प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 17 वें दौरे में प्रवासी भारतीय सम्मेलन का उद्घाटन करने मंगलवार को काशी आए हुए हैं। प्रवासियों के साथ साथ इस बार पीएम ने अपने संसदीय क्षेत्र के चाय-पान वालों को भी अपना मेहमान बनाया है।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इच्छा जताई कि प्रवासी भारतीय दिवस समारोह में काशी के उन लोगों को भी निमंत्रित किया जाए जिनके हाथों की बनी चाय-मिठाई हो या फिर बनारसी पान का स्वाद पूरी दुनिया जानती है।
काशी के चाय पान वाले बड़ालालपुर के स्टेडियम में उद्घाटन समारोह और रात्रि में गंगा अवतरण कार्यक्रम में हेमा मालिनी की नृत्य प्रस्तुति देखने के साथ पीएम के साथ भोजन करने का भी आनंद उठाएंगे। चाय, पान, लस्सी, मिठाई के प्रसिद्ध दुकानदारों को सोमवार को निमंत्रण भेजा गया।
बनारसी पान के लिए मशहूर केशव, राम सिंह चौहान, कृष्णा महमूरगंज के अनिल समेत अस्सी की अड़ी के पप्पू चाय वाले, नदेसर के नंदू पाल भी समारोह में जाएंगे। बसंत बहार, क्षीर सागर, श्रीराम भंडार, राजबंधु आदि मिठाई के प्रसिद्ध दुकानों के मालिकों को भी आमंत्रित किया गया है।
मन की बात सुनने वाले मशहूर पहलवान घराने के महेंद्र यादव भी मेहमान होंगे। पीएम के इस सोच की सराहना प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा, प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, नागेंद्र रघुवंशी, अशोक यादव, मनीष कपूर ने की।