सेंट मैरी स्कूल में जंगली जानवर दिखने की सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने 10 घंटे तक 500 मीटर के दायरे में छानबीन की। सतर्कता और सुरक्षा के दृष्टिकोण स्कूल बंद रखे गए थे। सिटी कमांड सेंटर से भी कैमरे खंगाले गए।
वाराणसी में छावनी के सेंट मैरी स्कूल में जंगली जानवर दिखने की सूचना के बाद वन विभाग और पुलिस प्रशासन की जांच लगातार जारी है। हालांकि, 24 घंटे बाद भी स्कूल परिसर या आसपास न तो कोई संदिग्ध जानवर नजर आया और न ही जमीन पर पैरों के निशान मिले हैं।
विज्ञापन
शुक्रवार को वन विभाग की टीम ने 10 घंटे तक 500 मीटर के दायरे में छानबीन की। सतर्कता और सुरक्षा के दृष्टिकोण स्कूल बंद रखे गए थे। सिटी कमांड सेंटर से भी कैमरे खंगाले गए। लोगों का कहना है कि सीसीटीवी में तेंदुआ आते दिखा, लेकिन बाहर जाते नहीं दिखा। वन विभाग की छानबीन भी धीमी रही है।
बृहस्पतिवार तड़के 3:30 बजे सुरक्षा गार्ड ने संदिग्ध जानवर देखने की बात कही थी। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। एहतियात के तौर पर प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) निधि चौहान के निर्देश पर वन विभाग की तीन टीमें गठित कर पूरे परिसर और कैंटोनमेंट की झाड़ियों में अभियान चलाया गया।
विज्ञापन
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, स्कूल के कई हिस्सों की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कहीं भी तेंदुए या अन्य किसी बड़े शिकारी जानवर के निशान नहीं दिखे। अधिकारियों का मानना है कि बारिश न होने के कारण सूखी जमीन पर निशान उभरना मुश्किल हो सकता है, या फिर संभव है कि वह जानवर तुरंत ही किसी दूसरी दिशा में निकल गया हो।