प्रमारी स्कूल में प्रधानी का वोटिंग करने जाते लोग
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में वोट डलवाने को लेकर हल्की झड़प के बीच त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान सुबह सात बजे से शुरू किया गया। सुबह नौ बजे तक 9 प्रतिशत मतदान हुआ है। सुबह सात बजे से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें दिख रही हैं।
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच शुरू हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर एक तरफ जहां चुनाव आयोग काफी सतर्क है तो वहीं प्रशासन ने भी कोरोना और शांतिपूर्वक मतदान कराने को लेकर पहले से ही पूरी तैयारी की है। लेकिन मतदान केन्द्र पर भीड़ के चलते कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं हो पा रहा है।
त्रिस्तरीय पंचायत के लिए 8 विकास खंडों के 850 मतदान केंद्रों के 2591 बूथों पर वोटिंग जारी है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मास्क लगाकर लाईन में खड़े होकर मतदाता अपनी बारी का इंतजार करते रहे। सुरक्षा में लगे पुलिस के जवान सभी मतदाताओं से मास्क व दो गज की दूरी बनाकर खड़े होने का संदेश देते नजर आए।
वहीं मतदान केंद्र पर मतदान करने पहुंचे मेहंदी गंज के विनोद पटेल ने बताया कि कोरोना से बचना भी है व मतदान करना जरूरी है। सुबह भीड़ कम रहती है और आसानी से मतदान भी हो जाता है। आठों ब्लाकों के 694 गांव में वोटिंग जारी है। सेवापुरी ब्लाक के इसरवार गांव में वोट डलवाने को लेकर हल्की झड़प हुई। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। पंचायत के सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा ने बताया कि सुबह 9 बजे तक 9 प्रतिशत मतदान हुआ।