फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरें : युवक की मौत पर हत्या का आरोप, लॉर्ड विश्वेश्वर मामले में सुनवाई आज

Tue, 26 Nov 2024 05:17 AM IST
वाराणसी ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News : वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र स्थित एक गांव में युवक की लाश मिलने के बाद उसके भाई ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, सिविल जज सीनियर डिविजन (फास्ट ट्रैक) युगल शंभू की कोर्ट में मंगलवार को वर्ष 1991 के लॉर्ड विश्वेश्वर के वाद की सुनवाई होनी है। आइए जानते हैं अन्य खबरें
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मिर्जामुराद के मोंगलाबीर गांव के ताल स्थित बाहा पर मिले युवक के शव के मामले में उसके भाई ने ससुराल के लोगों के ऊपर हत्या का आरोप लगाकर मिर्जामुराद थाने में तहरीर दी है। उधर, पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के अनुसार युवक ने चूहा मारने वाली दवा खाई थी।

विज्ञापन


अमिनी गांव निवासी विनोद पटेल (35) मोंगलाबीर गांव में अपने ससुराल आया था। उसका शव रविवार को मोंगलाबीर गांव के ताल स्थित बाहा पर मिला था। सोमवार को विनोद का भाई रमेश पटेल ग्रामीणों के साथ मिर्जामुराद थाने गया। उसने विनोद के ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों के खिलाफ तहरीर दी। रमेश ने कहा कि शनिवार को विनोद अपनी पत्नी के भाई की शादी के बाद चौथी कार्यक्रम में शामिल होने अपनी ससुराल गया था। वहां चार रिश्तेदारों के साथ झगड़ा हुआ। 

लॉर्ड विश्वेश्वर सहित दो मुकदमों की सुनवाई आज 
सिविल जज सीनियर डिविजन (फास्ट ट्रैक) युगल शंभू की कोर्ट में मंगलवार को वर्ष 1991 के लॉर्ड विश्वेश्वर के वाद की सुनवाई होनी है। इस वाद के वादी रहे सोमनाथ व्यास के निधन के बाद उनके भतीजे योगेंद्र व्यास के पक्षकार बनने की अर्जी पर सुनवाई होनी है।
विज्ञापन


पिछली तिथि पर लॉर्ड विश्वेश्वर के वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी की ज्ञानवापी में अतिरिक्त सर्वे से संबंधित अर्जी खारिज होने के बाद अब अन्य अर्जियों पर सुनवाई होनी है। इसके अलावा सिविल जज सीनियर डिविजन हितेश अग्रवाल की कोर्ट में मंगलवार को ज्ञानवापी में पूजा-पाठ और राग-भोग सहित अन्य मांगों से संबंधित अर्जेंट वाद की सुनवाई होनी है। 

तहसील बार एसोसिएशन राजातालाब के चुनाव के लिए नामांकन शुरू
तहसील बार एसोसिएशन राजातालाब के वार्षिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई। सोमवार को पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशियों ने नामांकन किया। अध्यक्ष पद पर राजेश कुमार सिंह और चंद्रशेखर उपाध्याय ने पर्चा भरा। महामंत्री पद पर संतोष कुमार चौबे व कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर संजय कुमार वर्मा ने नामांकन किया। चुनाव समिति के सदस्य दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 27 नवंबर तक चलेगी। 6 दिसंबर को मतदान और 7 दिसम्बर को मतगणना होगी। 

एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन और सदस्य मनोनीत
सेंट्रल बार एसोसिएशन ने दिसंबर में होने वाले वर्ष 2025 के वार्षिक चुनाव को संपन्न कराने के लिए एल्डर्स कमेटी का चेयरमैन विजय नरायन सिंह उर्फ लल्लू बाबू और सदस्य सभाजीत सिंह, विजय शंकर लाल श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार पाठक व झारखंडेय सिंह मनोनीत किया है। इसके अलावा विशेष आमंत्रित सदस्य बिंध्याचल चौबे, श्याम बिहारी सिंह, मोहन यादव, महफूज आलम व ब्रजेश कुमार मिश्र को मनोनीत किया गया है। यह जानकारी सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुरलीधर सिंह और महामंत्री सुरेंद्र नाथ पांडेय ने दी है। 

करोड़ों के गबन के मामले में मिली अग्रिम जमानत
धोखाधड़ी करते हुए बिजली विभाग के ठेकेदार के खंभे और केबल देने के नाम पर करोड़ों रुपये हड़पने की आरोपी लंका की खुशबू सिंह की अग्रिम जमानत अर्जी अदालत ने स्वीकार कर ली। फास्ट ट्रैक कोर्ट (द्वितीय) सुनील कुमार की अदालत ने खुशबू सिंह को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की दशा में एक-एक लाख रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया है।

दहेज हत्या के आरोपी मां-बेटा जेल गए
सारनाथ के खालिसपुर स्थित ससुराल में फंदा लगाकर जान देने वाली विवाहिता के मामले में सारनाथ पुलिस ने दहेज हत्या के आरोप में उसके पति राधेश्याम यादव और सास नागेश्वरी देवी को सोमवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

बीते शुक्रवार को खालिसपुर स्थित एक मकान में आंचल यादव (25) फंदा लगाकर जान दे दी थी।  आंचल यादव के पिता गाजीपुर के सादात थाने के सरदरपुर निवासी सुरेश यादव ने पति राधेश्याम यादव, जेठ राजेश यादव व संतोष यादव, सास-ससुर और दो जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया था। 

चोरी करते हुए पुलिस ने पकड़ा 
अशोक नगर तिराहा (पहड़िया) स्थित एक मिठाई की दुकान में चोरी करते हुए एक चोर को पुलिस ने शनिवार की रात साढ़े तीन बजे पकड़ा। दुकानदार राजकुमार यादव ने सारनाथ थाने में तहरीर दी। चंदौली जिले के बलुआ थाने के चकियाटाड़ा निवासी राजकुमार यादव की मिठाई की दुकान अशोक नगर तिराहा पर है। सारनाथ थानाध्यक्ष विवेक कुमार त्रिपाठी रात में गश्त करते हुए पहुंचे तो उन्हें दुकान में खट-खट की आवाज सुनाई दी। आरोपी की पहचान भागौल, पश्चिम बंगाल निवासी सेनाउल शेख के रूप में हुई। वह दनियालपुर, पुरानपुल में किराये के मकान में रहता था। 

