वाराणसी। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के जवानों ने मंगलवार को 16वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर सांस्कृतिक संकुल स्थित 11 एनडीआरएफ के मुख्यालय में अंतर-कंपनी स्लो मोशन साइकिल रेस, अधिकारी बनाम जवान वॉलीबाल मैच खेला गया। इसके साथ ही वाहिनी मुख्यालय से हुकुलगंज, पांडेयपुर होते हुए पुलिस लाइन के आगे तक कोविड-19 जागरूकता साइकिल रैली निकाली गई।
11 एनडीआरएफ के डीआईजी अलोक कुमार सिंह ने बताया कि बीते पांच साल में हमारे जवानों ने उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश में आई बाढ़, कुंभ मेला उज्जैन, पुखरायां कानपुर में हुआ रेल हादसा, जाजमऊ में ध्वस्त हुई इमारत, चौकाघाट फ्लाईओवर हादसा, प्रयागराज कुंभ सहित अन्य राहत व बचाव अभियानों में 53,113 मानव जीवन को बचाया है।
इस वर्ष एनडीआरएफ उतर प्रदेश व मध्य प्रदेश में संभावित आपदाओं के लिए विभिन्न जिलों में जिला प्रशासन के साथ जिलास्तरीय मॉक ड्रिल का भी आयोजन करेगी। रेलवे जोन के साथ संयुक्त मॉक ड्रिल भी इस वर्ष बड़े पैमाने पर की जा रही हैं।