पियरी में मिली टेरेंटूला समूह की मकड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी शहर के पियरी क्षेत्र में टेरेंटूला समूह की मकड़ियां मिलने से लोगों में दहशत है। पहली बार विशालकाय मकड़ियां देखकर परिवार के लोग सहमे हुए हैं। बीएचयू के प्राणि विज्ञानियों ने इनको विषैली प्रजाति का बताया है और सभी को सावधान रहने की जरूरत है।
प्रत्यक्षदर्शी चेतगंज निवासी प्रशांत अग्रहरि ने बताया कि शुक्रवार को सुबह अचानक इनकी नजर घर के कोने में पड़ी तो वह चौंक गए। इसके पहले उनके परिवार में किसी ने भी इतनी बड़ी मकड़ी नहीं देखी थी। दो मकड़ियां थीं जिसमें से एक पांच इंच और दूसरी मकड़ी का आकार नौ इंच का था। मकड़ियों पर शोध करने वाले असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ध्रुव चंद्र धली ने बताया कि यह मकड़ियां काइलोब्रेकिस वंश की हैं। यह विषैली होती है और नमीयुक्त मिट्टी में रहती हैं। यह रात्रिचर जीव हैं जो अन्य कीटों का भक्षण करती हैं।