सोनभद्र के पड़ोसी जिले सिंगरौली (मध्यप्रदेश) के बसौड़ा गांव में बुधवार की रात पत्नी का सिर काट कुल देवी को चढ़ाने के मामले में गिरफ्तार आरोपी पति के बयान से मामले की जांच की दिशा बदल गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसके चलते उसने पत्नी की हत्या की थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध संबंध, तंत्र-मंत्र और आरोपी की मानसिक स्थिति को केंद्र में रख कर जांच की जा रही है।
बुधवार की रात बैढ़न कोतवाली क्षेत्र के सासन चौकी इलाके में स्थित बसौड़ा गांव के छीपा टोले में बिट्टी केवट (45) की पति ने ही हत्या कर दी थी। पुत्रों की सूचना पर पहुंची पुलिस को महिला का धड़ घर के कमरे में और सिर चौरे (पूजा स्थल) पर मिला था। महिला के बड़े बेटे सुवेंद्र ने पुलिस को बताया मां की हत्या कर उसके पिता बृजेश केवट ने सिर को उपासना स्थल पर चढ़ा दिया और धड़ कमरे में गाड़ दिया। पुलिस ने धड़ व शव बरामद करने के साथ आरोपी पति बृजेश को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस ने आरोपी और उसके बेटों का बयान लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि पत्नी का गांव के एक व्यक्ति से अवैध संबंध था। कई बार समझाने के बाद भी पत्नी नहीं मानी। इस वजह से उसने कुल्हाड़ी से पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। उधर, लोगों का कहना है कि बिट्टी ने पहले पति की शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।