वाराणसी। मऊ सदर विधायक मुख्तार अंसारी के गिरोह से जुड़े बदमाशों की जमानत कराने वाले लोग जिला पुलिस के रडार पर हैं। ऐसे लोगों को चिह्नित कर पुलिस उनके खिलाफ जल्द ही बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।
अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना मुख्तार अंसारी गिरोह से जुड़े लोगों के खिलाफ इन दिनों पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में पुलिस की ओर से कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिले की पुलिस मुख्तार गिरोह से जुड़े बदमाशों को शरण देने और उनकी जमानत कराने वालों को चिह्नित कर रही है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने शनिवार को बताया कि जिले में माफिया गिरोहों की आर्थिक मदद करने और उन्हें शरण देने वालों के खिलाफ कार्रवाई शीर्ष प्राथमिकता पर है। साथ ही, माफिया गिरोह से जुड़े बदमाशों की जमानत कराने वालों के खिलाफ भी तगड़ी कार्रवाई की तैयारी है। इसके लिए ऐसे लोगों का ब्योरा जुटा कर उन्हें सूचीबद्ध कराया जा रहा है।