फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Update: ज्ञानवापी की निगरानी अर्जी पर हुई सुनवाई, अवैध निर्माण सील; वाराणसी की ये खबरें रहीं चर्चा में

Fri, 21 Mar 2025 03:06 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

ज्ञानवापी में उर्स सहित अन्य धार्मिक आयोजनों की मांग के मामले में हिंदू पक्ष के पक्षकार बनाने के खिलाफ लंबित निगरानी अर्जी पर सुनवाई हुई। वहीं, वीडीए ने दशाश्वमेध वार्ड में नवीन कॉम्प्लेक्स के पीछे बगैर नक्शा पास कराए अवैध निर्माण को सील कर दिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

News Update: विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) अवधेश कुमार की कोर्ट में गुरुवार को ज्ञानवापी में उर्स सहित अन्य धार्मिक आयोजनों की मांग के मामले में हिंदू पक्ष के पक्षकार बनाने के खिलाफ लंबित निगरानी अर्जी पर सुनवाई हुई।

विज्ञापन


अगली सुनवाई चार अप्रैल को होगी। सिविल जज सीनियर डिवीजन / फास्ट ट्रैक कोर्ट की अदालत ने मुख्तार अहमद अंसारी के वाद में तृतीय पक्षकार हिंदुओं को बनाने का आवेदन स्वीकार किया था। इस आदेश के खिलाफ मुख्तार अहमद अंसारी ने सत्र न्यायालय में निगरानी अर्जी दाखिल की है।

मारपीट और धमकाने के चार आरोपी दोषमुक्त
विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्वनी कुमार की कोर्ट ने घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने के धमकी के मामले में आरोपी तीन सगे भाई समेत चार आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। शाहंशाहपुर निवासी ओम प्रकाश ने रोहनिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि 21 मई 2018 को सगे भाई तेजबहादुर सिंह, सतीश सिंह व मुकेश सिंह और आशीष रंजिश को लेकर वादी के घर में घुस आए। चारों ने वादी के परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। पूरे परिवार के साथ गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी। 

विज्ञापन

धोखाधड़ी और मारपीट के मामले में मिली जमानत
मकान बनाने के लिए 4.50 लाख रुपये देकर स्टांप पर 11 लाख लिखवाने और पांच लाख का चेक जबरन लेने का विरोध करने पर मारपीट और धमकाने के दो आरोपियों को कोर्ट से राहत मिल गई। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (द्वितीय) साकेत मिश्रा की अदालत ने मिर्जमुराद निवासी प्रेम शंकर सिंह और उसके पुत्र को 25- 25 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार बरेका निवासी मीरा सिंह ने मंडुवाडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पंप ऑपरेटर को बेचैनी हुई, फिर मौत
चोलापुर के उदयपुर ग्राम पंचायत में एलएनटी कंपनी के पंप ऑपरेटर सुनील मिश्रा (42) को बृहस्पतिवार सुबह बेचैनी हुई। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाते तब तक उनकी मौत हो गई। आशंका जताई गई है कि हार्ट अटैक की वजह से उनकी जान गई है।

चोलापुर थाना क्षेत्र के साईं गांव निवासी सुनील मिश्रा रोज की तरह सुबह नौ बजे अपने घर के बगल की पानी की टंकी वाले कमरे में गए थे। उसी दौरान बेचैनी महसूस हुई। उन्होंने फोन कर परिजनों को सूचना दी। पत्नी राखी मिश्रा और परिजन उन्हें हॉस्पिटल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि उनकी मौत हो गई। दो बच्चों के पिता सुनील मिलनसार और हंसमुख थे। उनके निधन से ग्रामीणों में शोक की लहर है।

शादी का झांसा देकर यौन शोषण, गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर यौन शोषण के आरोपी फतेपुर कटौना गांव निवासी शिवा राजभर को सिंधोरा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पूछताछ में शिवा ने बताया कि वह पीड़िता को पिछले दो वर्षों से जानता है। दोनों के बीच दोस्ती हो गई थी और वो मुंबई में साथ रहकर नौकरी कर रहे थे। बाद में वह अपने गांव आ गया और होली पर पीड़िता भी अपने घर आई। पीड़िता ने उससे शादी करने की बात कही, लेकिन उसने मना कर दिया।

किशोरी के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
मरुई गांव निवासी सुधांशु को सिंधोरा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सुधांशु के खिलाफ 14 मार्च को एक किशोरी के अपहरण के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। किशोरी बरामद कर ली गई थी। बृहस्पतिवार को सुधांशु के गरथमा पुल के पास होने की सूचना मिली तो घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

दशाश्वमेध वार्ड में अवैध निर्माण सील
वीडीए की ओर से गुरुवार को दशाश्वमेध वार्ड में नसीम आरा की ओर से नवीन कॉम्प्लेक्स के पीछे बगैर नक्शा पास कराए अवैध निर्माण किया जा रहा था। सूचना मिलने पर पहुंची वीडीए की प्रवर्तन टीम ने सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। जोनल अधिकारी सौरभ देव प्रजापति ने सील की कार्रवाई कराई। 

यात्री का मोबाइल लेकर भागे उचक्के
सारनाथ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर गुरुवार दोपहर गोरखपुर से मुंबई जाने वाली दादर एक्सप्रेस खड़ी हुई। उसी दौरान एक उचक्का एक यात्री का मोबाइल लेकर भागा। यात्री ने शोर मचाया तो लोगों ने उसे दौड़ाया, लेकिन उचक्का पकड़ा नहीं जा सका।

इसी तरह से दो दिन पहले भी सारनाथ स्टेशन से एक महिला यात्री का मोबाइल छीन कर एक उचक्का हिरामनपुर गांव की तरफ भाग गया था। स्टेशन अधीक्षक अजय नारायण पांडेय ने कहा कि दो सप्ताह से उचक्के सक्रिय हुए हैं। फोर्स को कहकर अंकुश लगाया जाएगा।

पेड़ की टहनी काटने के दौरान नीचे गिरा पेंटर, मौत
रामनगर के पटहारी टोला मोहल्ले में गुरुवार की सुबह गूलर के पेड़ की टहनी काटने के दौरान नीचे गिरने से 56 साल के शैलू कन्नौजिया की मौत हो गई। परिजनों ने रामनगर थाने की पुलिस को सूचना दिए बगैर अंत्येष्टि कर दी। रामनगर थाना क्षेत्र में शैलू के घर के बगल में गूलर का पेड़ है। उसकी एक टहनी शैलू के घर की तरफ लटकने के कारण उसे दिक्कत हो रही थी। 

पेड़ के मालिक से अनुमति लेने के बाद शैलू टहनी छांट रहा था। उसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल शैलू को परिजन लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसे बीएचयू ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया, मगर रास्ते में उसकी मौत हो गई। 

परिजनों के अनुसार, पेंटर का काम करने वाले शैलू कन्नौजिया के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। एक पुत्री की शादी बाकी है। शैलू की मौत के बाद उसकी पत्नी बीना देवी की हालत बेसुधों जैसी थी।

सास ने बहु पर कराया मारपीट, धमकी का मुकदमा
कैंट थाना क्षेत्र के लहरतारा क्षेत्र में एक वृद्ध महिला के साथ मारपीट और मकान हड़पने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुरुषोत्तम पुरी कॉलोनी, कोटवा रोड निवासी पीड़िता कमला देवी ने अपनी अपनी बहू पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई है। 

इसमें बताया कि उनकी बहू आए दिन मारपीट करती है और जान से मारने की धमकी देती है। 25 फरवरी को जब पति घर से बाहर थे, तब बहु प्रीति रावत ने हमला कर दिया, जिससे सास कमला को चोट आई। कमला देवी ने बताया कि इसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 10 मार्च 2025 को शाम 6 बजे दोबारा उनके साथ मारपीट की गई। 

आरोप है कि बहू मकान पर कब्जा कर उसे बेचने की साजिश रच रही है और शिकायत करने पर धमकियां दे रही है कि कहीं भी सुनवाई नहीं होगी। पीड़िता की शिकायत पर कैण्ट पुलिस ने आरोपी प्रीति रावत के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

वीडीए ने दो आवासों का आवंटन किया निरस्त, जमा धनराशि जब्त
वीडीए की ओर से लालपुर आवासीय योजना के प्रथम चरण में निर्मित लैंड मार्क टावर-3 के दो आवासों के आवंटन की धनराशि जमा नहीं करने पर इसे निरस्त कर दिया गया। धनराशि भी जब्त कर ली गई। आवासों की पुन: नीलामी की जाएगी। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार, आवास संख्या ए 5/2, गीतेश सिंह को आवास आवंटित किया गया था। अनुमानित लागत 57.22 लाख था। 

पंजीकरण के बाद धनराशि जमा न होने पर बकाया 1,28,90,414 था। जिसका अब तक भुगतान नहीं किया गया है। आवास संख्या ए 3/2, सुनील सिंह को आवास आवंटित किया गया था। इसकी लागत 57.22 लाख रुपये थी। बाकी धनराशि जमा न करने पर 1,05,30,139 रुपये हो गया है। जिसे अब तक जमा न करने पर आवंटन निरस्त किया गया। 

दोनों आवंटियों को 35,600 रुपये प्रीपेड लीज रेंट, 63,000 रुपये विद्युत शुल्क, 82,000 रुपये अनुरक्षण शुल्क, 2,68,000 रुपये सर्विस टैक्स और 2,50,000 रुपये पार्किंग शुल्क जमा करना था। अब तक भुगतान नहीं किया गया है। इस कारण दोनों आवंटियों के आवंटन निरस्त कर दिए गए हैं और नियमानुसार जमा धनराशि जब्त कर ली गई है।

वसूली के लिए बालू डालकर बंद कर रहे कनेक्शन
जलकल की ओर से बड़े बकायेदारों के खिलाफ वसूली अभियान शुरू किया गया है। बड़े बकाएदारों के सीवर और पेयजल कनेक्शन काटे जा रहे हैं। गली पिट में बालू की बोरी डालकर सीवर कनेक्शन बाधित किया जा रहा है। पेयजल कनेक्शन काटकर गुल्ली ठोंकी जा रही है। 

जवाहर नगर सहित कई इलाकों में लगातार वसूली की जा रही है। मार्च में वसूली बढ़ाने के लिए जलकल के निरीक्षक लगातार भ्रमण कर कार्रवाई कर रहे हैं। आठों जोन में लगातार जांच अभियान चल रहा है। 

जोनल के अधिशासी अभियंताओं की देखरेख में कनेक्शन काटे जा रहे हैं। सफाई कर्मचारियों को भी साथ रखा गया है। जलकल के सचिव ओपी सिंह ने बताया कि बड़े बकायेदारों की ओर से बकाया नहीं जमा करने पर सीवर और पेयजल कनेक्शन काटा जा रहा है। कार्रवाई के लिए जाने वाली टीम को लोग पैसा दे रहे हैं।

चाय के पैसे मांगने पर दुकानदार, बेटों और पड़ोसी को पीटा
यूपी कॉलेज के छात्रों ने भोजूबीर में चाय के पैसे मांगने पर दुकानदार, दो बेटों और पड़ोसी की पिटाई कर दी। दुकानदार राजा यादव और दो पुत्र गौरव व अजय गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पड़ोसी श्रवण जायसवाल को भी चोट लगी है। सूचना पाकर कैंट थाने की पुलिस आरोपी छात्रों की तलाश कर रही है।

कैंट थाना क्षेत्र में यूपी काॅलेज के गेट के पास चाय की दुकान पर बृहस्पतिवार शाम कुछ छात्र चाय पीने गए थे। दुकानदार राजा यादव का आरोप है कि मनबढ़ छात्र अकसर चाय पीकर बिना पैसे दिए चले जाते हैं। पैसा मांगा तो विवाद शुरू कर दिया। थोड़ी देरी बाद झुंड में आए छात्रों ने राजा यादव और उनके बेटों पर हमला कर दिया। गौरव और अजय के सिर में गंभीर चोट लगी है। 

चौकी प्रभारी अर्दली बाजार सुरेंद्र कुमार शुक्ला के साथ इंस्पेक्टर कैंट पहुंचे। मारपीट में घायल लोगों को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। इंस्पेक्टर कैंट राजकुमार शर्मा ने बताया कि सीसी कैमरों की फुटेज से आरोपियों को चिह्नित कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत
रोहनिया के मिल्कीचक गांव में रेलवे लाइन के किनारे बृहस्पतिवार को एक वृद्ध का शव पड़ा मिला। मोहनसराय चौकी प्रभारी पहुंचे। पुलिस शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही थी कि उसी दौरान गौरा काशीपुर गांव से कुछ लोग आए।

उन्होंने शव की पहचान गौरा काशीपुर गांव निवासी मोहनलाल (60) के रूप में की। परिजनों ने बताया कि मोहनलाल दोपहर बाद घर से निकले थे। आशंका जताई कि रेलवे लाइन पार करते समय वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गए होंगे। परिजनों ने बताया कि मोहनलाल के पांच बेटे और दो बेटियां हैं। शव की पहचान होने पर पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

नशा करने के लिए एजेंसी से चुराया गैस सिलिंडर
चंदापुर में गैस एजेंसी से भरा हुआ सिलिंडर चुराकर ले जा रहे कन्हईसराय हरपालपुर निवासी अमीन बेलाल को कर्मचारियों ने पकड़ लिया। गैस एजेंसी के प्रमोद शाह ने अमीन को लोहता थाने की पुलिस को सौंप दिया। प्रमोद की तहरीर पर लोहता थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। लोहता थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार के अनुसार, पूछताछ में अमीन ने बताया कि वह नशे का आदी है। उसके पास पैसे नहीं थे। भरा हुआ गैस सिलिंडर किसी को बेच देता और जो पैसे मिलते उससे नशा करता।

जाम लगने पर नाराज हुए एसीपी सारनाथ, दर्ज हुआ केस
सारनाथ क्षेत्र में लोटस होटल के मैनेजर द्वारा बुधवार रात सड़क पर बस खड़ा कर यात्रियों को उतरवाने के कारण भीषण जाम लग गया। मौके से गुजर रहे एसीपी सारनाथ ने नाराजगी जताई तो सारनाथ थाने की आशापुर चौकी के पुलिसकर्मी हरकत में आए। आशापुर चौकी के दरोगा संदीप कुमार शर्मा की तहरीर पर सारनाथ थाने में मैनेजर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

होटल के सामने बुधवार रात आठ बजे एक निजी बस खड़ी थी। बस से यात्री नीचे उतर रहे थे और होटल का मैनेजर भी खड़ा था। जिसकी वजह से भीषण जाम लग गया। मौके से गुजर रहे एसीपी सारनाथ ने आशापुर चौकी के पुलिसकर्मियों को फटकार लगाते हुए यातायात व्यवस्था सामान्य कराने को कहा। 

साथ ही मैनेजर की मनमानी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया। एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने कहा कि अपनी सहूलियत के लिए दूसरों को परेशान करना जायज नहीं है। थानाध्यक्ष सारनाथ और चौकी प्रभारी आशापुर को यातायात व्यवस्था के प्रति गंभीरता बरतने की हिदायत दी गई है।

घर से ड्यूटी के लिए निकले सेना के जवान का बैग उड़ाया
छुट्टी के बाद अपने तैनाती स्थल के लिए जा रहे सेना के जवान का बैग उचक्कों ने उड़ा दिया। डेबिट कार्ड और मोबाइल फोन की मदद से तीन लाख की चपत भी लगा दी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सेना के जवान की तहरीर कैंट थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

सारनाथ थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर, आशापुर निवासी उपेंद्र यादव ने बताया कि छुट्टी के बाद वह बुधवार को घर से तैनाती स्थल के लिए निकले। छावनी क्षेत्र में एयरफोर्स चौराहे से कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर नौ के बीच उनका बैग न जाने कैसे गायब हो गया। बैग में मोबाइल, डेबिट कार्ड और यूपीआई कार्ड था। उचक्कों ने डेबिट, यूपीआई कार्ड और मोबाइल फोन की मदद से तीन लाख 11 हजार रुपये की चपत लगा दी। 

ईओडब्ल्यू को साल भर बाद मिले नए एसपी
आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की वाराणसी शाखा को एक साल के इंतजार के बाद नए पुलिस अधीक्षक मिले हैं। प्रदेश सरकार ने आईपीएस प्रदीप कुमार को ईओडब्ल्यू की वाराणसी शाखा का नया एसपी नियुक्त किया है। जल्द ही कार्यभार ग्रहण करेंगे। इससे पहले वह लखनऊ एएनटीएफ मुख्यालय में एसपी के पद पर तैनात थे। वाराणसी के मूल निवासी आईपीएस प्रदीप कुमार प्रांतीय पुलिस सेवा के लिए वर्ष 1997 में चयनित हुए थे। 

मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
प्राथमिक विद्यालय मठिया जयरामपुर का वार्षिकोत्सव गुरुवार को आयोजित किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह में बच्चों ने सामूहिक नृत्य, गीत, कविता और भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया। उन्होंने कई मनमोहक झांकियां भी प्रस्तुत कीं। विद्यालय के मेधावी छात्रों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष ज्योतिभूषण त्रिपाठी रहे। इस अवसर पर शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष पार्थेश्वर पांडेय, मालती देवी आदि उपस्थित रहें। वहीं, प्राथमिक विद्यालय पतेरवा में भी वार्षिकोत्सव मनाया गया। खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति सिंह और प्रधानाध्यापिका सुभावती ने शुभारंभ किया। ग्राम प्रधान कविता, मिथिलेश आदि मौजूद रहे।

