Varanasi Latest News : पुरानी रंजिश को लेकर लस्सी विक्रेता पर लाठी-डंडे और रॉड से हमला कर उसकी गैर इरादतन हत्या के आरोप में एक आरोपी को जैतपुरा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान डिगिया निवासी बच्चा उर्फ विशाल खरवार के रूप में हुई है।
चौक क्षेत्र में लस्सी बेचने वाला विकास उर्फ विक्की यादव एक नवंबर 2024 की रात लगभग 10 बजे ईश्वरगंगी पोखरा निवासी अपने एक परिचित से मिलने जा रहा था। उसी दौरान रस्ते में बच्चा और सूरज यादव अपने तीन-चार अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उसे घेर लिए थे।
इसके बाद पुरानी रंजिश को लेकर उन लोगों ने विकास को जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडे और रॉड से उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर, हाथ और चेहरे पर गंभीर चोट आई थी। उपचार के दौरान विकास उर्फ विक्की यादव की 22 नवंबर 2024 को मौत हो गई।
इस मामले में जैतपुरा थाने की पुलिस ने आरोपी बच्चा उर्फ विशाल खरवार और सूरज यादव के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी बच्चा उर्फ विशाल खरवार नीलकंठ त्रिमुहानी के समीप स्थित रुद्रेश्वर महादेव मंदिर के समीप है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जमीन के विवाद में दो भाइयों पर हमला, मुकदमा दर्ज
ग्राम कोइरीपुर (खुर्द) में बृहस्पतिवार को पांच लोगों ने जमीन के विवाद में दो भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित गोविंद कुमार मौर्या ने पुलिस को बताया कि जमीन के विवाद को लेकर गोपाल मौर्या, गौरव मौर्या, सौरव मौर्या, शुभम मौर्या तथा सुनिता ने हमला किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो लड़कों ने चोरी की, शिकायत पर परिजनों ने धमकाया
परमहंस नगर कॉलोनी, छोटा लालपुर, पांडेयपुर की रहने वाली बबिता अग्रवाल के घर से गत 30 जनवरी को दो लड़कों ने नकदी और जेवर चुरा लिया। आरोप है कि उन्होंने बच्चों के अभिभावकों से शिकायत की तो उनके साथ गालीगलौज कर उन्हें धमकी दी गई।
एक लड़के के चाचा पुलिस कर्मी हैं, उन्होंने फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। बबिता ने बताया कि दोनों लड़कों ने उनके घर से 25 हजार रुपये और 75 हजार रुपये मूल्य का झुमका और जरूरी कागजात चुराया है। बबिता की तहरीर पर लालपुर पांडेयपुर थाने में दोनों किशोरों के खिलाफ नामजद और उनके अज्ञात अभिभावकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मकान बेचने के नाम पर साढ़े तीन लाख की धोखाधड़ी, दो पर केस दर्ज
मकान बेचने के नाम पर एक व्यक्ति से तीन लाख 65 हजार रुपये की धोखाधड़ी के मामले में सारनाथ पुलिस ने दो लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सुरेंद्र कुमार शाह ने बताया कि वह दुर्गा नगर काॅलोनी के नीरज जायसवाल, कन्हैया के साथ मिलकर अपना मकान बेचने की बात कह कर 3,65,000 रुपये लिया।
बाकी बचे शेष 4 लाख रुपये बकाया रखा। इसी दौरान नीरज जायसवाल और कन्हैया ने मकान बैनामा करा लिया। कुछ माह बाद मकान पर कब्जा करने की बात कहने पर दोनों ने मना कर दिया। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
हॉस्टल के चौकीदार की पिटाई के मामले में मुकदमा दर्ज
बीएचयू के विश्वेश्वरैया हॉस्टल में चौकीदारी करने वाले राम आशीष की पिटाई के मामले में अज्ञात के खिलाफ लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। राम आशीष ने बताया कि तीन फरवरी की रात ड्यूटी खत्म होने पर घर जाने के लिए निकला था। इसी दौरान राजपूताना छात्रावास पास 30 से 35 लोगों ने हमला कर दिया। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह बीचबचाव करके सीर गेट स्थित बीएचयू पुलिस चौकी पर भेजा।
पति सहित पांच पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
महिला को शादी के बाद दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से दिव्यांग बच्चे के साथ निकाल देने के मामले में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़िता रेखा यादव ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी गोरखपुर जिले के सिकरीगंज थाने के बर्रोही बारीगांव निवासी देवकीनंदन यादव से वर्ष 2011 में हुई थी। शादी के एक साल बाद ही दहेज को लेकर देवकीनंदन, उनकी मां जूलेबा देवी, पिता राजबहादुर यादव, भाई अभिनंदन यादव और बहन किरन यादव प्रताड़ित करने लगे।
देवकीनंदन यादव का वर्ष 2015 में प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर चयन हो गया। उसके बाद मारपीट व दहेज को लेकर प्रताड़ना और बढ़ गई। गर्भवती होने पर उन्हें वर्ष 2015 में मारपीट कर गोरखपुर से वाराणसी पहुंचा दिया गया। 21 फरवरी 2016 को उन्होंने एक दिव्यांग पुत्र को जन्म दिया। पुत्र के जन्म के बाद ससुराल जाने पर मारपीट और बढ़ गई। दिसंबर 2022 में उन्हें मारपीट कर बच्चे के साथ घर से निकाल दिया गया।
विद्यालय निकली छात्रा लापता
चोलापुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह घर से निकली 16 वर्षीय छात्रा लापता हो गई। छात्रा के पिता ने चोलापुर थाने में गुरुवार को तहरीर देकर बताया कि बेटी घर से विद्यालय निकली थी। लेकिन अभी तक वापस नहीं आई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
पति समेत दो के खिलाफ दहेज का मुकदमा दर्ज
गौतम विहार कॉलोनी मीरापुर निवासी प्रशंसा श्रीवास्तव की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ दहेज का मुकदमा दर्ज किया है। प्रशंसा श्रीवास्तव ने प्रार्थना पत्र में बताया कि शादी 2014 में गौतम विहार कॉलोनी मीरापुर निवासी हितेश चंद्र श्रीवास्तव के साथ हुई थी। मेरे पति, उसके दो भाई दो लाख रुपये मांग रहे है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आज पांच घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
पांडेयपुर से आजमगढ़ रिंग रोड मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण में बाधक बन रहे पोलो की शिफ्ट्टिंग, पेड कटिंग संबंधित कार्य को लेकर शुक्रवार को पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसी क्रम में 11 केवी सोयेपुर, लालपुर, शक्तिनगर और अकथा उपकेंद्र में पेड़ों की कटाई के लिए सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस कारण अकथा गांव, बजरंग नगर, संजय नगर, जीडी नगर, विश्वनाथपुरी, लालपुर, पांडेयपुर, राय साहब का बगीचा सहित कई क्षेत्र प्रभावित रहेंगे।
सहायक पुलिस आयुक्त के आदेश पर मारपीट का मुकदमा दर्ज
सहायक पुलिस आयुक्त के आदेश पर शिवपुर थाने में मारपीट, दुकान में तोड़फोड़ का मुकदमा दर्ज हुआ है। काशीराम निवासी राज साहू ने सहायक पुलिस आयुक्त को दी तहरीर में बताया की 4 फरवरी को साहिल खान व एक अज्ञात व्यक्ति ने दुकान पर सिगरेट मांगा। जब पैसे मांगा गया तो गालियां देते हुए दुकान का सामान फेक दिया। मामले की सूचना डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद साहिल खान ने जान से मारने की धमकी देते हुए चला गया। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
बस और बाइक में टक्कर, तीन घायल
दानगंज चौकी क्षेत्र के ग्राम तरांव स्थित नेशनल हाइवे पर बृहस्पतिवार शाम रोडवेज बस और बाइक की टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्वास्थ्य सामुदायिक केंद्र चोलापुर में भर्ती कराया।
जिला अस्पताल में बिजली गुल होने से छाया अंधेरा
