कोलकाता के बड़ी बाजार निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने साल 2010 में दरोगा मिथलेश सिंह के बगल में मड़ौली में जमीन खरीदी थी। इसी जमीन पर धर्मेंद्र मकान निर्माण करा रहे थे। मानक के विपरीत निर्माण होने पर वीडीए ने कुछ दिन पहले मकान को सील कर दिया था।
धर्मेंद्र सिंह ने जुर्माना जमा कराकर वीडीए से सील हटवा लिया और निर्माण फिर से कराने लगा। इस बात का मिथिलेश ने विरोध किया। वहीं, इस मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जुर्माना भर दिया गया है। पुलिस के मांगने पर धर्मेंद्र इससे जुड़े कागजात लेकर चौकी पर पहुंचा।
आरोप है कि मिथलेश सिंह मौके पर निर्माण नहीं होने देना चाहता था, ऐसे में वह बेटे आशुतोष, आनंद, बेटी अन्नु सिंह, पत्नी किरन सिंह और अन्य के साथ लाठी-डंडे लेकर चौकी पर पहुंच गया। मामले की सुनवाई के दौरान मिथलेश को लगा कि चौकी प्रभारी की मदद से सील खुलवाई गई है। जिसके बाद मिथलेश और उसके परिवार वालों ने मिलकर चौकी प्रभारी पर हमला कर दिया। बीचबचाव में आए दो-तीन पुलिसकर्मी और धर्मेंद्र के भतीजे आर्यन और ड्राइवर कृष्णा की भी पिटाई की गई।