पाक की गोलीबारी में जम्मू के अरनिया सेक्टर में शुक्रवार को शहीद हुए जवान का उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया। शहीद के छह वर्षीय पुत्र भूपेंद्र ने मुखाग्नि दी। वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गई थी।
बलिया जिले के विद्याभवन नारायनपुर गांव निवासी बृजेंद्र बहादुर सिंह गुरुवार को शहीद हुए थे। बलिया जिले के प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करने के अलावा पार्थिव शरीर को कंधा भी दिया। उन्होंने परिवार को प्रदेश सरकार की ओर से 25 लाख रुपये का चेक दिया।
इससे पहले शहीद का पार्थिव शरीर लेकर उनके यूनिट के इंस्पेक्टर एनके सिंह व एनडीआरफ के इंस्पेक्टर सुधीर कुमार 11 जवानों के साथ शनिवार को भोर में गांव पहुंचे। यहां लोगों ने जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि शहीद की शहादत पर हम सबको गर्व है। इस संकट की घड़ी में सरकार शहीद के परिवार के साथ है। कहा कि शहीद के सम्मान में गांव प्रवेश द्वार, खेल मैदान और स्मारक का निर्माण होगा।
उधर, प्रभारी मंत्री से शहीद के पिता अशोक कुमार सिंह ने निवेदन किया कि 13वीं में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जरूर आएं।
शहीद को अंतिम सलामी देने के लिए मौके पर पिछड़ा एवं दिव्यांग जन विकास मंत्री ओमप्रकाश राजभर, नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी, सांसद भरत सिंह, रविंद्र कुशवाहा, विधायक आनंद स्वरूप शुक्ला, धनंजय कन्नौजिया, जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम, एसपी अनिल कुमार, एसडीएम अनिल चतुर्वेदी, सीओ अशोक कुमार सिंह आदि मौजूद थे।