मुंबई एयरपोर्ट पर एक यात्री अपना बोर्डिंग पास लेकर इंडिगो के विमान में सवार हुआ और अपनी तय सीट पर पहुंचा तो वहां पहले से कोई बैठा था। जब विमान टर्मिनल से रनवे पर पहुंची तब इसकी जानकारी होते ही खलबली मच गई।
मुंबई से वाराणसी पहुंची इंडिगो के विमान में अजब-गजब मामला सामने आया। मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल से रनवे तक पहुंचे विमान में क्रू मेंबर को लगा कि एक यात्री अधिक सवार है तो उसे दोबारा टर्मिनल तक जाकर विमान ने छोड़ा। इसके बाद विमान ने यात्रियों को लेकर उड़ान भरी।
विज्ञापन
यात्रियों ने खूब ली चुटकी
इस घटना के चलते विमान के यात्रियों को फजीहत का सामना करना पड़ा। लगभग एक घंटे तक विमान यात्रियों ने इसकी शिकायत इंडिगो की वेबसाइट और एक्स पर जाकर की। कई यात्रियों ने चुटकी भी ली है।
यह है मामला
मुंबई से वाराणसी की यात्रा करने वाले यात्रियों के अनुसार एक यात्री अपना बोर्डिंग पास लेकर इंडिगो के विमान 6ई 6543 में सवार हुआ। तय सीट पर पहुंचा तो वहां पहले से यात्री बैठा हुआ था। टर्मिनल से विमान छूटकर रनवे पर पहुंचने वाला ही था कि क्रू मेंबर ने यात्री को अपनी सीट पर बैठने का आग्रह किया। इस पर यात्री ने कहा कि कैसे बैठे, यहां तो कोई और यात्री बैठा है। इस बीच मामला सामने आते ही क्रू मेंबरों में हलचल मच गई।
विज्ञापन
आनन-फानन विमान को दोबारा टर्मिनल पर लाया गया। उक्त दूसरे यात्री को उतारने के बाद विमान ने सुबह 8.41 बजे मुंबई से उड़ान भरी और सुबह 10.30 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचा। वहीं, इंडिगो विमान कंपनी ने इस असुविधा पर खेद जताया है। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने इस तरह की किसी भी जानकारी या शिकायत पर अनभिज्ञता जाहिर की है।