दस दिन के प्रशिक्षण शिविर की जगह एनसीसी कैडेटस का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कराया जा रहा है। 100 बटालियन की ओर से यूपी कॉलेज में चल रहे शिविर में कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारियां देने साथ ही प्रमाण पत्र की परीक्षा के बारे में भी तैयारी कराई जा रही है। इसमें बी प्रमाण पत्र की परीक्षा 14 फरवरी को जबकि सी प्रमाण पत्र की परीक्षा को 21 फरवरी को कराए जाने का निर्णय लिया गया है।
एनसीसी निदेशालय यूपी के निर्देश पर यूपी कॉलेज खेल मैदान पर चल रहे प्रशिक्षण शिविर में वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़ के कुल 375 कैडेट प्रतिभाग कर रहे हैं। कैंप कमांडेंट कर्नल आशीष त्रिपाठी ने कैडेटों को एकता और अनुशासन का पाठ पढ़ाया। साथ ही शिविर में मिलने वाले प्रशिक्षण को व्यवहारिक जीवन में भी उपयोगी बताया।
डिप्टी कैंप कमांडेंट ले. कर्नल ऋषि ने बताया कि शिविर में बी प्रमाण पत्र परीक्षा की तैयारी के साथ ही परेड, हथियार प्रशिक्षण, मैप रीडिंग, आपदा प्रबंधन, साहसिक कार्य, सफाई, संचार सेवा, सामाजिक सेवा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस दौरान कैप्टन प्रवीण श्रीवास्तव, सारनाथ सिंह, मयंक सिंह, उषा बालचंदानी, डॉ. अरविंद सिंह, डॉ. जितेंद्र भारती, नायब सूबेदार एसजी मलिक आदि मौजूद रहे।