एटीएम कार्ड बदलकर 55 हजार रुपये उड़ाए
फूलपुर थाना क्षेत्र के कुआर बाजार निवासी विजय कुमार गुप्ता का सोमवार को एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से जालसाज ने 55 हजार रुपये निकाल लिए। मेसेज आने पर उन्हें जानकारी हुई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। 

युवक के शव की नहीं हो सकी पहचान
चितईपुर इलाके में रविवार की सुबह नाले में मिले 35 वर्षीय युवक के शव की पहचान सोमवार को भी नहीं हो पाई। पुलिस घटनास्थल के समीप लगे सीसी कैमरे की फुटेज से संदिग्ध गतिविधियों वाले कुछ लोगों की तलाश शुरू की है। चितईपुर थाने की पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के समीप स्थित मिठाई की एक दुकान के कुछ मजदूर रविवार की रात से गायब हैं। उनके बारे में पता लगा कर उन तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। 

चोरी की बाइक के साथ एक गिरफ्तार
हरहुआ सब्जी मंडी तिराहे के पास चोरी की बाइक, 2510 रुपये और एक मोबाइल के साथ जौनपुर जनपद के जरारी कुसुमी गांव निवासी सोनू यादव को बड़ागांव थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में सोनू यादव ने बताया कि बीते 24 अक्तूबर को हरहुआ सब्जी मंडी और 9 नवंबर को वाजिदपुर सब्जी मंडी से एक-एक बाइक चुराई थी। 

मारपीट कर दी जान से मारने की धमकी
बड़ागांव बाजार में एक दुकान पर चाय पी रहे युवक को उसी के गांव के मनबढ़ ने मारपीट कर घायल कर दिया। लोगों को एकत्रित होते देख युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। घटना के संबंध में बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। रामनगर गांव निवासी मनोज कुमार पांडेय ने पुलिस को बताया कि  पवन पांडेय ने उन्हें मारपीट कर घायल दिया। 

वीडीए ने एक ध्वस्त और चार निर्माण सील किए
वीडीए की ओर से एक अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई गई।  शिवपुर वार्ड में चतुर्भुज सिंह की ओर से कोईराजपुर में दो बीघे में अवैध प्लाॅटिंग की जा रही थी। इसे ध्वस्त कराया गया। उधर भेलूपुर में प्रवर्तन टीम ने अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया। नेवादा सुंदरपुर में विरेंद्र कुमार सिंह के अवैध निर्माण, सामनेघाट पुल के नीचे गंगा नदी के 200 मीटर दायरे में प्रदीप यादव के अवैध निर्माण, पीतांबरपुर सोनारपुरा में सत्यदेव कुशवाहा के अवैध निर्माण, बाघहाड़ा सोनारपुरा में वर्दी पद्माकर के अवैध निर्माण को सील कराया गया। 

अमेरिका में रहने वाले युवक ने लगाई मदद की गुहार
अमेरिका में रहने वाले सरायगोवर्धन, चेतगंज निवासी आयुष जायसवाल ने एक्स पर पोस्ट कर कमिश्नरेट के पुलिस अफसरों से मदद की गुहार लगाई है। आयुष के अनुसार उनके पिता 64 वर्षीय राजेंद्र जायसवाल को परेशान किया जा रहा है। मलदहिया स्थित उनकी दुकान पर अवैध तरीके से कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस से गुहार लगाने पर भी सुनवाई नहीं हो रही है। सिगरा थाने की पुलिस को 24 नवंबर की देर रात प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। 

काॅमन सर्विस सेंटर में ताला, ग्रामीणों ने किया हंगामा
चांदपुर के पंचायत भवन में बने काॅमन सर्विस सेंटर में ताला लगा था। ग्रामीण राशन कार्ड, शौचालय, आय और जाति प्रमाणपत्र के लिए आवेदन करने पहुंचे। यहां ताला बंद देख ग्रामीण मोती सोनकर, कुलदीप सिंह,लखन राम,पांचू यादव, चंचला यादव, प्रधान के घर पहुंचकर हंगामा करने लगे। ग्राम प्रधान संतारा देवी ने फोन कर एडीओ पंचायत कमलेश कुमार सिंह से जानकारी ली। 

पोखरे में डाला जहरीला पदार्थ, मछलियां मरीं
चौबेपुर के लटौनी गांव के शिव मंदिर पोखरे में रविवार की रात किसी ने जहरीला पदार्थ डाल दिया। मछली पालन करने वाले के अनुसार पोखरे में जहर डालने से डेढ़ लाख रुपये की मछलियां मर गई हैं। रामधनी ने घटना के संबंध में चौबेपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। 

ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से सात साल के बच्चे की मौत
लोहता के हरपालपुर की दलित बस्ती में सोमवार की सुबह बालू लादे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लेकर चालक धमरिया निवासी अंजिल को गिरफ्तार कर लिया।

लोहता थाना क्षेत्र के हरपालपुर की दलित बस्ती में सात वर्षीय शिवांश सड़क के किनारे खेल रहा था। इस दौरान वह सड़क से जा रहे बालू लादे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। हादसे में शिवांश की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर रोक कर ड्राइवर को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। शिवांश अपनी मां सीमा के साथ नाना के घर पर हरपालपुर में रहता था। उसका घर राजातालाब थाना क्षेत्र के मातलदेई में है। नाना गुलाबचंद्र की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। 

ऑटो और बाइक की टक्कर में युवक की मौत
सेवापुरी के जंसा थाना क्षेत्र के जलालपुर (झबरा) के समीप वाराणसी-भदोही मार्ग पर रविवार की देर रात एक बाइक और ऑटो में जोरदार टक्कर हुई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हुआ है। ऑटो चालक और उसमें सवार युवक को मामूली चोट लगी है।कपसेठी थाना क्षेत्र के लोहराडीह गांव निवासी विशाल शर्मा (28) और ऋतिक शर्मा बाइक से रविवार की देर रात शादी समारोह से वापस घर जा रहे थे। जलालपुर (झबरा) गांव के समीप उनकी बाइक और ऑटो में जोरदार टक्कर हो गई।

