वाराणसी में रोपवे का काम लगभग अंतिम चरण में है। ऐसे में जिले के नोडल अधिकारी डॉ. राज शेखर ने जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ काम की प्रगति परखने के लिए निरीक्षण किया। उन्होंने शेष काम जल्द पूरा कराने के साथ गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।
काशी में रोपवे के काम की प्रगति परखने के लिए सोमवार को जिले के नोडल अधिकारी डॉ. राज शेखर ने जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने रोपवे के गोंडोला में सवार कैंट से गोदौलिया तक यात्रा की और व्यवस्थाओं को मौके पर परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्य युद्धस्तर पर अभियान चलाकर जल्द पूरा कराने और गुणवत्ता व सुरक्षा मानकों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
सचिव नियोजन एवं महानिदेशक, अर्थ एवं संख्या और जिले के नोडल अधिकारी डॉ. राज शेखर ने रोपवे की व्यवस्थाओं और कार्य की प्रगति को मौके पर देखा। रोपवे के निर्माण और संचालन से जुड़े सभी कार्यों में गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को हर स्तर पर सुरक्षा और गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि परियोजना से जुड़े कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे हों।
15 मिनट में कैंट से गोदौलिया तक का सफर
रोपवे को शहरी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है। रोपवे कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया चौक तक करीब 3.75 से 3.85 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। इसके जरिये कैंट से गोदौलिया का सफर करीब 15 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है। रोपवे मार्ग पर कैंटोनमेंट रेलवे स्टेशन, काशी विद्यापीठ, रथयात्रा, गिरजाघर और गोदौलिया चौक समेत पांच स्टेशन बनाए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार यह भारत का पहला और दुनिया का तीसरा शहरी सार्वजनिक परिवहन रोपवे है।