Varanasi News: गैस की किल्लत के बीच वाराणसी जिले में पुलिस ने बंद पेट्रोल पंप पर छापा मार कर मौके से 230 से ज्यादा कमर्शियल गैस सिलिंडर बरामद किए हैं। जिसमें 180 भरे थे।
एलपीजी गैस की किल्लत के बीच कैंट थाना क्षेत्र के चौकाघाट में बंद पड़े पेट्रोल पंप की बिल्डिंग में गैस सिलिंडरों का बड़ा भंडार पकड़ा गया। पुलिस ने छापा मार कर मौके से 230 से ज्यादा कमर्शियल गैस सिलिंडर बरामद किए। जिसमें 180 भरे थे। मामले में अवैध सप्लाई की आशंका जताई जा रही है और जांच जारी है।
विज्ञापन
कैंट थाना क्षेत्र के चौकाघाट स्थित बंद पड़े सभरवाल ब्रदर्स पेट्रोल पंप की बिल्डिंग में अवैध रूप से गैस सिलिंडर रखे होने की सूचना पुलिस को मिली थी। इस पर पुलिस ने छापा मारा। शुरुआती जांच में मामला अवैध भंडारण और सप्लाई से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौके पर मौजूद एजेंसी से जुड़े कुछ लोगों ने दावा किया कि वाहन खराब होने के कारण सिलिंडर अस्थायी रूप से यहां उतारे गए थे, लेकिन पूर्ति विभाग और पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही संबंधित लोग मौके से हट गए।
बरामद सिलिंडर मिर्जापुर जनपद के अदलहाट स्थित एक गैस एजेंसी से जुड़े हो सकते हैं। मौके पर पहुंचे कैंट एसीपी अपूर्व पांडेय, प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा और जिला आपूर्ति अधिकारी ने मिर्जापुर के पूर्ति निरीक्षक को सत्यापन के लिए बुलाया है।
पूर्ति निरीक्षक प्रदीप शुक्ला ने बताया कि सिलिंडरों की गिनती कराई जा रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बरामद सिलिंडर संबंधित गैस एजेंसी के ही हैं या नहीं। फिलहाल मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ जारी है।