आज चार घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
शहर में सड़क निर्माण में बाधक बन रहे खंभों की शिफ्टिंग और पेड़ कटाई संबंधित कार्य को लेकर शुक्रवार को चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 33 केवी दौलतपुर, कज्जाकपुरा में सुबह 11 बजे से शाम के 3 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। इसके चलते अथका गांव, संजय नगर, दोषीपुरा, नवापुरा, पीएससी ग्राउंड के आसपास का क्षेत्र प्रभावित रहेगा। इसके साथ ही 33 केवी रामनगर में सुबह 11 बजे से दोपहर के 3 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। इसके चलते साहित्यनाका, रामनगर के आसपास का क्षेत्र प्रभावित रहेगा।

आज आगरा रवाना होगी बैडमिंटन टीम
प्रादेशिक बैडमिंटन प्रतियोगिता आगरा में प्रस्तावित है। इस प्रतियोगिता में खेलने के लिए वाराणसी की टीम शुक्रवार को रवाना होगी। वाराणसी मंडल की टीम में छह बालिका खिलाड़ी शामिल हैं। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह के मुताबिक प्रदेशिक बैडमिंटन प्रतियोगिता 22 से 24 मार्च तक खेली जाएगी। 

बरेका को मिली रेलमंत्री राजभाषा शील्ड, नई दिल्ली में हुआ सम्मान
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) को राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट सहभागिता करने के लिए रेलमंत्री राजभाषा शील्ड से नवाजा गया। गुरुवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ये अवॉड दिया गया। रेलवे बोर्ड की राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक के दौरान रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष व मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने यह पुरस्कार बरेका के वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी डॉ. संजय कुमार सिंह को प्रदान किया। 

इस उपलब्धि पर बरेका महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई दी और कहा कि यह पुरस्कार बरेका की हिंदी में कार्य करने की उत्कृष्ट परंपरा और समर्पण का प्रतीक है। बरेका निरंतर हिंदी के प्रोत्साहन के लिए कार्य करता रहेगा और भविष्य में भी राजभाषा हिंदी को सशक्त बनाने की दिशा में अग्रसर रहेगा। 

देश की आजादी के संघर्ष को बच्चों ने किया जीवंत
कंपोजिट विद्यालय सारनाथ में गुरुवार को वार्षिकोत्सव और निपुण सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों में देशभक्ति का जज्बा जगाया। पुष्कर, भरत, सुशील और सत्यम ने महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित एक नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से देश की आजादी के संघर्ष को जीवंत कर दिया। 

सांस्कृतिक कार्यक्रम का निर्देशन प्रतिभा पांडेय और अनिता राय ने किया। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री रवींद्र जयसवाल ने विद्यालय के 6 निपुण छात्रों को सम्मानित किया। संचालन प्रमोद यादव ने किया और धन्यवाद ज्ञापन अभिषेक कुमार सिंह ने किया। 

शुक्रवार को दिल्ली रवाना होंगे तैराकी के खिलाड़ी
खेलो इंडिया राष्ट्रीय बालिका जूनियर तैराकी प्रतियोगिता नई दिल्ली में खेली जाएगी। इस प्रतियोगिता के लिए काशी की खिलाड़ियों का चयन हुआ है। यूपी टीम में चयनित तीनों खिलाड़ी शुक्रवार शाम दिल्ली रवाना होंगी। जिला तैराकी संघ के सचिव शंभू प्रसाद ने बताया कि राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता नई दिल्ली में 22 और 23 मार्च को होगी। इसमें वाराणसी की वंशिका यादव, गायत्री और अदिति सिंह तैराकी कौशल का प्रदर्शन करेंगी।

डॉ. राजेश को मिला एकेडमिक लाइब्रेरियन अवाॅर्ड
बीएचयू के केंद्रीय पुस्तकालय के डिप्टी लाइब्रेरियन डॉ. राजेश कुमार सिंह को आईएलए-गिडवानी-देशपांडे बेस्ट एकेडमिक लाइब्रेरियन अवाॅर्ड 2024 से नवाजा गया। यह पुरस्कार उन्हें भारतीय पुस्तकालय संघ की ओर से कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय, रायचूर, कर्नाटक में आयोजित 70वें वार्षिक सम्मेलन में बृहस्पतिवार को दिया गया।

पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं और शोध कार्यों के लिए उन्हें ये सम्मान दिया गया। डॉ. सिंह ने पुस्तकालय सेवाओं के आधुनिकीकरण, डिजिटल संसाधनों के सुदृढ़ीकरण और सूचना प्रबंधन प्रणाली के उन्नयन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। 

आईएमए के रोजा इफ्तार पार्टी में जुटे डॉक्टर
इण्डियन मेडिकल एसोसिएशन यानी आईएमए वाराणसी शाखा की ओर से गुरुवार को आयोजित रोजा इफ्तार पार्टी में डॉक्टरों ने बढ़चढ़कर भागीदारी की। इस दौरान आईएमए अध्यक्ष डॉ.एसपी सिंह ने सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि रोजा इफ्तार हम सभी को भाईचारा बनाए रखने का संदेश देता है।

सचिव डाॅ.अरुण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि संस्था में जो भी सदस्य हैं, सभी के हितों को ध्यान में रखकर समय-समय पर कार्यक्रम मनाए जाते हैं। इस दौरान डॉ. मोगिश अन्सारी, डॉ. अहम्दुल्लाह, डॉ. इब्राहीम, डॉ. आरिफ, डॉ. जावेद, डॉ. नसीम, डॉ. नफीस अंसारी, डॉ. राशिद परवेज आदि लोग मौजूद रहे। संचालन डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह और डॉ. रितु गर्ग ने किया।

बीएचयू अर्थशास्त्र विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. डीके मिश्रा का निधन
बीएचयू अर्थशास्त्र विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. डीके मिश्रा (90) का गुरुवार की शाम को निधन हो गया। प्रो. मिश्रा डेवेल्पमेंट इकोनोमिक्स, मैक्रो इकोनोमिक्स और डिमोग्रैफी के विशेषज्ञ रहे हैं। प्रो. मिश्रा के शिष्य और डीएवी पीजी कॉलेज में अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. अनूप मिश्र ने बताया की प्रो. डीके मिश्रा ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के पिछड़ेपन को चुनौती मानते हुए अर्थशास्त्र विभाग में ग्रोथ सेंटर की स्थापना में मदद की। 

इलेक्ट्रिक बस खराब होने से सामनेघाट पुल पर लगा एक घंटे जाम
सामने घाट पक्का पुल पर गुरुवार सुबह इलेक्ट्रिक बस खराब होने से जाम लग गया। बस खराब होने से पुल के दोनों तरह वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते ही देखते जाम किला मार्ग के अयोध्या मैदान तक पहुंच गई। सुबह 11 बजे लगभग एक घंटे तक जाम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से बस को हटाया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। 

राष्ट्रीय रिकाॅर्ड होल्डर अंशु रजक ने 100 मीटर दौड़ में जीता स्वर्ण
सीनियर पुरुष एथलेटिक्स आमंत्रण प्रतियोगिता गुरुवार को लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में खेली गई। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय रिकॉर्ड होल्डर अंशु रजक ने सौ मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता।

प्रतियोगिता के चार सौ मीटर दौड़ में अभय कुमार ने स्वर्ण जबकि 110 मीटर हर्डल में हैदर, 800 मीटर में अभिषेक, शॉर्टपुट में प्रयागराज के प्रदीप पांडेय, ऊंची कूद में प्रयागरराज के विशाल, डिस्कस थ्रो में प्रयागराज अरुण सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। इससे पूर्व दो दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि संजय सिंह ने खिलाड़ियों परिचय लेकर किया। अतिथियों का स्वागत एथलेटिक्स कोच चंद्रभान यादव, संचालन उपक्रीड़ा अधिकारी इरशाद अहमद ने किया।

200 मीटर दौड़ में महिमा ने मारी बाजी, ताइक्वांडो में शालिनी बनीं विजेता
वसंत कन्या महाविद्यालय कमच्छा में चल रही एक सप्ताहिक वार्षिक खेल प्रतियोगिता के चौथे दिन का आयोजन अत्यंत उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ संपन्न हुआ। इसमें 200 मीटर दौड़ में महिमा ने बाजी मारी। ताइक्वांडो में शालिनी विजेता बनीं। इसके अलावा खोखो, बैडमिंटन और कैरम प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 

कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रचना श्रीवास्तव ने करते हुए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। बैडमिंटन का फाइनल मुकाबला अत्यंत रोमांचक रहा। खेल समिति के सदस्य डॉ. विजय कुमार, डॉ आरपी सोनकर, डॉ. आशीष कुमार सोनकर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मां गंगा के तट पर कल से होगी भागवत कथा
दशाश्वमेध घाट स्टेट श्रीराम मंदिर में शनिवार से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा होगी। विजयनगर राजस्थान के पंडित नर नारायण शास्त्री मां गंगा के सानिध्य में भगवान विशेश्वर को भागवत कथा सुनाएंगे। यह जानकारी श्रीराम मंदिर की महंत साध्वी कृष्णा दासी ने दी।

