शादी समारोह में शिरकत करने के लिए लंदन से वाराणसी पहुंचे एनआरआई राघवेंद्र पांडेय को उस वक्त तगड़ा झटका लगा जब उन्होंने अपना बैग खोला। लंदन से एयर इंडिया के विमान से बनारस आए राघवेंद्र का सामान शुक्रवार की शाम घर पहुंचा तो उनकी पत्नी के पांच लाख रुपये से ज्यादा कीमत के जेवरात गायब थे।
राघवेंद्र ने घटना के बारे में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और पुलिस अधिकारियों को ट्वीट कर मदद की गुहार लगाई तो एडीजी जोन ने संज्ञान लेकर कार्रवाई का निर्देश वाराणसी पुलिस को दिया। फिलहाल राघवेंद्र की पत्नी के जेवर नहीं मिल सके हैं और फूलपुर पुलिस उनकी तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
भेलूपुर थाना अंतर्गत श्रीकृष्ण नगर कॉलोनी में रिटायर्ड आईपीएस वीके पांडेय परिवार के साथ रहते हैं। उनके बेटे राघवेंद्र ने बताया कि पत्नी दीपिका और बेटी आव्या के साथ वो भारतीय समयानुसार सात जून की रात दो बजे एयर इंडिया के विमान से लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। आठ जून को सुबह 10:30 बजे वो इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरे और बनारस आने के लिए एयर इंडिया के दूसरे विमान में सवार हुए।