बीएचयू व स्वीप के तत्वावधान में शनिवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें स्वयंसेवकों ने विश्वविद्यालय परिसर में पदयात्रा निकाली और अस्सी घाट पर मानव श्रृंखला बनाकर लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया। रैली विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से प्रारंभ होकर महिला महाविद्यालय चौराहा, मधुबन चौराहा, कला संकाय चौराहा, वाणिज्य संकाय तक गई।
वहीं, शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित कराने के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना भवन में बीएचयू के पांचों मतदान केंद्रों के बूथ लेवल अधिकारियों के साथ बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता डॉ बाला लखेंद्र ने की। उधर, वेस इंडिया की ओर से शनिवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने खुद मतदान करने के साथ ही अपने परिवार, रिश्तेदारों व आस पास के लोगों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
अग्रसेन युवा मंच ने शनिवार को देश हित में जरूरी मतदान अभियान के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में अंकित गर्ग ने सभी सदस्यों से मतदान के दिन सभी कार्य छोड़ मतदान करने की अपील की। हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को मतदाता जागरूकता के लिए मैदागिन चौराहे पर दीपोत्सव का आयोजन हुआ। इसके माध्यम से लोगों को सात मार्च को घर से निकल कर मतदान करने की अपील की गई।