सारनाथ/चौबेपुर। चौबेपुर थाना क्षेत्र के संदहा गांव ताल में स्थित देशी शराब के ठेके के दो सेल्समैन पर शनिवार की देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने फायर झोंक दिया। जिसके चलते एक सेल्समैन की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर अवस्था में घायल हो गया। घटना रात लगभग 12.15 की है। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश बाइक से भाग निकले। घटना के पीछे ठेका बंद होने के बाद शराब का और पानी का न देना बताया गया है। मौके से पुलिस को 32 बोर के दो खोेखे और एक मोबाइल मिला है।
सारनाथ क्षेत्र के दामोदरपुर निवासी अशोक कुमार गुप्ता का संदहा गांव ताल में देशी शराब का ठेका है। सीओ पिंडरा परमहंस मिश्र के अनुसार ठेका बंद कर चंदौली के कमालपुर निवासी सेल्समैन रमाकांत यादव (30) और दामोदरपुर निवासी शिवचंद मौर्या (47) घर निकलने वाले थे। उसी दौरान नशे में धुत तीन बदमाश दोनों सेल्समैन से ठेका खोलकर शराब और पानी देने का दबाव बनाने लगे। दोनों सेल्समैन ने जब शराब और पानी देने से इंकार तो किया तो तीनों बदमाश उनसे उलझ गए। इसी दौरान एक बदमाश ने
पिस्टल निकालकर दोनों सेल्समैन पर ताबड़तोड़ गोली चलाई। गोली लगते ही रमाकांत यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि शिवचंद मौर्या गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस दोनों को दीनदयाल अस्पताल लेकर आई। जहां चिकित्सकों ने रमाकांत यादव को मृत घोषित कर दिया, वहीं शिवचंद की हालत गंभीर बताई गई है। सीओ पिंडरा ने कहा कि पुलिस टीमों को आरोपियों की धरपकड़ के लिया लगा दिया गया है, जल्द ही तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।