रामनगर। लंबे समय से जलजमाव का दंश झेल रहे रत्तापूर के लोगों का धैर्य सोमवार को जवाब दे गया। सोमवार को नगरपालिका कार्यालय खुलने से पहले ही पालिका परिसर में धरना शुरू कर दिया।
श्याम सेठ के नेतृत्व में पालिका पहुंचे लोगों का कहना था कि रत्तापूर के नागरिक नारकीय जीवन जीने के लिए मजबूर हैं। पूरा रत्तापूर पानी मे डूब रहा है लेकिन कोई सुध लेने वाला नहीं है। नाला अधूरा पड़ा है जिसे बनवाने की मांग लंबे अरसे से की जा रही है। लेकिन न तो पालिका प्रशासन और न ही किसी जनप्रतिनिधि के कानों में जूं रेंग रहा है। जब संबंधित लोगों तक समस्याओं की जानकारी पहुंचाई जाती है तब आश्वासन देकर टरका दिया जाता है। काफी देर तक चले धरने के बाद एस एम पंचम और प्रभारी अधिशासी अधिकारी महेंद्र श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। उन्होंने धरनारत लोगों को आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के अंदर नाले का निर्माण करा दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य समस्याओं के त्वरित निवारण का हर संभव प्रयास किया जाएगा। इसके बाद धरना समाप्त किया गया। प्रदर्शन में श्री नारायण द्विवेदी, विशाल सोनकर, धीरेंद्र सिंह, रेशमा, रेनू, लालमणि देवी, सविता देवी, दीपक मौर्य, देवानंद चौहान, महानंद चौहान, रवि सोनकर, राकेश सेठ, दीपक चौहान, सुनील चौहान, नानक प्रसाद सेठ आदि शामिल थे।