निबंधन मित्र न नियुक्त किए जाएं अधिवक्ताओं ने की नारेबाजी
प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार दिलाने के उद्देश्य से रजिस्ट्री और प्रॉपर्टी संबंधी दस्तावेज तैयार करने के लिए निबंधन मित्र नियुक्त करने की तैयारी में है। इसके विरोध में सोमवार को सिविल कोर्ट के अधिवक्ता मुखर हुए। अधिवक्ता सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन देने जा रहे थे। इस पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसे लेकर अधिवक्ताओं ने स्टांप पंजीयन मंत्री रवींद्र जायसवाल के खिलाफ नारेबाजी की।

अंतत: एसीपी कैंट विदुष सक्सेना ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अधिवक्ताओं से लिया और उन्हें समझा-बुझाकर वापस लौटाया। अधिवक्ता अनूप कुमार सिंह का कहना था कि निबंधन मित्र की नियुक्ति अधिवक्ताओं के हित के विरुद्ध है। निबंधन मित्र की नियुक्ति का प्रस्ताव अधिवक्ताओं के अधिकार को छीनने का प्रयास है। ज्ञापन देने वालों में रवि प्रकाश श्रीवास्तव, ओम शंकर श्रीवास्तव, शशि वर्मा, आलोक पाठक, सहित कई अधिवक्ता शामिल रहे। 

प्रभारी जिला शासकीय अधिवक्ता समेत 15 एडीजीसी का कार्यकाल बढ़ा 
प्रदेश सरकार ने जनपद न्यायालय में प्रभारी जिला शासकीय अधिवक्ता के पद पर कार्यरत अपर जिला शासकीय अधिवक्ता समेत 15 सहायक जिला शासकीय अधिवक्ताओं का कार्यकाल बढ़ा दिया है। प्रदेश सरकार के विशेष सचिव निकुंज मित्तल द्वारा जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र के अनुसार वाराणसी जनपद में कार्यरत अपर जिला शासकीय अधिवक्ता समेत 15 सहायक जिला शासकीय अधिवक्ताओं का कार्यकाल आगामी तीन वर्षों के लिए बढ़ा दिया गया है।

कार्यकाल बढ़ने से सरकारी वकीलों में खुशी की लहर है। कार्यकाल बढ़ने वाले सरकारी वकीलों में अपर जिला शासकीय अधिवक्ता व वर्तमान में प्रभारी जिला शासकीय अधिवक्ता के पद पर कार्यरत मुनीब सिंह चौहान के साथ ही सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता सुलभ प्रकाश, राणा संजीव कुमार सिंह, अपर्णा पाठक, रोहित मौर्य, बिंदू सिंह, मनोज कुमार गुप्ता, राजीव सिन्हा, विनय कुमार सिंह, कैलाश नाथ, ओंकार नाथ तिवारी, प्रमथेश पांडेय, ज्योति शंकर उपाध्याय, मनीष कुमार राय और अशोक कुमार पाठक शामिल हैं। 

नाइट मार्केट के व्यापारियों से वसूली बंद करने की मांग
स्मार्ट सिटी के नाइट मार्केट के व्यापारियों से मनमाने तरीके से किराया और सिक्योरिटी मनी वसूली बंद होनी चाहिए। ये बातें सोमवार को स्मार्ट सिटी नाइट मार्केट में पत्रकारों से कैंट व्यापार मंडल के अध्यक्ष मोहम्मद आजमी और महामंत्री रितु राय ने कही। उन्होंने मांग की कि दुकानदारों का किराया कम हो। सिक्योरिटी मनी के नाम पर जो रकम ली गई उसे वापस किया जाए।

55 से 60 दिन बिजली कटने के कारण हुए नुकसान की भरपाई हो। खाली जमीन पर लाखों रुपये खर्च करके दुकानें बनाई गई हैं। स्मार्ट सिटी ने श्रेया कंपनी से जितने साल का एग्रीमेंट किया है, उतने साल का एग्रीमेंट व्यापारियों का हो। इस मौके पर व्यापार मंडल के योगिता तिवारी, मनीष गुप्ता, संजय निरंकारी, रमेश भारद्वाज, प्रिया अग्रवाल, प्रिंस गुप्ता, राहुल जायसवाल आदि मौजूद रहे। 

बिरसा मुंडा जैसे क्रंातिवीरों पर शोध की जरूरत 
बीएचयू के स्वतंत्रता भवन सभागार में सोमवार को भगवान बिरसा मुंडा जयंती से चल रहे कार्यक्रम का समापन हुआ। विज्ञान संस्थान के प्रो. आरएन खरवार ने कहा कि बिरसा मुंडा ने बहुत ही कम उम्र में आदिवासी समाज में पनपी कुरीतियों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। शिक्षा, संगठन के साथ ही नशा मुक्ति पर काफी जोर दिया। वक्ता राजेश कुमार गौतम ने कहा कि युवाओं को अपने अधिकारों के प्रति सचेत रहने की जरूरत है।

बीएचयू के रेक्टर प्रो. संजय कुमार ने कहा कि सरकार ने इस कार्यक्रम को मनाने की पहल की। इससे जनजातीय समाज को गौरवान्वित महसूस होना चाहिए। अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के संगठन मंत्री अतुल जोग ने कहा कि तिलका मांझी, सिद्धों कान्हु, बिरसा मुंडा की जीवन शैली पर भी शोध की जरूरत है। 

जलवायु परिवर्तन प्रभावित करता है कृषि उत्पादन 
बीएचयू विज्ञान संस्थान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में कृषि और जलवायु विज्ञान से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि विनोद विहारी महतो, कोयलांचल विश्वविद्यालय धनबाद के कुलपति प्रो. रामकुमार सिंह ने कहा कि जलवायु परिवर्तन सीधे तौर पर कृषि उत्पादन को प्रभावित करता है। कृषि उत्पादन का मौसम के बदलाव के साथ गहरा संबंध रहा है। महिमा रिसर्च फाउंडेशन एंड सोशल वेलफेयर एवं कृषि विज्ञान संस्थान के तत्वावधान में कृषि और संबद्ध विज्ञान: जलवायु स्मार्ट कृषि के लिए प्रगति और नवीन दृष्टिकोण विषय पर सम्मेलन हुआ।

