नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी
- फोटो : अमर उजाला।
यूपी के बलिया जिले में प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती 23 दिसंबर को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और किसान संकल्प लें कि कृषि कानून जब तक वापस नहीं होते हैं, हम अंबानी अडानी समूह के उत्पादों का उपयोग नहीं करेंगे।
सोमवार को अपने आवास पर मिलने आए नेता प्रतिपक्ष ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और किसानों से बातचीत में कहा कि भारत किसानों का देश है। इसे कारपोरेट का देश बनाने के लिए अडानी-अंबानी समूह और मोदी सरकार खेतीबारी को बर्बाद करना चाहती है। कहा कि इन काले कानूनों के विरोध में हाड़ कंपा देने वाली ठंड में भी देश के अन्नदाता सड़क पर हैं। आंदोलन में दो दर्जन से अधिक किसान अब तक जान गंवा चुके हैं।
बावजूद इसके, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के मंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन कानूनों को वापस लेने के बजाय सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग कर किसानों के खिलाफ किसानों को खड़ा करने का अभियान चला रहे हैं। कहा कि सपा के कार्यकर्ता इस अभियान को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वह 25 दिसंबर को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता चौपाल में शामिल होकर किसानों का साथ दें।