उन्होंने बताया कि इस भागवत कथा का आयोजन उनके गुरु 1008 वेदांताचार्य महंत हनुमान दास महाराज की प्रथम पुण्यतिथि पर किया जा रहा है। कथा रोज अपराह्न दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। पूर्णाहुति 28 मार्च को और 29 मार्च को भंडारे का आयोजन होगा। इसके साथ ही महंत हनुमान दास महाराज की मूर्ति की स्थापना भी की जाएगी।

संस्कृत के बिना नहीं की जा सकती भारतीय ज्ञान परंपरा की कल्पना
बीएचयू के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के प्रो. कृष्णकांत शर्मा ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा की कल्पना संस्कृत के बिना नहीं की जा सकती। भारतीय ज्ञान परंपरा लोक आश्रित है। कर्मकांड की वैज्ञानिकता को लोगों तक पहुंचाना चाहिए। संस्कृत का पुनरुत्थान जरूरी है।

वह बृहस्पतिवार को शिवपुर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध रानी पद्मावती तारा योगतंत्र आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा में संस्कृत वांग्मय का योगदान विषय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। मुख्य अतिथि आयुष्मान सिंह ने कहा कि संस्कृत भाषा के उत्थान के लिए केंद्र सरकार की ओर से किया गया आर्थिक सहयोग सराहनीय है। 

भारत अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. सदाशिव द्विवेदी ने कहा कि हमारी ज्ञान परंपरा समय के अनुसार परिवर्तित होती रही है। स्वागत प्रभारी प्राचार्य डॉ. कमलेश झा व कार्यक्रम संयोजक डॉ. लक्ष्मी नारायण उपाध्याय ने किया। संचालन डॉ. माधवेंद्र पांडेय व धन्यवाद ज्ञापन डॉ लक्ष्मीकांत पाठक ने किया।

गोवर्धन महाराज, म्हारे ब्रज बिराजे...
गोवर्धन महाराज, म्हारे ब्रज बिराजे... की धुन पर भक्त झूम रहे थे। भगवान श्रीकृष्ण के प्रेम में विह्वल होकर भजनों पर नृत्य करते हुए भक्तों ने गिरिराज जी का जयकारा भी लगाया। गुरुवार को महमूरगंज स्थित शृंगेरी मठ में चल रही कथा में गोवर्धन लीला में छप्पन भोग की झांकी सजाई गई। 

श्रीधाम वृंदावन के शयन भोग सेवा अधिकारी पं. बृजेश गोस्वामी ने कहा कि वृंदावन में कभी भी अज्ञानता, दंभ (अहंकार) और पाप के साथ प्रवेश नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि आप चाहते हैं कि वृद्धावस्था में आपकी संतान आपकी सेवा करे तो आप भी अपने संतानों की सेवा करें, उन्हें समय दें और धर्म की ओर उन्मुख रखें। 

कथा यजमान आनंद स्वरूप अग्रवाल ने व्यासपीठ का पूजन किया। आरती में अवधेश खेमका, महेश चौधरी, कृष्ण गोपाल तुलस्यान, डॉ. जेएस राय, डॉ. एमके राय, ओपी तिवारी, सुरेश तुलस्यान, रवि अग्रवाल शामिल रहे।

सुल्तानपुर पोखरी का पानी दूषित, संक्रामक रोग फैलने की आशंका
ग्राम पंचायत सुल्तानपुर में रिहायशी बस्ती के बीच पोखरी के किनारे चारों तरफ कूड़ा, कचरा जमा है। पोखरी में पानी दूषित होकर बदबू दे रहा है। मक्खियों व मच्छरों की भरमार हो गई है। संक्रामक रोग फैलने की आशंका बनी हुई है। सारनाथ से सटे होने के नाते पर्यटकों का भी आना-जाना लगा रहता है। 

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत में लाखों की लागत से आरआरसी सेंटर का निर्माण कराया गया है जबकि कूड़ा कलेक्शन के लिए बैटरी चालित ई-रिक्शा भी क्रय किया है। ग्राम पंचायत में तैनात सफाई कर्मचारी कभी भी पूरी सफाई नहीं करते और कभी कूड़ा उठाने का काम नहीं करते। 

ब्लॉक के एडीओ पंचायत कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि सफाई कर्मचारियों को ड्रेस पहन कर गांव की साफ-सफाई करने और कूड़ा उठाकर आरआरसी सेंटर पर रखने का निर्देश दिया गया है। ऐसा नहीं करने वाले कर्मचारी पर कार्रवाई की जाएगी।

माई भारत पोर्टल के महत्व की दी गई जानकारी
डीएवी पीजी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई बी के तत्वावधान में गुरुवार को माई भारत आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. मिश्री लाल ने कहा कि एनएसएस हमें समाज में एकता के साथ काम करने की प्रेरणा देता है। 

उपप्राचार्य प्रो. संगीता जैन ने कहा की एनएसएस हमारे अंदर सेवा की सच्ची भावना को जागृत करता है। मुख्य वक्ता एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. बंदना बालचंदनानी ने माई भारत पोर्टल के महत्व और उपयोग पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्वयंसेवकों पोर्टल पर स्वयं पंजीकरण करने तथा लोगों में इसके प्रति जागरूकता लाने को कहा। इस दौरान डॉ. ओम प्रकाश, सोनू विराज मौजूद रहे। 

व्यवसायिक केंद्र के पुननिर्माण पर चर्चा
जवाहर लाल नेहरू व्यावसायिक केंद्र के पुनर्निर्माण के संबंध में बृहस्पतिवार को बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता वीडीए अपर सचिव डॉ गुडाकेश शर्मा ने की। बैठक में कंसलटेंट ने पुनर्निर्माण के विभिन्न मॉडल्स और विकल्पों पर प्रस्तुति के माध्यम से विचार-विमर्श किया गया।

केंद्र के जर्जर होने के कारण इसके पुनर्निर्माण के लिए वीडीए और एनबीसीसी के बीच एमओयू हो चुका है। इस के लिए फिजिबिलिटी स्टडी कराई गई थी। इस बैठक में नगर नियोजक प्रभात कुमार, आर्किटेक्ट गोविंद श्रीवास्तव, रोहित रैना मौजूद रहे।

उत्तर रेलवे की टीम बनी विजेता
लखनऊ में आयोजित अंतर मंडलीय हॉकी प्रतियोगिता लखनऊ में खेली गई। प्रतियोगिता में उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की हॉकी टीम विजयी रही। इसमें टीम मैनेजर की भूमिका वाराणसी कैंट स्टेशन पर तैनात राजकुमार सिंह ने निभाई। 

नौका संचालन के लिए पोर्टल पर होगा पंजीकरण
गंगा में नौका संचालन के लिए नाविकों को भारतीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) के पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। प्राधिकरण ने पोर्टल निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर कर दी है। मई माह इसपर पंजीकरण शुरू होगा। उक्त बातें आईडब्ल्यूएआई वाराणसी क्षेत्र प्रभारी आरसी पांडेय ने कही।

उन्होंने बताया कि आईडब्ल्यूएआई के वेबसाईट पर सिर्फ पंजीकरण होगा। इसका नोडल परिवहन विभाग को बनाया गया है। इससे काशी में चलने वाली करीब तीन हजार नावें इस दायरे में आएंगी। अबतक नगर निगम से नावों का लाइसेंस मिलता था।

धोबीघाट में बाउण्ड्रीवाल, शेड, बोरिंग एवं मरम्मत कार्य की मंजूरी
वीडीए की ओर से पथरा बाग, रवि नगर, मुगलसराय में धोबीघाट के बाउण्ड्रीवाल, शेड, बोरिंग और मरम्मत कार्य को मंजूरी दी गई है। इसके तहत लगभग 96 मीटर लंबी बाउण्ड्रीवाल पर कार्य किया जाएगा। इसमें शेड, बोरिंग, पेंटिंग और स्टोन फ्लोरिंग का कार्य कराया जाएगा। कार्य की कुल अनुमानित लागत लगभग 28 लाख 13 हजार रुपये है। निविदा की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। यह कार्य धोबीघाट के बेहतर संचालन और रखरखाव के लिए आवश्यक सुधार प्रदान करेगा।

मधुमक्खी पालन के लिए किसानों को किया प्रशिक्षित, बांटे गए उपकरण
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान में राष्ट्रीय मधुमक्खी पालन एवं शहद मिशन परियोजना के तहत किसानों को मधुमक्खी पालन के लिए प्रशिक्षित किया गया। साथ ही किसानों को मधुमक्खी पालन के माध्यम से उद्यमिता विकास के लिए प्रेरित कर उपकरण भी बांटे गए।

संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र राय ने बताया कि तीन जिलों से आए 25 युवा उद्यमियों और प्रगतिशील किसानों को मधुमक्खी पालन के महत्व और उद्यमिता विकास में इसकी भूमिका के बारे में बताया गया। उन्होंने कहा कि मधुमक्खी पालन आय का एक महत्वपूर्ण स्रोत बन सकता है और यह किसानों और युवाओं के लिए एक आकर्षक व्यवसायिक अवसर प्रदान करता है।

इन उपकरणों का हुआ वितरण: प्रशिक्षण के समापन पर एनबीएचएम परियोजना के सहयोग से प्रतिभागियों को पांच-पांच मधुपेटिका और मधुमक्खी पालन से संबंधित सामग्रियों का वितरण किया गया। यह उपकरण किसानों को मधुमक्खी पालन शुरू करने और अपने व्यवसाय को बढ़ाने में मदद करेंगे।

जिला कारागर के नए अधीक्षक ने कार्यभार संभाला
जिला कारागार के नए अधीक्षक सौरभ श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को कार्यभार ग्रहण किया। जिला कारागार पहुंचते ही उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने कारागार की बैरकों, भोजनालय, अस्पताल और पीने के पानी की व्यवस्था के साथ परिसर को देखा। 

कारागार अधीक्षक ने अफसरों और कर्मचारियों से ईमानदारी से काम करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि बंदियों से मिलीभगत कर कोई भी अधिकारी या कर्मचारी किसी भी किस्म के भ्रष्टाचार का प्रयास करेगा, तो वह कार्रवाई से बच नहीं पाएगा। इससे पहले बैरकों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों को जेल मैन्युअल के अनुसार अच्छे आचरण के साथ रहने को कहा।

भाजपा महिला मोर्चा ने किया प्रदीप अग्रहरि का सम्मान
भारतीय जनता पार्टी के गुलाब बाग, सिगरा स्थित कार्यालय पर महानगर महिला मोर्चा ने नवनिर्वाचित महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि का सम्मान किया। मोर्चा की अध्यक्ष कुसुम पटेल ने माला पटका व स्मृति चिन्ह देकर अभिनंदन किया।

मोर्चा की अध्यक्ष कहा कि पिछले कार्यकाल में जब प्रदीप अग्रहरि अध्यक्ष थे। तब भी मैनै उनकी अध्यक्षता में कार्य किया था। उनके साथ बहुत अच्छा कार्य करने का अनुभव मिला है। एक बार फिर से महिला मोर्चा आपके नेतृत्व में जोश और जज्बे के साथ संगठन में काम करने को तैयार है। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के क्षेत्र में फिर से अध्यक्ष रुप में कार्य करने का सौभाग्य आप शक्ति स्वरूपा बहनों के आशीर्वाद से संभव हुआ है। 

क्षेत्रीय अध्यक्ष नम्रता चौरसिया ने कहा 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदीप अग्रहरि के साथ फिर से अवसर मिलना बड़े ही सौभाग्य की बात है। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री प्रज्ञा पांडेय और धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष साधना सिंह ने दिया। इस अवसर पर मंजू सिंह, पूजा दीक्षित, आयुसी श्रीमाली, पूजा, मीरा गुप्ता, प्रीती पुरोहीत आदि शामिल रहीं।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए यूपी कबड्डी टीम ने बहाया पसीना
34वीं सब जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता बिहार के गया में 27 से 30 मार्च तक खेली जाएगी। इसमें खेलने के लिए उत्तर प्रदेश की टीम ने गुरुवार को लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में आयोजित शिविर में अभ्यास किया। यह शिविर 12 से 26 मार्च तक आयोजित है। 26 मार्च को ही टीम बिहार रवाना होगी। शिविर में 20 बालक और 20 बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। उक्त जानकारी उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव राजेश कुमार सिंह ने दी है।

पुण्यतिथि पर सुरेंद्र पटेल की प्रतिमा पर हुआ माल्यार्पण
अपना दल के संस्थापक सदस्य स्व. सुरेंद्र पटेल की 21वीं पुण्यतिथि पर रमईपुर स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि सुरेंद्र पटेल नेसदैव गरीबों और शोषितों की लड़ाई लड़ी।

इस दौरान प्रदेश महासचिव उमेश पटेल, प्रदेश सचिव महिला मंच अनीता पटेल, आदि ने अपने विचार रखे। सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल ने कार्यकर्ताओं के साथ माल्यार्पण कर नमन किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य रमेश पटेल, रामाश्रय पटेल ने अपने विचार रखे। बसपा के विधानसभा प्रभारी लालचंद पटेल ने भी माल्यार्पण किया।

प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल का मनाया जाएगा 60वां जन्मदिन
साहित्यकार व बीएचयू में हिंदी विभाग के आचार्य प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल की षष्टि पूर्ति को भव्य रूप में मनाने की तैयारी है। बृहस्पतिवार को आयोजन समिति की बैठक न्यूरो चिकित्सक प्रो. विजय नाथ मिश्र के कक्ष में हुई। प्रो. वीएन मिश्र ने बताया कि प्रो. शुक्ल का 60वां जन्मदिन वैदिक विज्ञान केंद्र में 18 मई को मनाया जाएगा। 

इस अवसर पर देश के कई साहित्यकारों को आमंत्रित किया जा रहा है। श्रीप्रकाश शुक्ल के साहित्यिक व वैचारिक योगदान पर कविता, आलोचना व बनारस को आधार बनाकर तीन पुस्तकों का प्रकाशन भी हो रहा है। हिंदी विभाग बीएचयू और रामछाट पार न्यास की ओर से आयोजित समारोह में साहित्यकारों की सहभागिता के साथ प्रो. शुक्ल के मित्रों व शिष्यों के भी वक्तव्य होंगे। बैठक में प्रो. कमलेश वर्मा, डॉ. महेंद्र कुशवाहा, डॉ. विंध्याचल यादव, शैलेश तिवारी, आर्यपुत्र दीपक, अक्षत पांडेय उपस्थित रहे।

मार्कंडेय महादेव में बने बहुउद्देशीय रैन बसेरे के आसपास गंदगी
चौबेपुर के कैथी में मार्कंडेय महादेव मंदिर धाम में लाखों की लागत से बनाए गए बहुउद्देशीय रैनबसेरे के चारों ओर गंदगी है। इससे दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा। परिसर में पुलिस चौकी के समीप पूर्वांचल से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रदेश सरकार ने वर्षों पूर्व बहुउद्देशीय रैन बसेरा का निर्माण जिला पंचायत से कराया था।

रैन बसेरा में हजारों श्रद्धालु धार्मिक अनुष्ठान, शादी विवाह महाशिवरात्रि, त्रयोदशी पर ठहरते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सफाई कर्मचारी हैं। फिर भी रैन बसेरे की हालत दयनीय है। साफ सफाई न होने से बीमारियों का खतरा बना हुआ है।

महिलाओं को दी गई ट्रेनिंग, खाद्य उत्पादों की लगी प्रदर्शनी
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत पिंडरा विकासखंड में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में महिलाओं को समूह गठन, ऋण प्रबंधन और आजीविका के कई साधनों के बारे में जानकारी दी गई। 

अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त पवन कुमार सिंह ने महिलाओं को समूहों से जुड़ने और स्वरोजगार के अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया। जिला मिशन प्रबंधक श्रवण कुमार सिंह ने महिलाओं को सोशल मोबिलाइजेशन, माइक्रोफाइनेंस आदि के बारे में बताया। इस दौरान महिलाओं के हाथों से बने उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। 

उपायुक्त ने प्रदर्शनी का दौरा किया और महिलाओं के उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने महिलाओं को उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार करने और उन्हें बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया। सहायक विकास अधिकारी रवि सिंह, ब्लॉक मिशन प्रबंधक अंकित सिंह, शैलेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। 

खुशी की उड़ान संस्था ने 5वीं वर्षगांठ पर कराया रक्तदान
खुशी की उड़ान संस्था ने अपने 5वीं वर्षगांठ पर निफा के साथ मिलकर विश्वनाथ मंदिर परिसर बीएचयू में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। संस्था ने बीएचयू ब्लड बैंक के साथ एनीमिया और थैलेसीमिया पीड़ितों के लिए रक्तदान किया।

इसमें नौजवानों और महिलाओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मंत्री डॉ. दया शंकर मिश्र, उत्तर प्रदेश सहकारी संघ के निदेशक रामप्रकाश दुबे और विशिष्ट अतिथि बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर एसपी सिंह रहे। कार्यक्रम में खुशी की उड़ान की टीम से रीतिक कुमार, विकास गुप्ता, सुदीक्षा दुबे, प्रियंका गुप्ता, सुधीर मिश्र मौजूद रहे। 

