योजना का लाभ खेती योग्य जमीन रखने वाले पात्र किसान परिवारों को दिया जाता है। परिवार में पति, पत्नी और नाबालिग बच्चे शामिल होते हैं। इसलिए एक ही परिवार के दो सदस्यों के नाम पर अलग-अलग पंजीकरण कराकर लाभ लेना नियमों के अनुरूप नहीं है।
ब्लॉकवार दोहरा लाभ लेने वाले दंपती
कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार दोहरा लाभ लेने वाले मामलों में छानबे ब्लॉक सबसे आगे है। यहां 1332 दंपती चिह्नित किए गए हैं। राजगढ़ में 1249 और नरायनपुर में 1148 जोड़े सामने आए हैं। जमालपुर में भी 1073 दंपती दोनों के नाम पर सम्मान निधि ले रहे हैं। सिटी ब्लॉक में 964, पटेहरा में 737, पहाड़ी में 728, हलिया में 593, मझवां में 591, लालगंज में 460, सीखड़ में 396 और कोन में 389 दंपती चिह्नित किए गए हैं।
क्या बोले अधिकारी
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में एक किसान परिवार से केवल एक ही व्यक्ति लाभ पाने का पात्र है। पति और पत्नी दोनों के नाम पर लाभ लेने के मामले जांच में सामने आए हैं। ऐसे 9660 मामलों की सूची शासन को भेज दी गई है। शासन के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-विकेश कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक