कुलपति प्रो. राकेश भटनागर
- फोटो : अमर उजाला
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के अस्पताल में छात्रों को पहले की तरह नि:शुल्क ओपीडी की सुविधा मिलेगी। इसके लिए ओपीडी ओपन रजिस्ट्रेशन को नि:शुल्क कर दिया गया है। इसके बाद छात्र ओपीडी में पहले की तरह ही निःशुल्क इलाज करा सकेंगे। विश्वविद्यालय की ओर से जानकारी शीघ्र ही वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
बीएचयू में महामना पंडित मदनमोहन मालवीय को लेकर दिए गए बयान को लेकर जारी एक ऑडियो पर कुलपति प्रोफेसर राकेश भटनागर ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि महामना मालवीय द्वारा स्थापित बीएचयू मेरी कर्मभूमि है और इसकी सेवा के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य कर रहा हूं।
कुलपति ने कहा है कि महामना प्रेरणास्रोत हैं और उनके आदर्शों और मूल्यों का पालन भी करता हूं। उनकी अवमानना का विचार किसी के मन में आ नहीं सकता। महामना के बारे में मेरे कथन से किसी को गलतफहमी हुई हो या भावना आहत हुई हो तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और पीड़ादायक है।
कोरोना काल में भी छात्र, शिक्षक, कर्मचारी राष्ट्र की सेवा में लगे हैं। छात्रों से यही अपील है कि वह महामना के आदर्शों के अनुरूप ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करें। उन्होंने विश्वास दिलाया है कि छात्र हित विश्वविद्यालय का प्रमुख दायित्व है।