नव वर्ष पर रविवार को वाराणसी शहर में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन किया है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। जौनपुर, आजमगढ़, प्रयागराज और भदोही, गाजीपुर आने वाली निजी बसें, रोडवेज बसों को शहर की सीमा पर ही रोका जाएगा।
वहीं, शाम पांच बजे के बाद रोडवेज बसें और निजी बसें शहर में आ सकेंगी। गंगा घाट और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर नो व्हीकल जोन होगा। नशे में वाहन चलाने और अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों का चालान व सीज की कार्रवाई भी होगी। चार पहिया वाहनों को क्रेन की मदद से ट्रैफिक पुलिस लाइन में खड़ा कराया जाएगा। यातायात पुलिस कर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाते हुए सख्त हिदायत भी दी गई है।