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार की रात में बिजली गुल होने से अस्पताल परिसर में अंधेरा छा गया। यहां जेनरेटर हैए लेकिन तकनीकी खराबी की वजह से चल नहीं सका। इस वजह से भर्ती मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब 8 बजे गुल बिजली 45 मिनट बाद आई तब जाकर मरीजों, तीमारदारों ने राहत की सांस ली।
जिले के सरकारी अस्पतालों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की व्यवस्था है, इसके बाद भी आए दिन कटौती की वजह से यहां अंधेरा रहता है। बृहस्पतिवार की रात करीब 8 बजे यहां बिजली गुल होने से बाहर गेट से लेकर अंदर वार्ड तक अंधेरा छा गया। बहुत देर इंतजार करने के बाद भी जब जेनरेटर नहीं चला तो मरीजों के तीमारदारों ने मोबाइल की रोशनी की। करीब 45 मिनट बाद जब बिजली आई तब जाकर समस्या का समाधान हुआ।
राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल को मिली एंबुलेंस, मरीजों को मिलेगा लाभ
राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय और अस्पताल चौकाघाट में मरीजों को अब एंबुलेंस की सेवा मिलेगी। बृहस्पतिवार को प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने हरी झंडी दिखाकर एंबुलेंस को रवाना किया।
स्व. क्रांति कुमार की पत्नी सुमन माथुर और वीरेंद्र कुमार सिंह के सौजन्य से चिकित्सा उपकरणों से लैस एक एंबुलेंस महाविद्यालय\चिकित्सालय को दान में दी गई है। डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने उनके परिवार के सदस्यों का आभार जताया। कहा कि एंबुलेंस जनसामान्य के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।
मंत्री ने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सालय में सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। संचालन डॉ. अंजना सक्सेना और धन्यवाद महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. शशि सिंह ने किया। इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, गौरव राठी, डॉ. अजय कुमार, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद सिंह मौजूद रहे।
सामूहिक दुष्कर्म का आरोपी 10 साल बाद गिरफ्तार
शिवपुर थाने की पुलिस ने अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के मुकदमे में 10 साल से वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 25 हजार के इनामी बदमाश मिर्जापुर जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र के गणेशगंज लालडिग्गी निवासी बेलाल उर्फ भल्ला उर्फ रिजवान के रूप में हुई है। इंस्पेक्टर शिवपुर उदयवीर सिंह ने बताया कि दो अन्य आरोपियों इश्तियाक उर्फ राजू और बाबा को वर्ष 2015 में मुकदमा दर्ज करने के बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
पुलिस को चकमा देकर भागा बदमाश गिरफ्तार
पहाड़ी के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान पुलिस को चकमा देकर भागे बदमाश को मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गाजीपुर जिले के कोतवाली थाने के सिकंदरपुर गांव निवासी अजीत सिंह उर्फ कौआ के रूप में हुई है।
अजीत के खिलाफ वाराणसी, गाजीपुर और चंदौली में लूट और चोरी सहित अन्य आरोपों में 32 मुकदमे दर्ज हैं। मंडुवाडीह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय ने बताया कि गत चार फरवरी की देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान प्रेम नारायण सिंह उर्फ बाबू उर्फ बउवा गिरफ्तार किया गया था। उस दौरान अजीत भी उसके साथ था, लेकिन पुलिस को चकमा देकर भाग गया था।
ब्लेड से जानलेवा हमला करने का आरोपी गिरफ्तार
