सूबे की सरकार मिर्जापुर को पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित करेगी। इसके लिए चुनार के किले में लाइट एंड साउंड शो होगा। मिर्जापुर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विंध्याचल के त्रिकोण पर फिल्म बनाई जाएगी।
ये बातें जिले के प्रभारी और सूबे के वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को मीडिया से कही। उन्होंने कहा कि पर्यटन के साथ-साथ दरी ,कालीन उद्योगों को बढ़ावा देने की योजना है।
वित्तमंत्री ने कहा कि जिले में खेल को बढ़ावा देने के लिए स्पोर्ट्स कांप्लेक्स की स्थापना की जाएगी। जिले में 12 वर्षों में स्टेडियम का निर्माण पूरा नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।
कहा कि जन औषधि वितरण केंद्र की स्थापना के लिए मंडलीय अस्पताल के आसपास स्थान की तलाश की जा रही है। सेना भर्ती का केंद्र जिले में बनाने के लिए सरकार प्रयासरत है ताकि जिले और आसपास के युवाओं को सेना में भर्ती हो कर देश सेवा करने का अवसर प्राप्त हो सके।
मंडलीय अस्पताल में भर्ती चार्ज के रूप में 34 रुपये लिये जाने की शिकायत को उन्होंने गंभीरता से लिया। किसानों को अब तक बीते दिनों आई बाढ़ की राहत राशि नहीं मिलने के प्रश्न पर उन्होंने की जानकारी नहीं है लेकिन जिलाधिकारी से बात कर किसानों को आपदा राहत राशि शीघ्र दिलाई जाएगी।
पिछले माह जिले मेें आये मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के डंगहर दलित बस्ती में निरीक्षण के दौरान महिलाओं को राशनकार्ड, पेंशन और आवास नहीं मिलने की शिकायत पर अब तक अमल नहीं होने पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि इनका निस्तारण जल्द होना चाहिए।
जीएसटी के फायदे गिनाते हुए कहा कि विरोधी मंहगाई का हौव्वा खड़ा कर रहे हैं लेकिन हकीकत यह है कि इससे इंस्पेक्टर राज की समाप्ति होगी। आगामी 11 जुलाई से प्रदेश में बजट में किसानों का ऋण माफ करने की प्रक्रिया को पूूर्ण रूप से अमली जामा पहनाया जाएगा।