छात्राओं के लिए कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान बृहस्पतिवार को दुर्गाचरण गर्ल्स इंटर कॉलेज में किया गया। योजनाओं का लोकार्पण करते हुए शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव गोविंद जायसवाल ने कहा कि यह आयोजन ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि जिस विद्यालय की स्थापना सौ वर्ष पूर्व शिक्षा के प्रसार के लिए हुई थी, उसी विद्यालय में छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए योजनाओं का शुभारंभ हो रहा है। 

प्रबंध निदेशक गोविंद जायसवाल ने बताया कि पहले चरण में विद्यालय के मंच का नवीनीकरण, महिला प्रसाधन कक्षों का निर्माण और आधुनिकीकरण, स्मार्ट क्लास, स्वच्छ पेयजल और स्वास्थ्य सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था की गई है। प्रधानाचार्या डॉ. पदमजा शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। 

आइरिश स्कैनर से दिया जा रहा अनाज
अंगूठे का निशान घिसने के बाद राशन नहीं मिलने की परेशानी दूर की जा रही है। आंखों के आइरिश इंप्रेशन से अनाज दिया जा रहा है। खाद्य एवं रसद विभाग प्रदेश के सभी कोटे की दुकानों पर ई-पॉस के साथ आइरिश स्कैनर भी दिया है। स्कैनर लगने से राशन कार्ड धारक की पहचान आंखों के जरिये भी की जा रही है। 

इससे राशन मिलने में परेशानी नहीं होगी। कई लोगों की हाथ की रेखाओं के साथ अंगुलियों और अंगूठे की रेखाएं भी घिस जाती हैं। ई-पॉस मशीन पर बायोमीट्रिक पहचान नहीं हो पा रही। कोटे की दुकानों पर एक आयरिश स्कैनर दिया गया है। अनाज देने से पहले आंखों में लगाया जाता है। इसकी पुष्टि आधार कार्ड के सर्वर से की जा रही है। शहर और देहात के अधिकांश कोटे की दुकानों पर भेजा गया है। 

एकनाथ महाराज की पुण्यतिथि पर निकली शोभायात्रा
संत एकनाथ महाराज की पुण्यतिथि पर गुरुवार को मराठी समाज की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु गायन करते हुए गंगा घाट तक गए और गंगा पूजन कर लौटे। इसके बाद भगवान रुक्मिणी और पांडुरंग का विशेष पूजन किया गया। भगवान को महानैवेद्य अर्पित किया गया और प्रसाद बांटा गया। 

महाराष्ट्र के वारकरी समुदाय के प्रमुख संत ज्ञानेश्वर महाराज ने भूतेश्वर गली स्थित विठ्ठल मंदिर में इस उत्सव का शुभारंभ किया। शनिवार को गोपाल काला कार्यक्रम में विजयकृष्ण भागवत का कीर्तन होगा। इस दौरान माधव जनार्दन रटाटे, षडानन पाठक कारखेड़कर, उदय कंठाले, दिवाकर वेदांती, संतोष सोलापुरकर, केशव झा उपस्थित रहे।

विश्व गौरैया दिवस पर लोगों को दिए घोसले
गौरेया को अपने परिवार का हिस्सा बनाएं। ये पौधरोपण में सहायक हैं, उन्हें खुद से दूर न होने दें। ये बातें वन संरक्षक डॉ. रवि कुमार ने विश्व गौरेया दिवस पर गुरुवार आयोजित कार्यक्रम में कहीं। सारनाथ मिनी जू पार्क में बृहस्पतिवार को गौरेया संरक्षण जागरूकता संगोष्ठी हुई। उन्होंने कहा कि गौरेया सिर्फ पारिस्थितिकी तंत्र के लिए नहीं बल्कि सांस्कृतिक प्रतीक भी रही है। 

गौतम चटर्जी ने कहा कि गौरेया होने से पर्यावरण सुरक्षित रहता है। इस मौके पर यंग इंडियन की ओर से वन विभाग को 100 लकड़ी के घोसले बांटे गए। इस मौके पर प्रभागीय वनाधिकारी स्वाति, उप प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार, अमित दुबे, रवींद्र यादव, एके उपाध्याय उपस्थित रहे।

वहीं, मालवीय हेल्पिंग हैंड्स सोसाइटी की ओर से हर घर घोसले की पहल हुई। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने भी अपने परिवार के साथ घर भर में घोसले लगाए और संदेश दिया कि सभी को मिलकर गौरैया के संरक्षण के लिए काम करना चाहिए। पिंडरा ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल रमईपट्टी के शिक्षक व बच्चों ने गौरैया के लिए घोसले बनाए।

कंपोजिट विद्यालय धूमधाम से बना वार्षिकोत्सव
कंपोजिट विद्यालय दशाश्वमेध में गुरुवार को वार्षिकोत्सव अभ्युदय धूमधाम से मनाया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि दशाश्वमेध जोन के बेसिक शिक्षा विभाग के खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश यादव और समाजसेवी अजीत जायसवाल रहे। इस मौके पर प्रधानाध्यापिका आरती सिंह और शिक्षक मौजूद रहे।

आज आएंगे केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी
केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी शुक्रवार की देर शाम को बाबतपुर एयरपोर्ट आएंगे। छावनी स्थित एक होटल में विश्राम करने के बाद अगले दिन सोनभद्र रवाना हो जाएंगे। वहां बैठक और निरीक्षण करने के बाद शनिवार की शाम बाबतपुर एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना हो जाएंगे। उनके आगमन की सूचना प्रशासन के पास आई है।

रोपवे निर्माण के लिए सीवर-पेयजल लाइन की शिफ्टिंग शुरू
रोपवे के निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने का काम शुरू हो गया है। गोदौलिया के पास सीवर और पेयजल लाइनों को शिफ्ट किया जा रहा है। जल निगम ने काम शुरू कर दिया है। भीड़भाड़ के कारण दिन में काम करने में परेशानी हो रही है।

यहां पर सीवर और पेयजल लाइनों को पाइलिंग से दूर किया जा रहा है ताकि पाइलिंग के दौरान किसी प्रकार की समस्या न होने पाए। जल निगम के अधिकारी ने बताया कि यहां भीड़भाड़ काफी है। दिन में काम करना संभव नहीं हो पाता है। इसलिए रात में काम कराया जा रहा है। रात में यातायात और श्रद्धालुओं की भीड़ कम रहती है। आगामी एक हफ्ते में काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद रोपवे निर्माण करने वाली एजेंसी अपना काम करेगी।

गोदौलिया चौराहे पर ट्रायलपिट का निर्माण शुरू हो गया है। ट्रायलपिट एरिया की बैरिकेडिंग कर जल निगम सीवर और स्ट्रार्म वाटर पाइप लाइन के डाइग्राम के आधार पर काम कर रहा है। कुछ जगहों पर बैरिकेडिंग कराई जाएगी। ट्रैफिक डायवर्जन के लिए रूट मैप तैयार किया जा रहा है। पिछले दिनों वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने हिदायत दी थी कि इस प्रोजेक्ट को पूरा कराने के लिए यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य जल्द पूरा कराया जाए। इस काम में कोई लापरवाही न बरती जाए।

आज आएंगे संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना
प्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना शुक्रवार की रात आएंगे। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करने के बाद अगले दिन शनिवार को अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। पीएम के संसदीय कार्यालय पर जनसुनवाई करेंगे। एक स्कूल में आयोजित बजट पर चर्चा करेंगे। किसी एक परियोजना का निरीक्षण करेंगे। 

दालमंडी से निकला अलम ताबूत का जुलूस, हुई शब्बेदारी
19वीं रमजान पर हजरत अली की शहादत के सिलसिले से अंजुमन हैदरी चौक के जेरे इंतजाम ताबूत और अलम का कदीमी जुलूस दालमंडी से निकाला गया। बृहस्पतिवार को निकले जुलूस में रास्ते भर या अली, मौला हैदर मौला, की सदाओं के साथ मातम करता हुआ जुलूस दरगाह ए फातमान पर जाकर समाप्त हुआ।

दरगाह ए फातमान में मजलिस को खिताब करते हुए हाजी फरमान हैदर ने कहा कि पैदा काबे में हो मस्जिद में शहादत पाए, अली सा बंदा अगर हो तो दुनिया सामने लाए...। दूसरी ओर मुकीमगंज में अंजुमन नसीरुल मोमिनीन द्वारा सौवें साल शब्बेदारी का आयोजन किया गया। कई अंजुमनों ने नौहा मातम किया। 

उलेमा ने तकरीर की और भोर में ताबूत उठाया गया। अर्दली बाजार में इमामबाड़ा मीर गुलाम अब्बास में भी ताबूत उठाया गया। शहर की 32 मस्जिदों में मजलिस का आयोजन हुआ। ख्वातीन ने भी कई जगह मजलिस आयोजित की।

