मामले की जानकारी तत्काल केंद्र प्रशासन ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने आई। केंद्राध्यक्ष की तहरीर के आधार पर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। पूछताछ में प्रिंस दुबे ने बताया कि वह जबलपुर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी करता है और परीक्षा देने के लिए वाराणसी आया था।
पुलिस का कहना है कि बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामग्री की तकनीकी जांच कराई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि परीक्षा में किसी प्रकार की नकल या अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने की कोशिश तो नहीं की गई। साथ ही उसके संपर्कों, कॉल डिटेल और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में बरामद प्रश्नपत्र पुराना बताया गया है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी संगठित गिरोह या अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार अभ्यर्थी को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।