आम जनता की मांग पर वाराणसी के रामघाट स्थित वल्लभ राम शालिग्राम मेहता अस्पताल में ओपीडी की शुरुआत हो गई। इससे रामघाट सहित आसपास के मुहल्लों के हजारों बाशिंदों को दवा-इलाज में सहूलियत हुई है।
बुधवार को डीएम योगेश्वर राम मिश्र, सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने नारियल फोड़कर ओपीडी सेवा का शुभारंभ किया। इसके साथ ही, टाउनहाल में संचालित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को इसी अस्पताल में संबद्ध कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से रामघाट स्थित मेहता अस्पताल को मल्टी स्पेशियलिटी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में अपग्रेड करने की तैयारी है। राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी के पहल पर अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने को लेकर पहले 22 मार्च को सीएमओ और फिर दो अप्रैल को डीएम ने दौरा किया था।
शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में गंगा किनारे बने इस 80 बेड वाले अस्पताल में चौक, कोतवाली, आदमपुर, दशाश्वमेघ, पक्का महाल, सिद्धेश्वरी, पट्टी टोला आदि इलाकों के मरीज इलाज के लिए आते हैं।
सीएमओ ने बताया कि पहली मंजिल पर 40 बेड के वार्ड के साथ एलोपैथ, होमियोपैथ, आयुर्वेद, दंत चिकित्सा विभाग तथा फि जियोथेरेपी के साथ ही दूसरी मंजिल पर 40 बेड का महिला वार्ड भी है।
बताया कि अस्पताल को मल्टी स्पेशियलिटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में अपग्रेड करने के लिए जल्द शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।