वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) गोल्फ चैंपियनशिप पहली बार बरेका गोल्फ कोर्स में खेली जाएगी। बरेका गोल्फ संघ के सदस्य मनोज मांझी ने बताया कि यह प्रतियोगिता 14 से 18 जून तक आयोजित होगी। इसमें देश के 72 प्रोफेशनल खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
बरेका परिसर में 51 एकड़ में फैले 18 होल के 70 (स्ट्रोक) पार वाले गोल्फ कोर्स में स्थानीय खिलाड़ियों ने अभ्यास शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को बरेका के 10 गोल्फरों ने डेड हैंड तकनीक के जरिये स्थिर और सटीक शॉट लगाने का अभ्यास किया। इसमें मनोज मांझी के अलावा शिशिर त्यागी ने सबसे कम स्ट्रोक का प्रयोग कर अभ्यास मैच जीता। मैत्री मैच में सभी खिलाड़ियों ने दो-दो खिलाड़ियों के समूह बनाकर हिस्सा लिया। इसमें मनोज मांझी, संतोष सिंह, बहादुर प्रसाद, शिशिर त्यागी, राकेश कोचर, अनुज कटियार, सुनील कुमार, अनुराग गुप्ता और शिवम दुबे शामिल रहे।
51 एकड़ में फैला है गोल्फ कोर्स
51 एकड़ में फैले बरेका गोल्फ कोर्स में 18 होल हैं। यह 70 (स्ट्रोक) पार का कोर्स है, जिसमें लगभग 1000 पेड़, 5 वाटर बॉडी (तालाब) और 39 बालू के बंकर हैं। प्रदेश का सबसे बड़ा गोल्फ कोर्स रायबरेली में है, जबकि प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा गोल्फ कोर्स वाराणसी के बरेका में स्थित है। यह रेलवे का पहला ऐसा गोल्फ कोर्स है, जहां चार गोल्फ कार्ट हैं। यहां अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले जा सकते हैं। गत वर्ष बरेका के खिलाड़ियों ने अखिल भारतीय प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता था।
तीन दिन होंगे मुकाबले, हर दिन खेलना होगा 18 होल
पांच दिवसीय प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) गोल्फ चैंपियनशिप 14 से 18 जून तक आयोजित होगी। इसमें एक दिन अभ्यास सत्र, एक दिन प्रोफेशनल और एमेच्योर खिलाड़ियों के लिए विशेष राउंड तथा तीन दिन प्रतियोगी मुकाबले होंगे। खिलाड़ियों को प्रत्येक दिन 18-18 होल खेलने होंगे।