वाराणसी। बनारस में मानसून के दस्तक दिए सप्ताह भर बीत जाने के बावजूद भी बारिश की स्थिति बेहद लचर है। हर दिन बादल होने के बावजूद भी बीते सात दिनाें को मिलाकर करीब 45 मिलीमीटर ही बारिश हो सकी है। वहीं जून के 26 दिनों को मिलाकर सिर्फ 47.4 मिमी बारिश हुई, जबकि औसत तौर पर 63.4 मिमी बरसात होनी थी। यानी कि जिले में सामान्य से भी 25 फीसदी कम बारिश हो पाई है।
बृहस्पतिवार को बनारस में सिर्फ पांच मिलीमीटर की बरसात हुई। दोपहर में करीब 12 बजे की बारिश के बाद फिर से धूप खिल गई और उमस ने बेहाल कर दिया। इससे जिले का तापमान अधिकतम से सिर्फ एक डिग्री कम 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम पारा 26.2 डिग्री तक आ गया। हर रोज की तरह से मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है।