आगरा के एत्माद्दाैला क्षेत्र में सोमवार शाम को एक युवक ने बाजार जा रही युवती को बीच सड़क पकड़ लिया। दोस्ती मंजूर न करने पर पिटाई लगाई। गाल पर चांटे मारे और सिर दीवार में मार दिया। आरोप है कि गला दबाने का भी प्रयास किया। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मारपीट का केस दर्ज किया है।
एत्माद्दाैला क्षेत्र की युवती बीए की छात्रा है। उसने बताया कि मोहल्ले का सोहेल 7 महीने से परेशान कर रहा है। दोस्ती का दबाव बना रहा है। आते-जाते रास्ता रोक लेता है। उसके परिजन से कई बार कहा लेकिन हरकत बंद नहीं हुईं। सोमवार शाम 6 बजे वह बाजार जा रही थी। आरोप है कि सोहेल अपने मित्र अरबाज के साथ मिल गया। अश्लील फब्तियां कसने लगा।
विरोध करने पर सोहेल ने हाथ पकड़ लिया और खींचने लगा। चीखने पर आरोपी ने गाल पर चांटे मारे, सिर दीवार में मारकर घायल किया और गला दबाने की कोशिश भी की। बाद में आरोपी उसे नाली में धक्का देकर भाग गया।
परिजन का आरोप है कि मामले में छेड़छाड़ और मारपीट की तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस छेड़छाड़ की तहरीर लेने को तैयार नहीं हुई। दोबारा केवल मारपीट की तहरीर लिखनी पड़ी। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज किए जाएंगे। अगर, बयान में छेड़छाड़ की बात सामने आएगी तो धारा बढ़ा दी जाएगी।