प्रो. रामकुमार ने कहा कि कृषि अधिकांश देशों की आर्थिक व्यवस्था की रीढ़ है। भोजन और कच्चे माल के अलावा कृषि बड़ी आबादी को रोजगार के अवसर भी प्रदान करती है। फाउंडेशन की ओर से प्रो. राम कुमार सिंह को लाइफटाइम एचीवमेंट अवाॅर्ड दिया गया। संकाय प्रमुख प्रो. यूपी सिंह को महिमा एक्सीलेंस इन एग्रोनॉमी अवाॅर्ड से सम्मानित किया गया। इस दौरान निदेशक प्रो. एसवीएस राजू, रत्नेश कुमार राव, प्रो. एम रधुरमन, प्रो. पीके शर्मा मौजूद रहे। 

घरेलू हिंसा पुरुषों पर भी डालती है असर
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के शिक्षाशास्त्र विभाग में अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा विरोधी दिवस पर फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। समाज कार्य विभाग के प्रो. संजय ने कहा कि घरेलू हिंसा महिला ही नहीं पुरुषों को भी प्रभावित करती है। ऐसे में इसके रोकथाम के लिए सभी को जागरूक रहने की जरूरत है। शिक्षाशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र राम ने फिल्म के माध्यम से महिलाओं के साथ होने वाली घरेलू हिंसा एवं लिंग आधारित भेदभाव को समझने और भविष्य में एक शिक्षक के रूप उनके दायित्व पर चर्चा की।

कार्यक्रम में इंपॉसिबल ड्रीम और घर की मुर्गी फिल्म की स्क्रीनिंग की गई। कार्यक्रम में एशियन ब्रिज इंडिया के अध्यक्ष मोहम्मद मूसा आजमी,जर्मनी से आईं काटी सिसरेका ने घरेलू हिंसा रोकने को बहुत जरूरी बताया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. रमाकांत सिंह ने किया। कार्यक्रम में राम प्रकाश, डॉ. वीणा वादिनि, डॉ. दिनेश कुमार, ज्योत्सना राय आदि मौजूद रहे। 

विश्वनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
मार्गशीर्ष मास की महाशिवरात्रि पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। सुबह की मंगला आरती से शुरू हुआ दर्शन पूजन का सिलसिला अनवरत शाम तक बना रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण विश्वनाथ गली, बांसफाटक और चौक क्षेत्र में जाम जैसी स्थिति रही। मंदिर प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार ढाई लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन किया। 

पौधरोपण कर मनाया रेलवे लेखा दिवस
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) कर्मियों ने भारतीय रेलवे लेखा सेवा दिवस (आईआरएस डे) मनाया। बरेका ईडीपी सेंटर में पौधरोपण किया गया। प्रधान वित्त सलाहकार नीरज वर्मा ने कहा कि सिर्फ पौधे लगाने से काम नहीं चलेगा, इसकी संरक्षा भी जरूरी है। वित्त सलाहकार और मुख्य लेखा अधिकारी अजय श्रीवास्तव, अनुज कुमार, अंकित प्रधान, राजेश कुमार मौजूद रहे। 

छात्रों ने सीखी विज्ञापन बनाने की कला
बीएचयू के दृश्य कला संकाय में आयोजित कार्यशाला में विज्ञापन बनाने के गुर सिखाए गए। पुणे से आए प्रो. शशिकांत आर काले ने कहा कि विज्ञापन एक खास स्ट्रेटजी से तैयार किया जाता है। इसके लिए क्रिएटिविटी के साथ ही विषय की अच्छी समझ भी होनी चाहिए। कार्यशाला की शुरुआत संकाय की डीन प्रो. उत्तमा दीक्षित ने की। मुख्य अतिथि प्रो. आशीष बाजपेयी ने कहा कि विज्ञापन के निर्धारित लक्ष्य को पाने के लिए ग्राउंड की समझ जरूरी है। 

भाषण में आशीष प्रथम, सत्यम दूसरे स्थान पर
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में सोमवार को संविधान दिवस मनाया गया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम आशीष उपाध्याय, द्वितीय सत्यम द्विवेदी और तृतीय सनत कुमार रहे। अध्यक्षता करते हुए प्रो. दिनेश कुमार गर्ग ने कहा कि संविधान दिवस हमारे जीवन में नियम से रहने और समाज को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी है। सह संयोजन डॉ. विद्या कुमारी चंद्रा ने किया। इस अवसर पर अतिथि अध्यापक डाॅ. आराधना त्रिपाठी, डाॅ. अतुल पांडेय, डाॅ. उमापति उपाध्याय उपस्थित रहे। 

आईआईवीआर में शोध कार्यों की ली जानकारी
उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद लखनऊ के महानिदेशक डॉ. संजय सिंह ने सोमवार को व्यापक समीक्षात्मक बैठक की। आईआईवीआर कार्यवाहक निदेशक डॉ. नागेंद्र राय ने परियोजनाओं के तहत जारी शोध कार्यों के बारे में बताया। डॉ. अनंत बहादुर ने बताया कि अब तक किसानों को बीस हजार से अधिक ग्राफ्टेड सब्जी पौधे दिए जा चुके हैं। डॉ. विकास सिंह, डॉ. गोविंद पाल आदि शामिल रहे। 

डिमिक डिमिक डमरू कर बाजे, प्रेम मगन नाचे भोला
काशी वंदन का आयोजन सोमवार को नमो घाट पर हुआ। बागीशा मिश्रा ने गायन की शुरुआत शिव भजन डिमिक डिमिक डमरू कर बाजे, प्रेम मगन नाचे भोला... से किया। इसके बाद श्रीराम भजन-ऐसो कोऊ उदार जग माही..., बनारसी दादरा सांवरिया प्यारा रे मोरी गुइयां... और गंगा रेती पे... की प्रस्तुतियां दीं। समापन कबीर भजन मन लागा मेरो यार फकीरी में...से किया। संचालन अंशुमान महाराज ने किया। 

सिख समाज ने मनाया बलिदान दिवस
भारत विकास परिषद शाखा रामनगर की ओर से सिख समाज के नौवें गुरु गुरु तेग बहादुर का बलिदान दिवस मनाया गया। वक्ताओं ने कहा कि गुरु तेग बहादुर ने समाज को हर प्रकार से जोड़ने के कार्य किया। हमें आज भी उनके जीवन के आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए। कार्यक्रम में सर्वप्रथम मां भारती, स्वामी विवेकानंद एवं गुरु तेग बहादुर के चित्र पर पुष्पार्चन किया गया। राष्ट्रगीत से कार्यक्रम की शुरूआत हुई। इस दौरान सरदार अमोलक सिंह, सरदार राजपाल सिंह, सरदार गुरविंदर सिंह प्रिंस, सरदार रविंद्र सिंह मौजूद रहे।

भोजपुरी गजल संग्रह 'सुंदर बिहान हाेई' में मौजूद है जन-जन की संवेदना 
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में प्रो. वशिष्ठ अनूप के भोजपुरी गजल संग्रह ‘सुंदर बिहान होई’ पुस्तक पर परिचर्चा हुई। नई किताब प्रकाशन समूह के तत्वावधान में आयोजित परिचर्चा की अध्यक्षता करते हुए विद्याश्री न्यास के सचिव डॉ. दयानिधि मिश्र ने कहा कि सुंदर बिहान हाई में जन जन की संवेदना मौजूद है। 

इसमें गजल के आंतरित तत्वों का रेशा रेशा मौजूद है। विशिष्ट वक्ता हीरालाल मिश्र मधुकर ने कहा कि भोजपुरी में यह गजल संग्रह छांदस विधान पर खरा उतरा है। जैसे भिखारी ठाकुर की बिदेसिया। 

इसमें बिहान शब्द का सात बार प्रयोग है, ऐसे कवि की हम आशावादी ही कह सकते हैं। इसमें मानवीय मूल्यों को बनाए रखने की उत्कंठा है। इस गजल संग्रह में 119 गजलें शामिल हैं। 

विशिष्ट वक्ता प्रो. बलिराज पांडेय ने कहा कि आज भोजपुरी के विस्तार की जरूरत है। माने भोजपुरी भाषा को हिंदी, उर्दू, संस्कृत, अंग्रेजी भाषा के शब्दों को अपनाने में गुरेज नहीं करना चाहिए। आयोजन में प्रो. अवधेश प्रधान, प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल, प्रो. नीरज खरे, प्रो. नसीम, डॉ. महेंद्र प्रसाद कुशवाहा, डॉ. प्रभात कुमार मिश्र, डॉ. सत्यप्रकाश सिंह, डॉ. प्रीति जायसवाल, डॉ. राजकुमार मीणा, डॉ. कासिम अंसारी, डॉ. उर्वशी ने भी विचार रखे। 

रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में सजेगा नृत्य महोत्सव
अंतरराष्ट्रीय नृत्य महोत्सव में बनारस के साथ ही चार देशों के कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। संस्कृति विभाग की ओर से 28 और 29 नवंबर को रुद्राक्ष इंटरनेशनल कॉपरेशन एंड कन्वेंशन सेंटर में नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। बनारस के कलाकारों के अलावा श्रीलंका, स्लोवाकिया, इराक, कोलंबिया के कलाकार अपने-अपने देशों की नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे। 28 नवंबर को श्रीलंका के कलाकारों के पारंपरिक नृत्य के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी।

दूसरी प्रस्तुति स्लोवाकिया के कलाकारों की होगी और समापन बनारस घराने के कलाकारों की नृत्य की प्रस्तुतियों से होगा। 29 नवंबर को महोत्सव की शुरुआत इराक के कलाकारों के नृत्य से होगी। दूसरी प्रस्तुति में कोलंबिया के कलाकार नृत्य पेश करेंगे। अंतिम प्रस्तुति बनारस के कलाकारों की होगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर होंगे। 

प्रिया हॉस्पिटल के संस्थापक डॉ. अशोक पांडेय का निधन
सिगरा स्थित प्रिया हॉस्पिटल के संस्थापक डॉ. अशोक कुमार पांडेय का 22 नवंबर को निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। पत्नी डॉ. गीता पांडेय ने बताया कि दशकर्म एक दिसंबर और तीन दिसंबर को श्राद्ध कर्म का आयोजन एसएएस हास्पिटल कैंपस हरहुआ में किया जाएगा।

परिवार ने सभी शुभचिंतकों और परिचितों से द्वादशा के दिन आयोजित पूजा एवं ब्रह्मभोज में शामिल होकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया है। इस दुखद घटना से परिवार के सदस्य डॉ. गीता पांडेय, डॉ. अनीश पांडेय, डॉ. यश पांडेय, डॉ रिया पांडेय, डॉ. सृष्टि तान्या एवं समस्त पांडेय परिवार शोकाकुल हैं।

आधी रात के बाद भी जाम में हांफते रहे राहगीर
शहर में अब दिन में ही नहीं आधी रात के बाद भी राहगीर जाम से परेशान हो रहे हैं। इसकी बानगी बीती रात 12:30 के बाद लहरतारा से बरेका मार्ग पर देखने को मिली। मंडुवाडीह चौराहे पर मंडुवाडीह थाने की पुलिस की लापरवाही और ककरमत्ता आरओबी पर एक ट्रक खराब होने की वजह से लहरतारा से बरेका मार्ग पर भीषण जाम लग गया।

सोमवार की रात में 12:30 के बाद लहरतारा से बरेका मार्ग पर भीषण जाम लग गया। ककरमत्ता आरओबी पर ट्रक के खराब होने के कारण दोनों तरफ से आने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालत यह रही कि भारी मालवाहकों के बीच में वाहन सवार लोग पुलिस की नाकाम को कोसते दिखे। इस बीच ककरमत्ता आरओबी पर पुलिस खड़ी तो नजर आई मगर जाम के आगे उनकी एक ना चल सकी। देर रात जब वाहनों का दबाव कम हुआ तब जाकर आवागमन सामान्य हो सका।