आंध्र प्रदेश से आए टूरिस्ट गाइड पर ब्लेड से जानलेवा हमला करने के आरोपी को लंका थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आंध्र प्रदेश के कृष्णा नगर जिले के नंदीगावां निवासी डी बाजी सत्यम उर्फ दीपू के रूप में हुई है। लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र ने बताया कि दक्षिण भारतीय श्रद्धालुओं का दल सामने घाट क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरा था। खाने-पीने के दौरान दीपू और उसका एक साथी साथ आए टूरिस्ट गाइड से उलझ गए। विवाद बढ़ा तो दोनों ने टूरिस्ट गाइड पर ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया। दीपू के साथी की तलाश कराई जा रही है।
पति सास, ससुर समेत 7 के खिलाफ दहेज का मुकदमा दर्ज
कपसेठी थाना क्षेत्र के दलपत्तीपुर गांव की रहने वाली खुशबू की तहरीर पर पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ दहेज का मुकदमा दर्ज किया है। खुशबू ने प्रार्थना पत्र में बताया कि शादी 2023 में मिर्जापुर निवासी अजय कुमार के साथ हुई थी। अब वह प्रयागराज में रहते हैं। ससुराल वाले फ्लैट खरीदने के लिए पांच लाख रुपये मांग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बेनियाबाग में टेंट हटाने का लोगों ने किया विरोध
बेनियाबाग के पास महाकुंभ से लौटने वाले श्रद्धालुओं के लिए लगे टेंट को हटाने का काम गुरुवार से शुरू हो गया है। इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध भी किया। कहा कि अभी लोग आ रहे हैं और कुछ लोग वहां मौजूद थे। टेंट हटाने वाले कहने लगे कि उन्हें ऊपर से आदेश मिला है। पांच फरवरी तक टेंट लगाने को कहा गया था। अब मियाद खत्म हो गई तो हटवाया जा रहा है।
अचानक ब्रेक लेने से चार वाहन में भिड़े, दो यात्री घायल
राजातालाब नीय थाना क्षेत्र के बीरभानपुर स्थित हनुमान मंदिर के सामने गुरुवार की शाम चार वाहनों की आपस में भिड़ंत हो गई। इसमें प्रयागराज से काशी विश्वनाथ में दर्शन के लिए आ रहे कार सवार अजमेर निवासी मुतुल गांगुली, आरके गांगुली घायल हो गए।
हादसे में तीनों वाहनों पर सवार लोग बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। उप निरीक्षक प्रदीप पांडेय ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क के किनारे लगवा कर यातायात सुचारू रूप से चालू कराया।
दोस्त को बुलाने गए युवक के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ केस
भेलूपुर थाना क्षेत्र के ककरमत्ता न्यू कॉलोनी के रहने वाले प्रदीप यादव की शिकायत पर तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रदीप यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को दोस्त को बुलाने के लिए चितईपुर स्थित राजेंद्र विहार कॉलोनी में गए थे। वहीं एक व्यक्ति गाली गलौज करने लगा। कारण पूछने पर दो और व्यक्ति आ गए और पिटाई की। तहरीर पर चितईपुर थाने में पुलिस ने केस दर्ज किया।
शराब के नशे में युवक ने जलाई बाइक
सारनाथ क सुल्तानपुर गांव में बुधवार रात एक युवक ने गेहूं के खेत में अपनी बाइक जला दी। उपनिरीक्षक जगदीश सिंह ने बताया कि बाइक का नंबर भी जल गया है। युवक की तलाश की जा रही है।
जनाबे कासिम की विलादत मना जश्न, उठाए जुलूस
नौचंदी जुमेरात पर शिया समुदाय ने इमाम हसन के बेटे जनाबे कासिम की विलादत का जश्न मनाया गया। घरों में उनके नाम पर फातिहा हुई। लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां मनाईं। जुलूस उठाए गए। दरगाहे फातमान में महफिल हुई।
समर बनारसी, हैदर मौलाई हाजी, हाजी अलीम हुसैन, इमरान बनारसी, शाहिद बनारसी आदि शायरों ने उनकी शान में कलाम पेश किए। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने तकरीर की। दरगाहे फातमान में ही अलम का जुलूस निकाला। सदर इमामबाड़ा, पठानी टोला में मस्जिद मुजीब में, अर्दली बाजार चौहट्टे, शिवाला आदि इलाकों में जुलूस निकालकर अकीदत पेश की गई।
