स्कूल-कालेज के बाहर बढ़ी सक्रियता, पकड़े गए शोहदे
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद मिशन एंटी रोमियो शुरू होने के साथ ही महिला पुलिस को धार मिल गई है। अब तक आरोपियों की पेशी कराती रहीं महिला पुलिस अब स्कूल, कॉलेज, सरकारी दफ्तरों के बाहर घूम रहे शोहदों के खिलाफ कार्रवाई कर महिलाओं में सुरक्षा की भावना पैदा कर रही हैं।
वहीं गुरुवार को वाराणसी सहित पूर्वांचल के कई जिलों में एंटी रोमियो स्क्वॉड गठित कर दी गई। यह स्क्वॉड रोजाना सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक प्रमुख स्कूल-कॉलेजों, पार्कों, बाजारों और मॉल के पास छापेमारी कर शोहदों के खिलाफ कार्रवाई करेगा।
लगातार तीन दिनों से चल रही इस कार्रवाई से शोहदों में दहशत है। आजमगढ़ में गुरुवार को शहर के कई कालेजों के गेट पर मंडरा रहे मनबढ़ों को पकड़ लिया गया। बाद में उन्हें चेतावनी देकर मां-बाप के हवाले कर दिया गया।
बता दें कि महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की रोकथाम के उद्देश्य से आजमगढ़ में 16 दिसंबर 2008 में महिला थाना की स्थापना की गई। अबतक महिला थाना प्रभारी और कांस्टेबलों की ड्यूटी डीएम, एसपी आदि के दफ्तरों में फरियादियों की पेशी कराने तक ही सिमटी हुई थी।
यदि कोई महिला उत्पीड़न से जुड़ा मामला आता था तो इनका काम सिर्फ यहां से पीड़िता का मेडिकल कराना और अदालत में पेश कराना भर था। 2017 में प्रदेश की सत्ता बदली और आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनते ही मिशन एंटी रोमियो चलाया गया है।
तभी से लगातार न केवल महिला थाने की सक्रियता बढ़ गई है। बल्कि युवकों में इनका खौफ समा रहा है।महिला थाना प्रभारी सरिता सिंह ने कुल तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया है।
भयमुक्त वातावरण प्रदान करने की पहल शुरू
महिला पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश सरकार के निर्देश पर पूर्वांचल के कई जिलों में भी एंटी रोमियो स्क्वॉड का गठन गुरुवार को कर दिया गया। यह स्क्वॉड रोजाना सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक प्रमुख स्कूल-कॉलेजों, पार्कों, बाजारों और मॉल के पास छापेमारी कर शोहदों के खिलाफ कार्रवाई करेगा।
इस संबंध में एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि सभी थानेदारों और एंटी रोमियो स्क्वॉड को ताकीद की गई है कि किसी के साथ बदसलूकी की शिकायत सामने न आए।
सोनभद्र में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त बनाने एवं लोगों को भयमुक्त वातावरण प्रदान करने के मद्देनजर एसपी ने 22 थाना क्षेत्रों में 44 एंटी रोमियो स्क्वायट टीम का गठन किया है। स्कूलों एवं बाजार के चट्टी-चौराहों के समीप खड़े होकर किशोरी, युवतियों और महिलाओं के ऊपर छिंटाकशी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्कूलों के खुलने एवं बंद होने के दौरान सादे पोशाक में पुलिसकर्मी भ्रमण कर शोहदों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। मऊ जिले में भी एंटी रोमियो टीम का गठन किया। यह टीम विशेष रूप से मजनूओं पर नजर रखेगी।
जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के ब्राम्हणपुर गांव के पास शिव मंदिर से पुलिस ने चार चार शोहदों को पकड़कर थाने ले आई और उनके अभिभावकों को बुलवाकर उन्हें चेतावनी के साथ छोड़ दिया।
बुलाऊं क्या स्क्वॉड, सुनते ही भाग निकले युवक
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के लंका पर बुधवार को एसएसपी नितिन तिवारी ट्रैफिक व्यवस्था और अतिक्रमण का जायजा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें चाय की एक दूकान पर कई युवक काफी देरी से खड़े दिखाई दिए। एसएसपी उन लड़कों की ओर बढ़े और कहा कि एंटी रोमियो स्क्वॉड को बुलाऊं क्या...। यह सुनते ही युवकों ने बाइक स्टार्ट की और भाग निकले। यह नजारा देख आसपास के दूकानदार और लोग हंसने लगे।