कुंभ एक्सप्रेस नौ घंटे, स्पेशल ट्रेनें आठ घंटे की देरी से पहुंचीं
कैंट रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें देरी से स्टेशन पर पहुंची। इस वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसमें देहरादून जाने वाली कुंभ एक्सप्रेस नौ घंटे की देरी से वाराणसी पहुंची। 

इसके अलावा आनंद विहार-बलिया स्पेशल ट्रेन भी आठ घंटे तक विलंबित रही। उधर, गोरखपुर-दादर स्पेशल पांच घंटे और जम्मूतवी- हावड़ा हिमगिरि एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इसके साथ ही सद्भावना एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, भठिंडा-बालूघाट फरक्का एक्सप्रेस व बलिया-आनंद विहार स्पेशल भी तीन-तीन घंटे की देरी से आईं। 

पिछले कई दिनों से देरी से चल रही प्रयागराज रामबाग-हावड़ा विभूति एक्सप्रेस को तीन घंटे रिशेड्यूल कर दिया गया है। सोमवार को प्रयागराज रामबाग-बलिया स्पेशल भी दो घंटे की देरी से पहुंची, जिसको लेकर यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।

मसाजिद कमेटी की बहस के जवाब में नहीं पेश हुई दलील
ज्ञानवापी से संबंधित एक मामले में सिविल जज सीनियर डिविजन फास्ट ट्रैक कोर्ट की अदालत में सोमवार को सुनवाई टल गई। इस मामले में 30 नवंबर की तिथि सुनवाई के लिए नियत की गई है। वादी की ओर से अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की बहस के जवाब में दलील पेश करनी थी। मगर, वादी की ओर से समय मांग लिया गया।  

प्रकरण के मुताबिक बजरडीहा के विवेक सोनी व चितईपुर के जयध्वज श्रीवास्तव ने अदालत में 25 मई 2022 को वाद दाखिल किया था। मांग की गई है कि स्थायी निषेधाज्ञा के जरिये विपक्षियों को मना किया जाए कि वे ज्ञानवापी में आदि विश्वेश्वर के ज्योतिर्लिंग के पूजा-पाठ में अवरोध न पैदा करें। मसाजिद कमेटी की ओर से  कहा गया है कि वाद पोषणीय नहीं है। 

125 केंद्रों पर होगी बोर्ड परीक्षा, भेजी गई सूची
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षा इस बार 125 केंद्रों पर कराई जाएगी। इसके लिए परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर फाइनल सूची शिक्षा निदेशालय भी भेज दी गई है। हाल ही में प्रस्तावित सेंटरों के स्थलीय सत्यापन के दौरान 21 केंद्र बदल दिए गए। वहीं, सत्यापन में मौके पर गड़बड़ी मिलने पर 18 केंद्रों को रद्द कर दिया गया है। पिछली बार से 3 केंद्र कम बनाए गए हैं। 

साल 2023-24 में जिले में परीक्षा केंद्रों की संख्या 128 थी, जबकि अभी 125 परीक्षा केंद्र घोषित किए गए हैं। फरवरी माह में प्रस्तावित परीक्षा में जनपद के 92,563 छात्र-छात्राएं बैठेंगे। इसके लिए ऑनलाइन 122 परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी की गई थी। सूची को लेकर 146 आपत्तियां आईं। इस बार यूपी बोर्ड की परीक्षा में जिले के 92,563 विद्यार्थी शामिल होंगे। 10वीं की परीक्षा में 45,493 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनमें 22,384 बालक और 23109 बालिकाएं शामिल होंगी। 

नेट जेआरएफ क्वालिफाइड 80 छात्रों का सम्मान
बीएचयू के हिंदी विभाग में सोमवार को नेट जेआरएफ क्वालिफाइड छात्रों का सम्मान किया गया। पिछले महीने एनटीए की रिजल्ट में पास 80 छात्रों को राम चंद्र शुक्ल सभागार में मोमेंटो और सर्टिफिकेट देकर शुभकामनाएं दी गईं। काशी के साहित्यकार दयानिधि मिश्र, प्रो. बलराज पांडेय, हीरालाल मिश्र, विभागाध्यक्ष प्रो. वशिष्ठ द्विवेदी मौजूद थे। कार्यक्रम 19 नवंबर को होना था, लेकिन चांसलर जस्टिस गिरिधर मालवीय के निधन की वजह से इसे 25 नवंबर के लिए टाल दिया गया था। 

बीएचयू के दो प्रोफेसर दृश्य कला में बने विभागाध्यक्ष
बीएचयू के दृश्य कला संकाय के दो प्रोफेसरों को विभागाध्यक्ष बनाया गया है। अक्तूबर में एसोसिएट प्रोफेसर से प्रोफेसर बने ब्रह्म स्वरूप को मूर्तिकला और प्रो. मनीष अरोड़ा को व्यावहारिक कला विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। डीन प्रो. उत्तमा दीक्षित ने उन्हें दायित्व सौंपा। सोमवार को दोनों ने कार्यभार संभाल लिया है। प्रो. ब्रह्मा स्वरूप पॉटरी सिरामिक के फील्ड में काम कर चुके हैं। 

साइप्रस, स्लोवेनिया और चीन समेत सात बार ललित कला अकादमी में अपने पॉटरी के कामों को प्रदर्शित किया। प्रो. मनीष अरोड़ा को जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी की फेलोशिप मिल चुकी है। साथ ही मलयेशिया, जॉर्डन, सिंगापुर और हांगकांग में मेंटर बनकर अपने रचनात्मक अनुभवों को साझा किया है। अब तक 40 से ज्यादा रिसर्च पेपर प्रकाशित हो चुके हैं। 

बीएचयू के प्रोफेसर ने लंदन यूनिवर्सिटी में पढ़ा शोधपत्र
बीएचयू में इंग्लिश के प्रोफेसर डॉ. विवेक सिंह ने लंदन यूनिवर्सिटी में रिसर्च पेपर पेश किया। अंग्रेजी विभाग के डॉ. सिंह ने लंदन में मानविकी से डिजिटल मानविकी: भारत में संभावनाएं और चुनौतियां विषय पर बातचीत की। डिजिटल युग में मानविकी के भविष्य पर उठ रहे सवालों पर जानकारियां दीं। कहा कि भारत और विश्व भर की चुनौतियों को पार पाने के लिए नए दृष्टिकोण से सोचना होगा। 