काशी के विद्वानों ने शास्त्रार्थ परंपरा को कायम रखा : शंकराचार्य
मां अन्नपूर्णा मंदिर में कुंभाभिषेक महानुष्ठान के छठें दिन गुरुवार को विविध अनुष्ठान के साथ ही शास्त्रार्थ हुआ। शृंगेरी शंकराचार्य विधु शेखर भारती स्वामी के सानिध्य में विद्वानों ने वेद, शास्त्र और व्याकरण पर चर्चा की।
शंकराचार्य ने प्रश्न किया कि महर्षि पतंजलि महाभाष्य कारने अपि काक: सेनायते भाष्य विरोध का वारण कैसे होगा? विद्वानों ने इसका समाधान किया। शंकराचार्य ने कहा कि काशी प्राचीन काल से ही विद्वानों व शास्त्रार्थ का स्थल रही है। जब भी विद्वत परंपरा का नाम लिया जाता है, उसमें काशी का नाम सबसे ऊपर होता है। यहां के विद्वानों ने शास्त्रार्थ परंपरा को कायम रखने में अमूल्य योगदान दिया है।
प्रो. रमाकांत पांडेय, डॉ. प्रियव्रत मिश्र, प्रो. रामकिशोर त्रिपाठी, प्रो. शंकर कुमार मिश्र, प्रो. ह्रदय रंजन शर्मा, डॉ. एस श्रीराम, प्रो. विनय कुमार पांडेय, प्रो. हरिश्वर दीक्षित, प्रो. सुनील कात्यायन, प्रो. हर प्रसाद दीक्षित आदि ने ज्योतिष शास्त्र, अद्वैत वेदांत, ब्रह्म निरुपण, मीमांसा, धर्मशास्त्र आदि पर विचार रखे। विषय प्रवर्तन प्रो. रामनारायण द्विवेदी ने किया। शंकराचार्य और महंत शंकर पुरी ने विद्वानों को सम्मानित किया।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय में बना कंट्रोल रूम
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू हो रही हैं। फरवरी के पहले सप्ताह में परीक्षा के लिए पेपर जिलों में भेजे जाएंगे। पेपर की सुरक्षा व बेहतर रखरखाव के लिए शासन ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
परीक्षा से पहले पेपर बाहर आने पर संबंधित स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक व बाहरी केंद्र व्यवस्थापक जिम्मेदार होंगे। जिले में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जहां से परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जाएगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद उप्र. के क्षेत्रीय कार्यालय से 15 जिलों में सीधे नजर रखी जाएगी।
बोर्ड ऑफिस में कंट्रोल रूम बनाया गया है। सभी विद्यालयों में लगे कैमरों को जोड़ा जा रहा है। कंट्रोल रूम में मौजूद अधिकारी कभी भी किसी विद्यालय को देख सकते हैं।
क्षेत्रीय कार्यालय के उप सचिव साहब सिंह यादव ने बताया कि सुल्तानपुर, अयोध्या, बाराबंकी, अंबेडकर नगर, अमेठी, आजमगढ़, मऊ, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र में बने परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जाएगी। प्रयागराज और लखनऊ में भी कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिला विद्यालय और विद्यालय प्रशासन से बात कर कैमरे की आईपी एड्रेस सहित कई जानकारी मांग ली गई है। उसे कंप्यूटर से जोड़ा जा रहा है।
भगवान हनुमान का शृंगार कर किए दर्शन
हनुमान मंदिर नई बस्ती का गुरुवार को शृंगार हुआ। फल, मिष्ठान आदि का भोग लगा। भजन कीर्तन के साथ हनुमत प्रभु का गुणगान किया। इस दौरान आयोजित भंडारे में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
भगवान युक्तियों से असुर तत्वों का करते हैं संहार
उमरहां नवग्रह मंदिर परिसर में गुरुवार को कथाव्यास पं. विष्णुकान्त शास्त्री ने कहा कि कालयवन राक्षस ने जब मथुरा पर आक्रमण किया, उस समय भगवान श्री कृष्ण सीधे युद्ध न करके मुचकुंद की गुफा में चले गए। मुचकुंद सोए थे। जगाने वाले को भस्म कर देने का प्रण था।
श्रीकृष्ण के पीछे दौड़ता हुआ कालयवन मुचकुंद देव को जगाने लगा और कालयवन भस्म हो गया। इसी प्रकार भगवान अनेक युक्तियों से असुर तत्वों को हटाते हैं और शुभ फल प्रदान करते हैं। प्रो. नागेंद्र पांडेय, अभय सिंह, दिलीप कुमार श्रीवास्तव, गोविंद, अर्पित, गौतम पाठक, बब्लू तिवारी आदि रहे।
प्रदीप ने भजनों से किया विभोर
काशी विरासत संरक्षण समिति की ओर से काशी वंदन सांस्कृतिक संध्या में नमो घाट पर गुरुवार को प्रदीप श्रीवास्तव का भजन गायन हुआ। उन्होंने श्रीकृष्ण के भजन की प्रस्तुति से शुरुआत की। भगवान श्रीराम, शिव, राधा, मां दुर्गा के भजनों से विभोर किया। तबले पर अमित कुमार यादव, मंजीरे पर अजित कुमार गौतम ने संगत की। संयोजक अंशुमान महाराज, संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन समिति सदस्य अंकित सिंह ने किया।
उपचुनाव : गांव मंगारी में प्रधानी के लिए बिके पांच पर्चे
गांव मंगारी में प्रधानी के उपचुनाव के लिए गुरुवार को पांच पर्चों की बिक्री हुई। सहायक निर्वाचन अधिकारी कैलाश यादव ने बताया कि पहले दिन ग्राम प्रधान पद के 5 पर्चे बिके हैं। वहीं ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त 12 पदों के लिए एक भी पर्चे की बिक्री नहीं हुई।
बताया कि एक ग्राम प्रधान पद और सात ग्राम पंचायत के 12 पदों पर ग्राम पंचायत सदस्य का चुनाव होना है। 8 फरवरी को नामांकन व 19 को मतदान व 21 को मतगणना होनी है। मंगारी ग्राम सभा के ग्राम प्रधान नंदलाल जायसवाल के निधन के बाद उपचुनाव हो रहा है।
चिरईगांव ब्लॉक कार्यालय में नामांकन पत्रों की बिक्री के लिए काउंटर खोले गए लेकिन पहले दिन एक भी पर्चे की बिक्री नहीं हुई। ग्राम पंचायत सरसौल के बीडीसी वार्ड संख्या 1 व परनापुर वार्ड संख्या 21 के निर्वाचित सदस्यों के निधन के बाद यहां चुनाव हो रहे हैं। जबकि विभिन्न गांवों में ग्राम पंचायत सदस्यों के भी 18 पद रिक्त हैं।
उप निर्वाचन अधिकारी हवलदार यादव ने बताया कि पहले दिन पर्चे की बिक्री नहीं हुई। बड़ागांव विकास खंड कार्यालय में प्रधान पद के उपचुनाव में आठ नामांकन फार्मों की बिक्री हुई। इसके अलावा ग्राम पंचायत पदों के एक भी फार्म नहीं बिका।
बिजली कर्मचारियों ने किया विरोध प्रदर्शन
विद्युत कर्मचारियों का निजीकरण को लेकर विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। वहीं विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, उप्र के आह्वान पर बिजली कर्मियों ने गुरुवार को भिखारीपुर स्थित हनुमानजी मंदिर पर विरोध प्रदर्शन किया। संघर्ष समिति ने पॉवर कारपोरेशन प्रबंधन पर ऊर्जा निगमों में औद्योगिक अशांति का वातावरण बनाने का आरोप लगाया। इस दौरान नरेंद्र वर्मा, विजय सिंह, राजेन्द्र सिंह, संतोष वर्मा, मदन श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।
टीबी मुक्त बनाने के लिए ग्राम प्रधानों को दिया गया निर्देश
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीइपी) के अन्तर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में जिले के सभी ग्राम प्रधानों की उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यशाला में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत सीडीओ ने ग्राम प्रधानों से निक्षय मित्र बनने के लिए अनुरोध किया।
इसके साथ ही उन्होंने इस वर्ष के लिए टीबी मुक्त ग्राम पंचायत के लिए अभी से कार्य योजना बनाकर कार्य करने के लिए निर्देशित भी किया। कार्यशाला में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ पीयूष राय ने पीपीटी के माध्यम से ट्यूबरक्लोसिस के कारण, उपचार और बचाव पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा अपने क्षेत्र की आशा और एएनएम से ट्यूबरक्लोसिस के बारे में ग्राम पंचायत से संबंधित प्रगति का विवरण लेते रहें। साथ ही उन्होंने बताया कि अगर किसी व्यक्ति को टीबी के लक्षण प्रतीत होते हैं तो उन्हें मात्र अपने निकटतम आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जाकर अपना सेंपल देना है।