फरमान हैदर ने बताया कि शहर की 28 अंजुमनें लगातार 22 मार्च तक विभिन्न क्षेत्रों में मजलिसों और ताबूत का आयोजन करती रहेंगी। पठानीटोला में प्रो. अजीज हैदर के घर में कदीमी इफ्तार का आयोजन हुआ। मस्जिद मुजीब में मौलाना वसीम असगर ने मजलिस को खिताब किया।

राजेश्वर सिंह पटेल बने जिलाध्यक्ष, राघवेंद्र चौबे महानगर अध्यक्ष
कांग्रेस ने गुरुवार को जिला और महानगर अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। बनारस समेत पूर्वांचल के जिलों में जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति की गई है। बनारस में जिलाध्यक्ष के पद पर राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष के पद पर राघवेंद्र चाैबे को नियुक्त किया गया है। कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी सूची में प्रदेश के सभी जिलों के अध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष शामिल हैं। 

आजमगढ़ के जिलाध्यक्ष के पद पर कौशल कुमार, महानगर अध्यक्ष पद पर रियाजुल हसन, मऊ में जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव, महानगर अध्यक्ष सलमान जमशेद, सोनभद्र में जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड, महानगर अध्यक्ष फरीद अहमद, मिर्जापुर जिलाध्यक्ष शिव कुमार पटेल, महानगर अध्यक्ष शिव कुमार पटेल, गाजीपुर जिलाध्यक्ष सुनील राम, महानगर अध्यक्ष संदीप कुमार विश्वकर्मा, जौनपुर में जिलाध्यक्ष प्रमोद सिंह, महानगर अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ, चंदौली में जिलाध्यक्ष अरुया द्विवेदी, महानगर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, बलिया में जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक को बनाया गया है। 

दो पशुपालकों को गंदगी और शहर में डेयरी संचालित करने पर नोटिस
नगर क्षेत्र में दो पशुपालकों की ओर से डेयरी संचालित करने पर नोटिस जारी किया गया है। अपर नगर आयुक्त राजीव कुमार राय ने निरीक्षण में पाया कि जैतपुरा क्षेत्र में कुछ पशुपालकों की ओर से घनी बस्ती में अवैध रूप से डेयरी संचालित की जा रही है। मुन्ना यादव और मदन यादव के यहां दुधारू जानवरों को पाल कर डेयरी संचालित करते पाया। 

गोबर को सीधे सीवर लाइन में डाला जा रहा है। इस डेयरी संचालन से क्षेत्र में काफी गंदगी मिली। अपर नगर आयुक्त ने दोनों पशुपालकों के विरुद्ध ‘दुधारू पशु नियंत्रण एवं विनियमन उपविधि के तहत कार्रवाई कर नोटिस जारी किया। पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि दुधारू पशुओं को पकड़कर गोशाला में संरक्षित किया जाए। अपर नगर आयुक्त ने सभी पशुपालकों को सचेत किया कि वे नगर क्षेत्र में डेयरी का संचालन बंद करें, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी।

भौतिक साधन से बढ़ती है असुरक्षा
आईएमएस बीएचयू में आयोजित कार्यक्रम में मेडिकल छात्रों को स्वप्रबंधन की कला बताई गई। इस दौरान स्वामी कृष्णकांत ने कहा कि भौतिक साधनों से असुरक्षा बढ़ती है। ऐसे में अतीत के ग्रंथों से सीखने की जरूरत है।

स्वामी कृष्णकांत ने कहा कि जिस देश में उपनिषद हो, गीता हो, उदात्त साहित्यिक परंपरा हो, उस देश के लोग अगर डिप्रेशन में जाते हैं तो इसका मतलब हम अपने जड़ों से कट गए हैं। स्वागत प्रो. विजय नाथ मिश्र, धन्यवाद ज्ञापन प्रो. एसएन संखवार ने किया। कार्यक्रम में प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल, प्रो. रामेश्वर चौरसिया, प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे, प्रो. विश्वंभर सिंह आदि मौजूद रहे।

रुद्र और चंडी के मंत्रों से यज्ञ वेदी में डाली 1008 आहुतियां
कांची कामकोटि मंदिर का पूरा प्रांगण रुद्र और चंडी के मंत्रों से गुंजायमान हो रहा था। यज्ञ वेदियों में एक-एक मंत्रों पर समीधा, फल, पुष्प, औषधियां, वस्त्र, मेवे और घृत अर्पित किए जा रहे थे। दोनों हाथ जोड़े भक्तों की टोली मंत्रों के साथ-साथ खुद को जोड़ने का प्रयास कर रही थी।

गुरुवार को हनुमानघाट स्थित कांची कामकोटि मंदिर में मंगला आरती के बाद अनुष्ठान आरंभ हो गए। कांची के शंकराचार्य चंद्रशेखरेंद्र सरस्वती की 132वीं जयंती के उत्सव का समापन यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ हुआ।

जय-जय शंकर, हर-हर शंकर का जयघोष करती हुई भक्तों की टोली मंदिर में विग्रहों का दर्शन-पूजन करने के बाद यज्ञ में शामिल हो रही थी। श्रीगुरुचरण सेवा समिति काशी की ओर से लगातार 16वें साल आयोजित महोत्सव के दौरान चल रहे यज्ञ वेदी में मंत्रों के जरिए 1008 आहुतियां अर्पित की गईं।

इसके पूर्व जगद्गुरु आदि शंकराचार्य के श्रीविग्रह, कांची कामकोटि पीठ के 68वें जगद्गुरु शंकराचार्य चंद्रशेखरेंद्र सरस्वती के पंच लोह विग्रह एवं पादुका का पूजन हुआ। चारों वेदों के सभी शाखाओं के पारायण का समापन होने के बाद नियमित रूप से चल रहे यज्ञ की पूर्णाहुति की गई।

वैदिक विद्वान सलक्षण घनपाठी और दंडी स्वामी अमृतानंद सरस्वती महाराज के नेतृत्व में अनुष्ठान पूर्ण कराए गए। कार्यक्रम के आयोजक नारायण घनपाठी, वी. चंद्रशेखर द्राविड़ घनपाठी, के. कौशिक शर्मा रहे। इस दौरान कांची मठ के प्रबंधक वीएस सुब्रह्मण्यम मणि, वीएस चंद्रशेखर, सीताराम द्विवेदी, लोकेश शृंगी, वेंकटकृष्णन, अभय शर्मा आदि रहे।

देश के हर शहर में एक काशी बसती है
साहित्यकार प्रो. रामसुधार सिंह ने कहा कि काशी लघु भारत है और स्वयं के भीतर एक वृहद भारत भी रखती है। काशी एक अबूझ शहर है। इसे जितना समझने का प्रयास करेंगे, उतनी ही ये हाथ से छिटकती जाएगी। देश के हर शहर में एक काशी बसती है। 

ये बातें काशी: संस्कृति, परंपरा और परिवर्तन विषयक कार्यशाला में उन्होंने कहीं। कहा कि काशी को जानकर हम अध्यात्म के मूल सूत्र को जान सकते हैं। वर्तमान समय में काशी पर्यटन स्थल हो गया है। काशी में परिवर्तन के दौर में भी काशी की संस्कृति, आध्यात्मिकता ऊर्जाशीलता को बचाकर रखना होगा। 

कलाविद डॉ. राधाकृष्ण गणेशन ने कहा कि काशी में संपूर्ण भारत के विविध प्रांतों, भाषाओं, संप्रदायों, पंथों एवं मतावलंबियों की समग्र उपस्थिति व्यापक रूप से विद्यमान है। संचालन डॉ. सुजीत चौबे, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अवधेश दीक्षित ने किया। इस दौरान प्रो. सिद्धनाथ उपाध्याय, प्रो. राणा पीबी सिंह, प्रो. सदाशिव द्विवेदी, प्रो. पीके मिश्र, डॉ दयाशंकर त्रिपाठी, डॉ. सीमा मिश्रा आदि लोग मौजूद रहे।

निशा बनीं मारवाड़ी युवा मंच गंगा शाखा की अध्यक्ष
अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच गंगा शाखा के नए सत्र 2025-26 की नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह बृहस्पतिवार को महमूरगंज स्थित एक होटल में हुआ। इसमें निशा अग्रवाल को अध्यक्ष, अनीता सिंघानिया को सचिव, ज्योति अग्रवाल को कोषाध्यक्ष और समता डिडवानिया को सह सचिव की जिम्मेदारी दी गई। 

मुख्य अतिथि पूर्व अध्यक्ष श्रद्धा अग्रवाल और स्मिता लोहिया ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराया। इस दौरान शाखा की वार्षिक पत्रिका अविरल गंगा का लोकार्पण प्रमुख समाजसेवी व उद्यमी संजय लोहिया ने किया। इस दौरान होली मिलन समारोह भी हुआ। भजन गायिका संगीता मूंदड़ा ने होली खेले रघुवीरा... की प्रस्तुति दी। इस दौरान अलका महेश पोद्दार, कृष्णा चौधरी, उषा तुलस्यान, मेघा यादुका, सिल्की अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल, मधु तुलस्यान आदि मौजूद रहीं। 

