Varanasi News: तरना क्षेत्र में फ्लाईओवर के नीचे वेंडिंग जोन बनाया जाएगा, जहां स्थानीय विक्रेताओं को स्थान दिया जाएगा। यहां लोग विभिन्न प्रकार के लजीज व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे।
सरकार ने विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए फ्लाईओवर के नीचे के अनुपयोगी स्थानों को अब उपयोगी और आकर्षक बनाने की योजना तैयार की है। एयरपोर्ट रोड स्थित तरना क्षेत्र में फ्लाईओवर के नीचे आधुनिक गेमिंग और वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा, जिससे न केवल शहरवासियों को मनोरंजन की नई सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
विज्ञापन
स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी ने बताया कि प्रस्तावित गेमिंग जोन में इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, पिकल बॉल और स्केटिंग जैसे विभिन्न इंडोर खेलों की व्यवस्था होगी। इससे युवाओं-बच्चों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में खेलकूद का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि यहां वेंडिंग जोन भी बनाया जाएगा, जहां स्थानीय विक्रेताओं को स्थान दिया जाएगा। यहां लोग विभिन्न प्रकार के लजीज व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। यह पहल छोटे व्यापारियों और स्ट्रीट वेंडर्स के लिए आजीविका के नए रास्ते खोलेगी।
सरकार की यह पहल शहरी संसाधनों के बेहतर उपयोग का नायाब उदाहरण होगी। साथ ही समावेशी विकास, रोजगार सृजन और नागरिकों के जीवन स्तर को सुधारने की दिशा में भी सकारात्मक कदम होगा।फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग की सुविधा भी विकसित की जाएगी, जिससे ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
आमतौर पर फ्लाईओवर के नीचे के स्थान उपेक्षित और अनुपयोगी बने रहते हैं, लेकिन इस योजना के माध्यम से इन क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण कर उन्हें सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बनाया जाएगा।