जर्मनी से वाराणसी के शिवपुर स्थित घर लौटी एनआरआई महिला ने कछवां थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी एक अधिवक्ता पर शादी का झांसा देकर ठगी करने का आरोप लगाया है। महिला ने शिवपुर थाने के बाद कछवां थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर, तहरीर मिलने की जानकारी होने पर कई अधिवक्ताओं ने कछवां थाने में समझौता कराने का प्रयास किया, पर महिला नहीं मानी।
शिवपुर थाना क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय महिला का जन्म जर्मनी में हुआ है। शिवपुर में उसकी पैतृक संपत्ति है। एक वर्ष से वह शिवपुर में रह रही है। चार माह पहले संपत्ति पर अपना नाम दर्ज कराने के लिए उसने अधिवक्ता से मुलाकात की थी। अधिवक्ता शिवपुर में परिवार के साथ रहता है और वाराणसी कचहरी में वकालत करता है।
महिला ने कछवां थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि मुुलाकात के दौरान अधिवक्ता ने बताया था कि वह अविवाहित है और उससे शादी करना चाहता है। वह शादी के लिए राजी हो गई। आरोप लगाया कि शादी का झांसा देकर अधिवक्ता 50 हजार रुपये ले चुका है। मांगने पर वापस नहीं कर रहा है।