पेड़ों के लगातार कटने से विलुप्त हो रही गौरैया
आर्य महिला पीजी कॉलेज के संस्कृत विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को विश्व गौरैया दिवस मनाया गया। प्रो. जया मिश्रा ने गौरैया से जुड़े अपने स्वानुभव को व्यक्त करते हुए गौरैया दिवस के महत्त्व एवं उसके संरक्षण के उपाय बताए।

कहा कि पेड़ों के लगातार कटने और प्रदूषण से गौरैया पक्षी विलुप्त होने के कगार पर पहुंच चुकी है। डॉ. पुष्पा त्रिपाठी ने अपने घर पर किये गए गौरैया संरक्षण के प्रयासों के बारे में बताया। इस दौरान डॉ. नागमणि त्रिपाठी, डॉ. ऋतु कयाल, डॉ. अरिमा त्रिपाठी, डॉ. विनीता सिंह, राजकुमार कयाल आदि मौजूद रहे।

सीआरपीएफ कैंपस में बनेगी पिच रोड और बाउंड्रीवाॅल
वीडीए की ओर से पहड़िया स्थित 95 बटालियन सीआरपीएफ कैंपस में पिच रोड और बाउंड्रीवाॅल के निर्माण कार्य को मंजूरी दे दी गई है। इस निर्माण कार्य की अनुमानित लागत 64 लाख रुपये है। इसमें 950 मीटर लंबी पिच रोड बनाई जाएगी। इसके साथ ही बाउंड्रीवाॅल निर्माण के के तहत आरसीसी पिलर्स, ब्रिक वर्क, बाउंड्री वाॅल पर पेंटिंग और सर्कुलर फेंसिंग का कार्य कराया जाएगा। इसकी औपचारिकताएं 27 मार्च तक पूरी हो जाएंगी। 

वहीं, वीडीए की ओर से पथरा बाग मुगलसराय में धोबीघाट के बाउंड्रावॉल, शेड और बोरिंग के साथ वहां मरम्मत कार्य को भी मंजूरी दी गई। इसके तहत लगभग 96 मीटर लंबी बाउंड्रीवॉल बनाई जाएगी। शेड, बोरिंग, पेंटिंग और स्टोन फ्लोरिंग का कार्य कराया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत 28.13 लाख रुपये है। 

पीएनयू क्लब के प्रबंध समिति का चुनाव 30 मार्च को
प्रभु नारायण यूनियन क्लब (पीएनयू क्लब) प्रबंध समिति के चुनाव की घोषणा कर दी गई है। प्रबंध समिति का चुनाव 30 मार्च को होगा। क्लब के 835 सदस्य मतदान करेंगे। प्रबंध समिति ने विमल कुमार त्रिपाठी और रवि कुमार जायसवाल को चुनाव अधिकारी मनोनीत किया है। 

पीएनयू क्लब के अध्यक्ष अनिल कुमार लालवानी ने बताया कि नौ पदों के लिए चुनाव होंगे। 30 मार्च को सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। इसी दिन शाम सात बजे से मतगणना शुरू होगी और देर रात तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव में प्रबंध समिति के अध्यक्ष, सचिव के अलावा सात कार्यकारिणी सदस्य चुने जाएंगे। अगले दिन 31 मार्च को निवर्तमान टीम चुनी गई नई कार्यकारिणी को दायित्व सौंपेगी। 

49 संविदा कर्मचारियों को निकालने पर आपात बैठक
49 संविदा कर्मचारियों को नौकरी से निष्कासित करने पर गुरुवार को विद्युत संविदा मजदूर संगठनों के पदाधिकारियों ने भिखारीपुर कार्यालय में आपात बैठक की। फर्म मेसर्स ग्रिड पावर कंपनी द्वारा ग्रामीण मंडल, विद्युत वितरण मंडल में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को निकलने पर रोष व्याप्त किया। 

पूर्वांचल अध्यक्ष इंद्रेश कुमार राय ने कहा कि फर्म द्वारा 49 संविदा कर्मचारियों को हटाने से संबंधित आदेश तत्काल निरस्त किया जाए। नहीं तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा। पूर्वांचल महामंत्री वेद प्रकाश राय ने बताया कि कर्मचारियों को निकालने से उनका परिवार सड़क पर आ जाएगा। बैठक में पुनीत राय, संदीप कुमार, उदय प्रताप सिंह, राजकुमार यादव, विजय नारायण आदि उपस्थित रहे। 

संत समाज के प्रति समर्पित थे स्वामी बाणेश्वरानंद तीर्थ
काशी सुमेरु पीठाधीश्वर स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि स्वामी बाणेश्वरानंद तीर्थ दंडी संन्यासियों के प्रति काफी उदार भावना रखते थे। आजीवन सनातन धर्म और इसके प्रचार-प्रसार में अपना सर्वस्व न्योछावर कर देना इनका स्वभाव था। काशी के बंगीय समाज में गुरु रूप में इनका काफी सम्मान था।

वह गुरुवार को कामरूप मठ दशाश्वमेध में ब्रह्मलीन स्वामी बाणेश्वरानंद तीर्थ के षोडशी व धर्म सभा सम्मान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि स्वामी बाणेश्वरानंद लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके न रहने से सनातन धर्म की क्षति हुई है। 

इस अवसर पर स्वामी बिमलदेव आश्रम (मछली बंदर मठ), स्वामी प्रणव आश्रम (मधुसूदन मठ), स्वामी ओकास आश्रम (चौसट्ठी मठ ), स्वामी जितेंद्रानंद, स्वामी रामानंद सरस्वती ने श्रद्धांजलि दी। संयोजन ब्रह्मलीन स्वामी के शिष्य स्वामी शुद्धानंद तीर्थ महाराज ने किया। इस दौरान मठ में विराजित शिवलिंग का रुद्राभिषेक, धर्म सभा व षोडशी हुआ। 21 मार्च को कामरूप मठ में शाम पांच बजे से विद्वत सभा होगी।

भक्ति हीन व्यक्ति को नहीं प्राप्त हो सकता है वैभव
लक्ष्मी नृसिंह मंदिर प्रह्लाद घाट के भास्कर शास्त्री ने कहा कि जैसे स्नान करने से शरीर पवित्र होता है, उसी तरह रामकथा श्रवण करने से मानव का अंतःकरण पवित्र हो जाता है। मन के संपूर्ण विकार समाप्त हो जाते हैं। अगर मानव एक दूसरे में सियाराम के दर्शन करेंगे तो मन में कभी भी गलत विचार नहीं आएंगे। 

श्री गोस्वामी तुलसीदास जी ने मानस में कहा है कि सियाराम मैं सब जग जानी करहूं प्रणाम जोरी जुग पानी...। वह श्रीरामचरित मानस समिति वासुदेव नगर कालोनी में चल रही नौ दिवसीय मानस सम्मेलन में कथा सुना रहे थे। उन्होंने कहा कि भक्ति हीन व्यक्ति कभी भी वैभव को प्राप्त नहीं कर सकता।

इंदौर से आईं सियाराम भारती ने मानस की व्याख्या करते हुए कहा कि मानस का तात्पर्य है म से मर्यादा, आ से आदर्श, न से नम्रता और स से समर्पण। जौनपुर के वशिष्ठ नारायण उपाध्याय ने कहा कि जब तक जीवन में दुख नहीं होता है तब तक सुख की अनुभूति नहीं होती है। सुख आने पर इतराना नहीं चाहिए और दुख आने पर घबराना नहीं चाहिए। सम्मेलन में मानस वक्ताओं का माल्यार्पण दयाशंकर त्रिपाठी, बुच्चुन सिंह, शिवशंकर पांडेय ने स्वागत किया। सम्मेलन का संचालन क्षत्रधारी सिंह एडवोकेट ने किया। 
विज्ञापन

आईटीआई में आज कैंपस सेलेक्शन का आयोजन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में 21 मार्च को सुबह 10 बजे से कैंपस सेलेक्शन का आयोजन किया जाएगा। इसमें गुजरात की एक निजी कंपनी शामिल होगी। यहां लगभग 150 अभ्यर्थियों के लिए वैकेंसी है। 10वीं, 12वीं और आईटीआई पास राजकीय और निजी संस्थान के लोग शामिल हो सकते हैं। 

प्लेसमेंट इंचार्ज सुनील कुशवाहा ने बताया कि इसमें 18 से 24 वर्ष के अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। उनके लिए डेंटर, वेल्डर, पेंटर सहित कई पदों पर आवेदन लिए जाएंगे। जो लोग इसमें आवेदन करना चाहते है वे निवास प्रमाण पत्र, बायोडाटा, फोटोग्राफ्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, पुलिस वैरिफिकेशन के साथ आईटीआई करौंदी में संपर्क कर सकते है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें