रमजान माह का अंतिम अशरा चल रहा है। शुक्रवार को अलविदा नमाज होने के बाद ईद में अब सिर्फ दो दिन बाकी है। ईद को लेकर बाजार में खरीदारी पूरे शबाब पर है। महिलाएं व युवतियां ईद पर नए कपड़े के साथ ही घर को सजाने संवारने के सामान आदि की खरीदारी में जुट गई हैं। इससे दालमंडी, गोदौलिया, गुरुबाग समेत शॉपिंग मॉल, शोरूम में भीड़ बढ़ गई है।
इंडो वेस्टर्न परिधानों के साथ इस बार ईद पर युवतियां सरारा गरारा सेट खूब पसंद कर रही हैं। गर्मी को देखते हुए हल्के रंग का सेट महिलाएं व युवतियां खरीद रही हैं। इसके साथ ही ए लाइन कुर्ती, लॉग कुर्ती, फ्रॉक गरारे, स्कर्ट के साथ कुर्ती सेट, शार्ट कुर्ती संग सरारा की भी खूब मांग बढ़ी है।
मिरर झुमकी युवतियों की पहली पसंद
इस बार ज्वेलरी में बाजार में नए डिजाइन का ईयर रिंग आया है। जो महिलाओं व युवतियों को खूब पसंद आ रहा है। कपड़े के साथ ही मिक्स एंड मैच ईयर रिंग, मिरर झुमकी व हैदराबादी ज्वैलरी सेट, जयपुरी अंगूठी युवतियों को खूब पसंद आ रहा है।