न्यायालय परिसर के बाहर ज्योति सिंह ने मीडिया से बातचीत में पवन सिंह की लगातार गैरमौजूदगी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि न्यायालय बार-बार उन्हें उपस्थित होने के लिए बुला रहा है, लेकिन वह आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं। ज्योति ने आरोप लगाया कि पवन सिंह अपने पद और पैसे की ताकत के बल पर उन्हें परेशान कर रहे हैं। उन्होंने सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक बेटी लंबे समय से न्याय के लिए भटक रही है, लेकिन उसकी परेशानी किसी को दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने पवन सिंह के सार्वजनिक पद की गरिमा का ध्यान नहीं रखने का भी आरोप लगाया।
ज्योति सिंह ने कहा कि सरकार बेटी को आगे रखकर चुनाव लड़ने की बात करती है, लेकिन एक बेटी लंबे समय से न्याय के लिए भटक रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस व्यक्ति को इतना बड़ा सार्वजनिक पद मिला है, क्या वह उसकी गरिमा का ध्यान नहीं रख सकता? उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी परेशानी न तो सरकार को दिखाई दे रही है और न ही उनके पति को।
छह मार्च 2018 को हुई थी शादी, आरा में तलाक की अर्जी
भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह ने छह मार्च 2018 को बलिया शहर के मिड्ढी निवासी रामबाबू सिंह की पुत्री ज्योति सिंह से शादी की थी। शादी के बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पवन सिंह ने बिहार के आरा स्थित पारिवारिक न्यायालय में तलाक की अर्जी दाखिल की। इसके बाद ज्योति सिंह ने 22 अप्रैल 2022 को बलिया फैमिली कोर्ट में अंतरिम भरण-पोषण की याचिका दाखिल की। उन्होंने मुकदमे के निस्तारण तक दो लाख रुपये प्रतिमाह भरण-पोषण की मांग की थी।
ज्योति सिंह ने अपनी शिकायत और न्यायालय में दिए गए आवेदन में पवन सिंह पर मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न, मारपीट और गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही विवाद शुरू हो गया था और उन्हें मायके लौटना पड़ा। इन आरोपों पर अंतिम न्यायिक निर्णय नहीं हुआ है। दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने के लिए अदालत ने काउंसिलिंग भी कराई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।