बंदरों को पकड़कर पशु चिकित्सालय में रखा गया
नगर निगम की ओर से बंदरों को पकड़कर कबीरचौरा स्थित पशु चिकित्सालय में रखा गया है। यहां रखे जाली वाले वाहन में बंदरों को रखा गया है। यहां के कुछ लोगों ने बताया कि बंदरों को खाना पीना नहीं दिया जा रहा है। न ही इन्हें जंगलों में छोड़ा जा रहा है।
इन्हें पकड़ने के लिए मथुरा से विशेषज्ञ बुलाए गए हैं। जो बंदरों के उत्पात वाले इलाकों में जाली लगाकर छोड़ देते हैं। बाद में जब से पकड़ में आते हैं तो इन्हें यहां लाकर रखा जाता है। यहां बंदरों को पकड़ने वाले जाल में चार बंदर रखे थे। जो आस पास आने वाले लोगों को देख रहे थे। पशु चिकत्साधिकारी डॉ संतोष पॉल के अनुसार बंदरों को एक जगह रखा जाता है। यहां से उन्हें ले जाकर नौगढ़ के जंगलों में छोड़ा जाता है। बंदरों को खाने पीने का सामान दिया जाता है।
चारों वेदों की शाखाओं पर वैदिक सम्मेलन
शृंगेरी शंकराचार्य विधुशेखर भारती महा स्वामी के सानिध्य में महमूरगंज स्थित शृंगेरी मठ चारों वेद की सभी शाखाओं का वैदिक सम्मेलन संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में चारों वेदों के सभी शाखाओं के सौ से अधिक विद्वानों ने भाग लिया। श्रीनिवास देव, ज्ञानेंद्र मिश्रा, जय कृष्ण दीक्षित, विवेक औंढ़ेकर, त्रिलोकीनाथ, अमित अगस्ति, राहुल पांडेय, रोहित मिश्र, दयानिधि मिश्रा आदि शामिल रहे।
अमोनिया का ऑक्सीकरण करने वाले बैक्टीरिया उत्पादन वृद्धि में सहायक
बीएचयू के पर्यावरणीय और धारणीय विकास संस्थान की ओर से तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का बृहस्पतिवार को समापन हुआ। समापन समारोह में राष्ट्रीय कृषि उपयोगी सूक्ष्म जीव ब्यूरो मऊ के निदेशक डॉ. आलोक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अमोनिया का ऑक्सीकरण करने वाले बैक्टीरिया उत्पादन वृद्धि में सहायक होते हैं।
निदेशक ने बताया कि सूक्ष्म जीवों की सहायता से कृषि के क्षेत्र में सस्टेनेबल डेवलपमेंट के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। सम्मेलन में दिल्ली विश्वविद्यालय की डॉ. मनिका गुप्ता ने बाढ़ नियंत्रण के लिए अनुप्रयोगों की बात कही।
भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर, मुंबई के वैज्ञानिक डॉ. व्योम सक्सेना ने गैर परंपरागत नाभिकीय ऊर्जा उत्पादन में होने वाले खतरे पर बात की। प्रो. अखिलेश सिंह रघुवंशी और संकाय प्रमुख डॉ. वीरेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि इस तरह के सम्मेलन पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी नीतियों को बनाने में सहायक होते हैं।
मसाने की होली के लिए मणिकर्णिका घाट से मलबा हटवाने का काम शुरू
मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर इस बार मसाने की होली फाल्गुन शुक्ल पक्ष की एकादशी पर 10 मार्च को मनाई जाएगी। इसके पूर्व इन घाटों पर फैले मलबे को हटाने का काम शुरू किया गया है। दरअसल मसाने की होली पर हजारों की भीड़ आती है। इसके चलते यहां मलबा होने से दिक्कत आएगी।
इसे लेकर क्षेत्रीय लोगों ने भी काम करने वाले अधिकारियों से कहा था कि 10 मार्च के पहले यहां से मलबा हटवा लिया जाए। इन दोनों घाटों पर होने वाली मसाने की होली के पूर्व सभी सुविधाओं को बेहतर करने का दावा किया जा रहा है।
यहां काम करने वाली एजेंसी के अधिकारियों के अनुसार यहां पर शवदाह स्थल का निर्माण कार्य चल रहा है। जो मलबा फैला है उसे हटवाया जा रहा है। दस दिन के भीतर यहां घाट पर मलबा नहीं रहेगा। इसके पूर्व यहां पर साफ सफाई का काम भी नगर निगम की ओर से कराया जाएगा।
पं. विद्या निवास ने आधुनिक हिंदी कविता को दिलाई वैश्विक पहचान
वाराणसी। पंडित विद्या निवास मिश्र के जन्मशताब्दी समारोह के उपलक्ष्य में यूपी कॉलेज में राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। साहित्यकार और विचारक प्रो. दिलीप सिंह ने कहा कि पं. विद्या निवास ने आधुनिक हिंदी कविता को वैश्विक पहचान दिलाई। उनका संबंध निबंध लेखन, पत्रकारिता, संस्कृति और लोक साहित्य से तो था ही हिंदी कविता से भी था।
विद्याश्री न्यास और हिंदी विभाग के तत्वावधान में आयोजित संगोष्ठी में प्रो. दिलीप सिंह ने कहा कि यह बात ठीक नहीं है कि आधुनिक हिंदी कविता में आभिजात्य अधिक है। यह बात त्रिलोचन, केदारनाथ सिंह जैसे कवियों ने प्रमाणित की है।
कवि अष्टभुजा शुक्ल ने कहा कि आजादी के पूर्व जयशंकर प्रसाद, निराला, पंत, दिनकर जैसे कवियों ने अपनी कविताओं के माध्यम से पराधीनता के विरुद्ध स्वाधीनता का वातावरण बनाया। कथाकार श्रीप्रकाश मिश्र ने कहा कि कविता हमेशा ही प्रतिपक्ष में खड़ी होती है। यह बात आजादी के बाद की हिंदी कविता पर विशेष रूप से लागू होती है।
बीएचयू हिंदी विभाग के प्रो. प्रभाकर सिंह ने कहा कि 1964 के बाद की हिंदी कविता पर सबसे ज्यादा प्रभाव मुक्तिबोध का रहा है। अतिथियों का स्वागत प्राचार्य प्रो. धमेंद्र कुमार सिंह, संचालन प्रो. गोरखनाथ और धन्यवाद ज्ञापन विद्याश्री न्यास के सचिव दयानिधि मिश्र ने किया। कार्यक्रम में प्रो. उदयन मिश्र, डा. रामसुधार सिंह, ओमधीरज, डॉ. अशोक सिंह आदि मौजूद रहे।
बरेका परिसर में पूर्व सैनिक संभालेंगे सुरक्षा की कमान
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में की सुरक्षा की कमान पूर्व सैनिक संभालेंगे। यहां उत्तर प्रदेश सैनिक कल्याण बोर्ड से 100 से अधिक पूर्व सैनिकों की तैनाती करने की तैयारी चल रही है। इसके अलावा 150 अतिरिक्त कैमरे भी लगाए जाएंगे। अब तक यहां 250 से अधिक कैमरे से निगरानी की जा रही है।
बरेका के गुमटी मार्केट में चोरी की घटना के बाद यह फैसला लिया गया है। बरेका के गुमटी मार्केट में दुकान नंबर 73 में चोरी के बाद से परिसर की सुरक्षा पर विशेष नजर रखी जा रही है।
मामले में आरपीएफ ने चोरी के माल, रेल संपत्ति के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बरेका आरपीएफ के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त नुरुल होदा ने बताया कि परिसर में अतिक्रमण, अवैध निर्माण, गंदगी फैलाने वालों, यातायात नियमों की अवहेलना, बिजली पानी की क्षति, चोरी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
125 साल बाद पूर्वजों का घर तलाशते हॉलैंड से पहुंचे
125 साल पहले 1909 में क्षेत्र के गांव बाबतपुर से एक परिवार हाॅलैंड में मजदूरी करने चला गया था। फिर वहीं बस गया। अब उनके वंशज अपने पूर्वजों का घर खोजते हुए मंगलवार को गांव में पहुंचे। उनके पास पूर्वजों का एक फोटो भी था।
पुलिस ने उन्हें गांव तक पहुंचाया हालांकि लेकिन गांव में उनके परिजनों के बारे में कोई नहीं बता सका। वह वापस लौट गए। परिवार के साथ पहुंचे वेद प्रकाश विजय ने बताया कि मेरे बाबा 15 जनवरी 1909 में हॉलैंड पहुंचे थे। वहीं मजदूरी की और फिर वहीं रहने लगे। उनके दादा के मुताबिक गांव बाबतपुर थाना चौबेपुर जिला वाराणसी के निवासी थे। वह परिजनों के साथ गांव आए थे लेकिन पता चला कि यह गांव चौबेपुर थाने में नहीं चोलापुर थाने में आता है।
वह बेटी राधिका विजय, बेटी शिवानी विजय, बेटी आरती के साथ पहुंचे। थाना प्रभारी जगदीश कुशवाह ने उनकी मदद भी की, गांव मिल गया। लेकिन गांव में कोई उनके पूर्वजों के बारे में नहीं बता पाया। उन्होंने बताया कि अगर पूर्वजों के बारे में पता चल पाता तो उन्हें अच्छा लगता। हालांकि यहां से वह अयोध्या में भगवान राम के दर्शन के लिए परिवार के साथ रवाना हो गए।