव पहुंचे। वहां से मैदागिन जाने के लिए एक ऑटो में बैठ गए। ऑटो में चालक के अलावा पहले से ही तीन युवक सवार थे।
रास्ते में सुनियोजित तरीके से ऑटो चालक और पीछे बैठे युवकों ने गोपाल का बैग काटकर उसमें रखा सोना और चांदी निकाल लिया। इसके बाद उन्हें हनुमान फाटक रेलवे क्रॉसिंग के पास उतारकर फरार हो गए।
गोपाल ने बैग चेक किया तो उसमें सोना और चांदी गायब था। गोपाल ने तुरंत पड़ाव पहुंचकर ऑटो चालक की तलाश शुरू की, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद वह आदमपुर थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सर्राफा कारोबारी की शिकायत पर आदमपुर थाने के कार्यवाहक थाना प्रभारी केके गुप्ता ने तत्काल टीम गठित कर छानबीन शुरू की।
पुलिस ने हनुमान फाटक रेलवे क्रॉसिंग, पड़ाव चौराहा और चंदौली मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक किया। जिसमें घटना को अंजाम देने वाले उचक्के और उनकी ऑटो नजर आई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन उचक्कों को धरदबोचा, जबकि उनका एक साथी पहले ही फरार हो गया। हालांकि, देर शाम तक पुलिस ने यह नहीं बताया कि सर्राफा व्यापारी का माल बरामद हुआ है या नहीं। पुलिस पकड़े गए अभियुक्तों से पूछताछ कर रही है।