वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस अब बॉडी वार्न कैमरे से लैस होकर सड़कों पर उतरेगी। यह कैमरा सारी गतिविधियों को रिकार्ड करेगा। कमिश्नरेट में कुल 70 कैमरे इस तरह के मंगवाए जा रहे हैं। हालांकि 10 कैमरे आ चुके हैं और उन्हें ट्रायल के तौर पर चौकी प्रभारियों को दिया गया है। अब तक इस तरह के कैमरे ट्रैफिक पुलिस और जीआरपी में हैं।
ऐसा अमूमन सुनने और देखने को मिलता है कि दो पक्षों के विवाद या फिर किसी वांछित के घर दबिश देने पुलिस जाती है तो परिजन उलझ जाते हैं। पुलिस पर कई तरह के आरोप लगते हैं। सही होते हुए भी पुलिस पर सवाल उठने लगते हैं। इन्हीं सब कारणों को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने सभी चौकी प्रभारियों को बॉडी वार्न कैमरे से लैस करने का फैसला लिया।
चौकी प्रभारी अपने कंधे पर कैमरे लगाकर घटनास्थल पर जाएंगे। कमिश्नरेट में कुल 66 चौकी प्रभारियों को बॉडी वार्न कैमरे दिए जाएंगे। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के अनुसार चौकी प्रभारी अपने कंधे पर बॉडी वार्न कैमरे लगाएंगे और स्पाट पर पहुंचते ही उसे आन करेंगे। सेल्फ रिकॉर्डिंग और नाइट विजन कैमरा रात में भी काम करेगा।