पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एमडी विद्या भूषण केे आदेश पर 21 जिलों के बकाएदार सरकारी कार्यालयों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान एक हजार से अधिक कार्यालयों की बिजली काटी गई। इससे सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मच गया है। अब तक सरकारी कार्यालय बजट का हवाला देकर इससे बचते रहे हैं। अब शासन ने इनसे भी बकाया वसूली के निर्देश दिए हैं।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निदेशक वाणिज्य का कार्य देख रहे ओएसडी ओपी दीक्षित ने बताया कि 21 जिलों में अभियान चलाने का निर्देश आया था। जो कि कई दिनों से चल रहा है। सभी जिलों से रिपोर्ट मंगाई जा रही है। तकरीबन एक हजार से अधिक कनेक्शन काटे गए हैं। केवल अस्पताल और पेयजल विभाग से जुड़े कार्यालयों को छूट देने का निर्देश दिया गया। सरकारी विभागों और कार्यालयों को निर्देश दिया गया है कि बकाया पैसा जमा कर कनेक्शन चालू कराएं। इस दौरान कई विभागों ने ऑनलाइन पैसे जमा करवाए और कनेक्शन चालू कराए गए।
-------------------
जिलेवार कटे कनेक्शन
बलिया में 516, जौनपुर में 132, सोनभद्र में 77, भदोही में 22, मुगलसराय में 9, आजमगढ़ में 3, मऊ में 3, वाराणसी में 60 कार्यालयों के कनेक्शन कटे।
60 सरकारी कार्यालयों की बिजली काटी
जिले में 60 सरकारी विभागों के कनेक्शन काटे गए। इनमें प्राइमरी स्कूल, सिंचाई विभाग, सीएमओ कार्यालय, बीडीओ कार्यालय की बिजली काटी गई। सबसे अधिक कनेक्शन प्राइमरी स्कूल के काटे गए। फायर ब्रिगेड और अस्पतालों को नोटिस दिया गया। एक सप्ताह के अंदर बिल भुगतान नहीं करने पर कनेक्शन काट दिया जाएगा। एमडी ने बताया कि सरकारी विभागों पर कई वर्षों से करोड़ रुपये का बिल बकाया है। बार बार नोटिस देने के बाद भी भुगतान नहीं हो रहा था। इसके अलावा पांच किलो वाट के ऊपर के 30 बकायेदारों की बिजली काटी गई। अधीक्षण अभियंता द्वितीय दीपक अग्रवाल ने बताया कि पीडब्ल्यूडी, बीएसएनएल के कनेक्शन काटे गए थे। सीएमओ कार्यालय की ओर से पैसा जमा कराने के बाद कनेक्शन चालू कराया गया। यह अभियान आगे भी चलता रहेगा। मानसिक अस्पताल की ओर से भी पैसा जमा कराया गया है।