आईटीआई में कैंपस सलेक्शन कल होगा
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में कैंपस सलेक्शन में तीन कंपनियां 200 अभ्यार्थियों का चयन करेंगी। प्रधानाचार्य मुकेश कुमार ने बताया कि आईटीआई पासआउट छात्र, छात्राएं भाग ले सकती हैं। इन्हें 14 से 16 हजार तक वेतन मिलेगा। चयन होने पर जयपुर, पुणे और हरियाणा में नौकरी मिलेगी। आयु 18 से 28 वर्ष होनी चाहिए। अभ्यर्थी 27 नवंबर की सुबह 10 बजे बायोडाटा, दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति के साथ आएं।

आरटीई : एक दिसंबर से शुरू होगी दाखिले की प्रकिया
शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत प्राइवेट स्कूलों में निशुल्क दाखिले की प्रक्रिया एक दिसंबर से शुरू होगी। इसकी सूचना बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी कर दी गई है। इस साल दाखिले की प्रक्रिया 1 दिसंबर से शुरू होकर 19 मार्च 2024 तक चलेगी। आवेदन प्रक्रिया इस साल भी चार चरणों में होगी। पहला चरण 1 दिसंबर से शुरू होगा। दूसरा चरण एक जनवरी 2025 से 19 जनवरी 2025 तक चलेगा। तीसरा चरण एक से 19 फरवरी और चौथे चरण के लिए आवेदन एक से 19 मार्च 2025 तक लिए जाएंगे। 

काशी विद्यापीठ में आज होगा साक्षात्कार
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातक के विद्यार्थियों के लिए 26 नवंबर को कैंपस साक्षात्कार होगा। ट्रेनिंग और प्लेसमेंट सेल की डायरेक्टर प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजे से साक्षात्कार की प्रक्रिया बौद्ध भवन के पं. दीन दयाल उपाध्याय शोधपीठ में चलेगी। वहीं, विद्यापीठ की एथलेटिक्स टीम का चयन ट्रायल 29 नवंबर को होगा। चयन सुबह 10 बजे से होगा। 

बच्चों ने पूछा-बोर्ड एग्जाम में कौन से प्रश्न आएंगे
मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र में बोर्ड के छात्र-छात्राओं की काउंसलिंग हो रही है। वाराणसी ही नहीं महराष्ट्र, बिहार और राजस्थान के बोर्ड परीक्षा के छात्र भी कॉल कर अपने प्रश्नों के जवाब ले रहे हैं। काउंसलर बनानी घोष ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के आने से पहले ही बच्चे बहुत डर जाते हैं। इसलिए दूसरे राज्यों के बच्चे भी कॉल करते हैं। कुछ बच्चे ऐसे भी हैं, जो काउंसलिंग के दौरान ये पूछते हैं कि इस बार बोर्ड परीक्षा में कौन-कौन से प्रश्न आएंगे। मंडलीय मनोवैज्ञानिक शैलेश कुमार ने बताया कि कई बच्चों को अवसाद घेर लेता है। ऐसे में उनका मार्गदर्शन और सही सलाह बहुत जरूरी है। दूरदराज के बच्चों को भी सलाह दी जाती है। 

किसानों की समस्याओं का हुआ समाधान
बीएचयू में सोमवार को कृषक वैज्ञानिक संवाद हुआ। वैज्ञानिकों ने मिर्जापुर के 40 किसानों की समस्याएं दूर कीं। बारानी कृषि अनुसंधान हैदराबाद के निदेशक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि मिट्टी में नमी बनाए रखना बड़ी चुनौती है। वर्षा आधारित खेतों में खरपतवार प्रबंधन, पोषक तत्वों का संतुलित उपयोग कर उत्पादन में बढ़ोतरी की जा सकती है। सूखे में बेहतर उत्पादन देने वाली फसलों की ओर भी बढ़ना होगा। सरसों के बेहतर उत्पादन के लिए सल्फर का वितरण हुआ। 

ठंड में पशुओं का रखें विशेष ख्याल
सीवीओ डॉ. वीपी पाठक ने गिरते तापमान में पशुओं को लेकर गाइडलाइन जारी की। उन्होंने कहा कि ठंड लगने से पशु-पक्षियों को निमोनिया, दस्त, पेट में दर्द, श्वसन नली, फेफड़े संबंधी बीमारियां हो सकती हैं। रात में पशुओं को आवास के अंदर रखें। खुला आवास है तो तिरपाल या जूट के बोरे से ढक दें। आवास में एक खिड़की जरूर खोल दें। ठंड बढ़ने से पहले पेट के कीड़े की दवा दें। बीमारी से बचाव के टीके जरूर लगवाएं। हरा चारा, दाना, मिनरल मिक्चर नियमित रूप से दें। 

नए सिरे से होगा प्रबंध समितियों का गठन
परिषदीय विद्यालयों में पुरानी प्रबंध समितियों में बदलाव का आदेश शासन ने जारी किया है। अब नए सिरे से विद्यालय प्रबंध समितियों का गठन किया जाएगा। यह समितियां विद्यालय की व्यवस्था से लेकर कार्यप्रणाली की जांच करेंगी। समिति में 15 सदस्य होंगे। 11 सदस्य के रूप में अभिभावकों को शामिल किया जाएगा। 30 नवंबर को कमेटी का काम खत्म हो जाएगा। जिसके बाद एक दिसंबर से नई कमेटी कार्य शुरू कर देगी। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद पाठक ने बताया कि प्रधानाध्यापकों को आदेश दे दिया गया है। 

सर्वाइकल कैंसर से बचाव का दिया संदेश
आईएमएस बीएचयू के किशोर केंद्र की ओर से धीरेंद्र महिला पीजी कॉलेज में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगा। डॉक्टरों ने छात्राओं के हीमोग्लोबिन और बॉडी मास इंडेक्स की जांच की। स्त्री रोग विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता राय ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) के कारण होती है। इससे बचाव के लिए समय पर टीकाकरण जरूरी है। एक अध्ययन के अनुसार हर आठ मिनट में एक महिला सर्वाइकल कैंसर के कारण अपनी जान गंवा देती हंै। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने छात्राओं को बैंड वितरित किए। 

