उद्यमी समाधान दिवस आयोजित कर समस्याएं सुलझाई जाएं
मंत्री नंदी ने कहा कि ऐसा नहीं है कि आईएएस या मंत्री के पास ही सारी जानकारी हो। हम आप मिलकर भी जानकारियों को साझा कर सकते हैं। यूपीसीडा के सभी आरएम कार्यालय पर उद्यमी समाधान दिवस का आयोजन किया जाए। सभी स्टेक होल्डर्स और नए उद्यमियों को बुलाकर बैठक की जाए। उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए। इससे पूरे प्रदेश को एक साथ लाभ होगा। अलीगढ़, कानपुर, अयोध्या, नोएडा समेत कई जगहों पर बैठक की गई। समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर खत्म किया गया। ऐसे स्टेक होल्डरों की बैठकों में ही कई समस्याएं सामने आती हैं और समाधान से रास्ते तलाशे जाते हैं।
इसे भी पढ़ें; MSME for Bharat: ऐतिहासिक है एमएसएमई के लिए की गई पहल, काशी के उद्यमियों ने विकास और चुनौतियों पर की चर्चा
एयर कनेक्टिविटी में यूपी भारत में नंबर एक
पहले यूपी में सिर्फ बनारस और लखनऊ एयरपोर्ट थे। लेकिन, अब 16 घरेलू और पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हैं। एयर कनेक्टिविटी में हम भारत में नंबर एक पर हैं। इसमें अच्छा काम किया तो एक्सप्रेस-वे बनाने की जिम्मेदारी मिली। 16 जुलाई 2022 को बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। इसके बाद पूरे देश के कुल एक्सप्रेस-वे का 37 फीसदी से ज्यादा यूपी में हो गया। 594 किमी मेरठ से प्रयागराज तक 6 लेन का एक्सप्रेस-वे लगभग बन चुका है। एक महीने में जब भी पीएम समय देंगे, इसका भी उद्घाटन हो जाएगा।
एक ही छत के नीचे होगा बनारस से बुलंदशहर
डबल इंजन की हमारी सरकार ने स्थानीय उत्पादों की मेन्युफैक्चरिंग को ही बढ़ावा देते हुए व्यापक वैश्विक बाजार भी उपलब्ध कराया है। इसी प्रतिबद्धता के साथ उत्तर प्रदेश हर साल इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन कर रहा है। एक ही छत के नीचे बनारस से लेकर बुलंदशहर तक और बरेली से लेकर बलरामपुर तक के उत्पाद ग्लोबल ट्रेड के लिए उपलब्ध होते हैं। दुनिया भर के खरीदार बीटूबी और बीटूसी मीटिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश के उद्यमियों से संवाद कर रहे हैं। अपने उत्पादों को ग्लोबल मार्केट में ले जाने का यह सुनहरा अवसर होता है।
इसे भी पढ़ें; UP: 'सालार मसूद और औरंगजेब की बात करने वाले चले जाएं पाकिस्तान-बांग्लादेश', आजमगढ़ में बोले मंत्री संजय निषाद
यहां आई समस्याओं का होगा हल
संबोधन के अंत में नंदी ने आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। कहा यह आयोजन स्वागतयोग्य और सराहनीय है। इस संवाद कार्यक्रम के माध्यम से जो सुझाव, समस्याएं या व्यावहारिक चुनौतियां सामने आईं हैं, उनका सकारात्मक समाधान होगा। निवेशकों का हित हमारी प्राथमिकता है और सरकार की इसी मंशा के अनुरूप प्रत्येक स्तर को काम करना होगा।