फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कान्हा की भक्ति में रंगी भोले की नगरी

Sun, 06 Sep 2015 02:36 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
विज्ञापन
भोले की नगरी काशी में शनिवार की रात गोकुल की झलक मिली। कहीं नंदगांव तो कहीं मथुरा की जेल रूपी झांकियों में कान्हां के जन्म की बधाइयां किसी उत्सव से कम नहीं थीं। बाबा काशी विश्वनाथ के दरबार से लेकर गोपाल मंदिर तक जन्मोत्सव की झांकियां सजाई गईं और उन क्षणों को यादगार बनाने की कोशिश की गई। भादों कृष्ण पक्ष की अष्टमी की रात ठीक 12 बजे घंटे-शंखनाद के बीच खीरे से भगवान कृष्ण को प्रगट कराया गया। इसी के साथ नृत्य,गायन, वादन की त्रिवेणी भी खूब बही और भक्तों ने गोते लगाए।
विज्ञापन


काशी में शनिवार को मिले अनूठे संयोग के चलते अरसा बाद संतों, गृहस्थों ने एक साथ मिलकर भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव की झांकियां सजाई। अष्टमी के साथ रात में रोहिणी नक्षत्र मिलने से ऐसा हो सका। कहीं कलात्मक तरीके से गुफाएं तैयार की गईं तो कहीं गोवर्धन पर्वत का रूप दिया गया। रूई के अलावा लकड़ी के रंगे-बिरंगे बुरादों से कंस दरबार और मथुरा नगरी की डिजाइन बनाई गई। संतरी, पहरेदार, गोप, गोपियों के अलावा तरह-तरह के खिलौने भी झांकियों में जन्मोत्सव की छटा निखारने के लिए सजाए गए थे। विश्वनाथ मंदिर परिसर स्थित सत्यनारायण मंदिर में कृष्ण जन्मोत्सव की झांकी पुजारियों,सेवादारों

ने सजाई। फूलों, हरी पत्तियों से मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया था। चौखंभा स्थित गोपाल मंदिर में दोपहर 12 बजे मुकुंद राय और गोपाल लाल के तिलक के दर्शन के लिए वैष्णवों की भीड़ उमड़ पड़ी। शाम साढ़े सात बजे उत्थापन के दर्शन हुए। रात साढ़े आठ बज संध्या आरती में भी बच्चों-महिलाओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। षष्ठपीठाधीश्वर श्याम मनोहर महाराज, प्रियेंदु बाबा की मौजूदगी में बधाई संकीर्तन हुआ। रात 11 बजे ठाकुर गिरिराज जी का दुग्धाभिषेक और
विज्ञापन


तिलक कराया गया। इसके बाद जन्मोत्सव की धूम मची। अष्टछाप की मंडली ने कीर्तन किया। बांसफाटक स्थित सत्यनारायण मंदिर, हनुमान मंदिर, साक्षी विनायक समेत शहर के अन्य मंदिरों में फूलों से सजी नयनाभिराम झांकियों के दर्शन के लिए शाम से ही रेला उमड़ पड़ा था। रात को भजनों, गीतों और नृत्य नाटिकाओं से जन्मोत्सव के मौके को संगीतमय बनाया गया। पुलिस लाइन के अलावा शहर के सभी थाना परिसरों को फूलों, पत्तियों और रंग-बिरंगी लतरों से सजाया गया। 
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें