Varanasi News: सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम में 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया गया है। इस दौरान लीग मुकाबले में यूपी की पुरुष टीम ने तेलंगाना को 3-1 और महिलाओं ने असम को 3-0 से हराया।
युवा और अनुभवी सितारों से सुसज्जित मेजबान उत्तर प्रदेश की महिला और पुरुष टीमों ने 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में दूसरे दिन सोमवार को सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम में जीत की लय बरकरार रखी। लीग मुकाबले में टीमों ने अपने-अपने मैच जीत लिए। वहीं, पुरुष वर्ग का सबसे रोमांचक मुकाबला सर्विसेज और पंजाब के बीच हुआ।
विज्ञापन
यह मैच पांच सेट तक चला। एक-एक अंक के लिए कांटे की टक्कर हुई। यूपी की महिला टीम ने सोमवार की सुबह आउटडोर कोर्ट पर खेले गए एकतरफा मुकाबले में असम को 3-0 से हरा दिया। यूपी ने पहले सेट में 25-8 से जीत दर्ज की और दूसरा सेट 25-7, 25-8 से अपने नाम कर लिया। मेजबान टीम के खिलाड़ियों की सटीक सर्विस और जोरदार स्मैश के आगे विपक्ष का डिफेंस बेअसर साबित हुआ। तेलंगाना के खिलाफ जीत के लिए यूपी की पुरुष् टीम को बहाना पड़ा।
यूपी ने यह लीग मुकाबला 3-1 से अपने नाम किया। पहला सेट 25-1 से जीतने के बाद यूपी की टीम को दूसरे सेट में 11-25 से हार का सामना करना पड़ा। मगर टीम ने शानदार वापसी करते हुए अगले दोनों सेट 25-18, 25-9 से जीत लिया और पूरे अंक अर्जित किए।
वाराणसी में नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप
- फोटो : अमर उजाला
दूसरे दिन पुरुष वर्ग का सबसे रोमांचक मुकाबला सर्विसेज और पंजाब के बीच हुआ। यह मैच पांच सेट तक चला। यहां बाजी सर्विसेज की टीम के हाथ लगी। यहां पहला सेट 23-25 से हारने के बाद अंतरराष्ट्रीय सितारों से लैस सर्विसेज की टीम ने जोरदार वापसी करते हुए दूसरा सेट 25-16 से अपने नाम किया।
मगर तीसरे सेट में उसे पंजाब ने 26-28 से हराकर चौंका दिया। इससे सर्विसेज के खिलाड़ी मायूस नहीं हुए और धैर्य से खेलते हुए लगातार दो सेट 25-19, 15-10 से जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा। इस मैच में एक-एक अंक के लिए दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। इस मैच में दिल्ली से भाजपा के सांसद मनोज तिवारी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे।
वाराणसी में नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाया। भारतीय वॉलीबाल संघ, यूपी वॉलीबाल संघ और वाराणसी नगर निगम की देखरेख में चल रही प्रतियोगिता में सोमवार को पुरुष वर्ग में खेले गए अन्य मैचों में छत्तीसगढ़ ने चंडीगढ़ की टीम को सीधे सेटों में 3-0 से परास्त किया।
वाराणसी में नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप
- फोटो : अमर उजाला
छत्तीसगढ़ ने यह मुकाबला 25-21, 25-17 व 25-22 से जीत लिया। एक अन्य मैच में असम ने पुडुचेरी को 25-14, 27-25, 19-25, 25-21 से हराकर पूरे अंक हासिल किए। इसी क्रम में दिल्ली ने लद्दाख को एकतरफा मुकाबले में 25-10, 25-11 व 25-7 से हरा दिया। केरल ने दमन दीव की टीम को 25-5, 25-7 व 25-11 से परास्त किया। पुरुष वर्ग के अन्य मुकाबले में हिमाचल प्रदेश ने पश्चिम बंगाल को 25-21, 11-25, 25-18, 25-21 से हराया है। महाराष्ट्र ने मणिपुर को 25-20, 25-20 व 25-13 से परास्त किया।
वाराणसी में नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप
- फोटो : अमर उजाला
उधर, एक अन्य मुकाबले में गुजरात ने मध्य प्रदेश को 25-18, 25-17, 25-19 से पराजित कर लीग मैच में पूरे अंक हासिल किए। अन्य मैचों में तेलंगाना ने मध्य प्रदेश को 25-13, 25-13, 25-20 और दिल्ली ने लद्दाख को 25-9, 25-8 व 25-7 से परास्त कर पूरे अंक हासिल किए।