शिक्षकों से सामंजस्य बनाएं ग्राम प्रधान
ग्राम प्रधान और प्रधानाध्यापकों की एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला सोमवार को स्थानीय बीआरसी केसरीपुर में हुई। बीडीओ राजेश यादव ने कहा कि सरकार बच्चों के लिए कई योजनाएं चला रही है। इसमें शिक्षकों के साथ प्रधानों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रधानों से कहा कि शिक्षकों के साथ सामंजस्य स्थापित कर सभी योजनाओं को प्रभावी रूप से संचालित करने में सहयोग करें। रामपूजन पटेल, राजकुमार वर्मा, अखिलेश गुप्ता, अमिताभ मिश्र, रवींद्र सिंह मौजूद रहे। 

स्टेशन निदेशक ने कुलियों की समस्याएं सुनीं
कैंट रेलवे स्टेशन के निदेशक अर्पित गुप्ता ने स्टेशन पर सेवा देने वाले कुलियों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। मनीष यादव और रुदल प्रसाद ने बिल्ला ट्रांसफर के मामले लंबित होने की समस्या बताई। इस पर स्टेशन निदेशक ने जल्द निस्तारण करने का आश्वासन दिया। साथ ही कुलियों को यात्रियों से ज्यादा पैसे न लेने और विनम्रता पूर्वक व्यवहार करने को कहा। 

विधायक ने सड़क निर्माण का किया शिलान्यास
रोहनिया क्षेत्र के गांव अखरी में उपासना नगर कॉलोनी में विधायक डॉ. सुनील पटेल ने सड़क निर्माण के लिए शिलान्यास किया। ग्रामीणों का आरोप है कि एक कॉलोनाइजर ने मार्ग पर खोदाई कर उसे रोक दिया है। सोमवार को सच्चिदानंद दुबे, कमला देवी, माया सिंह, मंगला सिंह, उर्मिला सोनकर, अनिल और प्रदीप सिंह ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। बताया कि जिस रास्ते को कॉलोनाइजर ने रोका है, ग्रामीण उसका उपयोग पंद्रह साल से करते आ रहे हैं।

अब सेवानिवृत्त राजपत्रित अधिकारी करेंगे निगरानी
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की राष्ट्रीय दाखिला प्रवेश परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए अब सेवानिवृत्त केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के अधिकारी और राजपत्रित अधिकारी पर्यवेक्षक होंगे। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए परीक्षाओं को पारदर्शी और भरोसेमंद बनाए रखने के लिए पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी तय की गई है। एनटीए परीक्षाओं की निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों का पूल (समूह) बना रहा है। स्कूल  और उच्च शिक्षा में दाखिला परीक्षाओं के लिए पर्यवेक्षकों की अलग-अलग टीम होगी। समूह में अब केंद्रीय सशस्त्र  पुलिस बल और राजपत्रित अधिकारियों  को भी शामिल किया जाएगा।

विद्यापीठ में अंतिम दौर में दाखिले, पीजी की कक्षाएं शुरू
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातकोत्तर में दाखिले की प्रक्रिया अब अंतिम दौर में है। कई विभागों में कक्षाएं भी शुरू हो गई हैं। सोमवार को विश्वविद्यालय में अन्य दिनों की तुलना में चहल-पहल अधिक रही। स्नातक और स्नातकोत्तर में काउंसिलिंग की संकाय और विभागवार प्रक्रिया में अभ्यर्थियों के कागजात की जांच के बाद फीस जमा करने के लिए मोबाइल पर मैसेज भेजा जा रहा है।

समाजशास्त्र विभाग में एमए प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं सोमवार से शुरू हो गई हैं। पहले दिन छात्रों की संख्या थोड़ी कम रही। वाणिज्य विभाग की ओर से एमकॉम प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं 28 नवंबर से चलाने का निर्णय लिया गया है। एमए राजनीति विज्ञान विभाग में भी कक्षाएं शुरू हो गई हैं। 

28 को होंगी प्रतियोगिताएं
विद्यापीठ में लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की 148वीं जयंती पर होने वाली प्रतियोगिताओं का द्वितीय चरण 28 नवंबर को होगा। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि दूसरे चरण में प्रथम चरण के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रतिभाग करना है, जिनकी प्रतिस्पर्धा अन्य छह विश्वविद्यालयों के साथ होगी। दूसरे चरण में प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेता का चयन होगा। तृतीय चरण में प्रतियोगिता कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल की अध्यक्षता में 15 दिसंबर को राजभवन में होगी।
विज्ञापन

एक महीने के लिए बंद हुआ बरेका मेन गेट, किनारे से जा रहीं गाड़ियां
बनारस रेल इंजन कारखाना का मेन गेट एक महीने के लिए सोमवार से बंद हो गया। सड़क चौड़ीकरण के तहत मुख्य द्वार के पास ड्रेन डक्ट के निर्माण कार्य के लिए इस गेट को बंद किया गया है। इस वजह से वाहनों का प्रवेश नहीं हो पाएगा। सोमवार को दिन में कुछ लोग दूसरे रास्ते से दोपहिया वाहन लेकर अंदर आते-जाते दिखे।

लहरतारा बरेका रविंद्रपुरी मार्ग के सड़क चौड़ीकरण के तहत ही मुख्य द्वार के पास ड्रेन डक्ट का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड पीडब्ल्यूडी की ओर से 12 नवंबर को मुख्य द्वार को बंद करने की अनुमति बरेका प्रशासन से मांगी गई थी। इस पर बरेका प्रशासन ने एक महीने के लिए मुख्य द्वार को बंद करने की अनुमति दी है। 

अब सोमवार से मुख्य द्वार को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। जिस वजह से यहां गाड़ियों की आवाजाही भी बंद हो गई। बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि मेन गेट बंद हो गया है। केवल दुपहिया वाहन की अभी आवाजाही की छूट है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें