रामनगर की काशी नरेश की बेटियों के हिस्से में आई जमीन पर अगले साल से न्यू काशी योजना के तहत काम शुरू किया जाएगा। इसमें होटल के अलावा कॉमर्शियल काॅम्प्लेक्स और मॉल बनाया जाएगा।
न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की तर्ज पर काशी नरेश की जमीन पर नई काशी बसाने की योजना है। यहां पूर्वांचल का सबसे बड़ा 14 मंजिला होटल और 28 मंजिला आवासीय टाउनशिप बसाने की तैयारी है। इसके लिए वर्ल्ड ट्रेड सेंटर से मान्य कंपनी ने राज परिवार के साथ करार कर लिया है।
विज्ञापन
रामनगर की काशी नरेश की बेटियों के हिस्से में आई जमीन पर अगले साल से न्यू काशी योजना के तहत काम शुरू किया जाएगा। इसमें होटल के अलावा कॉमर्शियल काॅम्प्लेक्स और मॉल बनाया जाएगा। करीब 14 बीघे में विकसित होने वाले कॉमर्शियल सिटी के साथ ही यहां वाराणसी की अब तक की सबसे ऊंची आवासीय इमारत खड़ी की जाएगी। अब तक वाराणसी में अखरी के पास 20 मंजिला आवासीय इमारत बनाई जा रही है। अब रामनगर में काशी नरेश की जमीन पर 28 मंजिला इमारत बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
राजकुमारी कृष्ण प्रिया ने बताया कि वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के साथ करार किया गया है। इसमें व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए पूर्वांचल के सबसे बड़े होटल, मॉल और कॉमर्शियल काॅम्प्लेक्स को एक ही परिसर में बनाया जाएगा। वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की यह उत्तर प्रदेश में दूसरी परियोजना है। इससे पहले नोएडा में बहुमंजिला आवासीय इमारत बनाई गई है।