हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस फोर्स।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित वैनी गांव में सोमवार देर रात सोते समय एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने मौके पर पहुंचकर मृतक की मां से घटना के बारे में जानकारी ली।
जनपद के वैनी गांव निवासी राजू (35) की शादी करीब 12 वर्ष पहले पन्नूगंज थाना क्षेत्र के चितविंश्रामपुर गांव में हुई थी। उनके दो बच्चे भी हैं। ग्रामीणों ने बताया कि तीन माह पहले पत्नी से कुछ विवाद हुआ तो वह मायके में जाकर रहने लगी। ऐसे में राजू अपनी मां के साथ ही घर में रहता था। होली वाले दिन मां धनेसरी दूसरे कमरे में और राजू बाहर वाले कमरे में सो गया।
सुबह जब उसकी मां उठी तो देखी कि राजू खून से लथपथ पड़ा था। मां गांव के लोगों को बताया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस के अनुसार, राजू की गला रेतकर हत्या की गई है। किस हथियार से गला रेता गया है इसकी जानकारी नहीं हो सकी। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुटी है।