बनारस जिले में एक नवविवाहिता के ऐसा कदम उठाया जिससे कोई भी चौंक जाएगा। नवविवाहिता ने बाहर रहने वाले पति से फोन पर बात की और कुंए में कूद गई। घटना जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव की है। यहां दलित बस्ती के कुएं में नवविवाहिता कुसुम (21) का शव मिला।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद परिजन सदमे में हैं, परिवार वाले समझ नहीं पा रहे हैं कि कुसुम ने आखिर ऐसा क्यों किया। पुलिस के अनुसार मायके वालों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हाजीपुर निवासी सुरेश का विवाह बीते मई महीने में बड़ागांव थाना क्षेत्र के पयागपुर की कुसुम के साथ हुआ था। शादी के कुछ दिनों बाद सुरेश कामकाज के सिलसिले में मुंबई चला गया। घर में सास और देवर राकेश के साथ कुसुम रहती थी।
राकेश ने बताया कि रविवार की रात वह बस्ती में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में आर्केस्ट्रा देखने जा रहा था। इसी दौरान कुसुम ने सुरेश से मोबाइल से बात कराने को कहा। राकेश अपना मोबाइल छोड़कर चला गया। इसके बाद किसी ने ध्यान नहीं दिया।
सुबह जब आसपास के लोगों ने कुसुम का शव कुएं में देखा तो शोर मचाया। अब कुसुम का पति सुरेश से ही कुसुम की आत्महत्या पर से पर्दा उठा पाएगा। थानाध्यक्ष चोलापुर ने बताया कि फिलहाल मायके वालों का कोई आरोप नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।