यूपी के मुगलसराय में एक बड़े व्यवसायी ने शुक्रवार की दोपहर अफीम कोठी रोड स्थित आवास में अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से पत्नी को गोली मारने के बाद को गोली मार ली। दोनों की मौत मौके पर ही हो गई। सूचना मिलते ही चंदौली एसपी सहित कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन में जुट गई।
वहीं कुछ देर बाद मौके पर पहुंची फारेंसिक टीम ने भी घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। आवश्यक कार्यवाही के बाद पुलिस ने पंचनामा कर दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
मोबाइल के थोक व्यवसायी संजय क्वात्रा (42) पुत्र सूरज क्वात्रा अपनी पत्नी सोनिया क्वात्रा (38) अपने बेटे (12) और बेटी हर्षिता (14) के साथअफीम कोठ रोड स्थित मकान में रहते थे। मकान के एक हिस्से में संजय के माता पिता रहते हैं।
बिल्डिंग के एक हिस्से में संजय का मोबाइल का शोरूम भी है। कर्मचारियों के मुताबिक, हर रोज की भांति शुक्रवार की सुबह संजय सुबह करीब 11बजे शोरूम में आये। फिर किसी काम से ऊपर अपने कमरे में चले गए। कर्मचारियों ने बताया कि कुछ देर बाद शोरूम से इंटरकाम के जरिए उनको फोन मिलाया गया लेकिन फोन नहीं उठा।
बताया कि लगभग एक बजे उनके दोनों बच्चे जब स्कूल से लौटे तो बेडरूम का दरवाजा बंद देख उसे खुलवाने का प्रयास किया। दरवाजा नहीं खुला तो बच्चों ने इसकी जानकारी शोरूम के स्टाफ को दी। बाद में एक कर्मचारी बच्चों के साथ ऊपर गया और कमरे का दरवाजा खुलवाने लगा।
कोई भी आवाज नहीं आने पर जोर से धक्का देकर दरवाजा खोला तो देखा कि सोनिया बिस्तर पर और संजय जमीन पर खून से लथपथ पड़े हुए हैं। सूचना पर सबसे पहले सीओ सदर मौके पर पहुंच गए।
बाद में कोतवाल एसपी सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे और छानबीन में जुट गए। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया संजय ने पहले पत्नी को गोली मारी होगी इसके बाद खुद की कनपटी पर रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
बताया कि संजय के दाहिने हाथ में रिवाल्वर फंसी हुई थी फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।