एसडीएम त्रिभुवन राम के नेतृत्व में बुधवार को राजातालाब और मिर्जामुराद में जांच अभियान चलाया गया। कई दूकानों में छापेमारी कर नमूने लिए गए। वहीं, खानपान की दूकान में गंदगी, मिठाई में मक्खियां और एक्सपायरी डेट का शीतल पेय मिलने पर दो दूकानों का चालान भी किया गया।
पुलिस बल के साथ प्रशासन की टीम सबसे पहले राजातालाब पहुंची। यहां मिठाई की एक दूकान में जांच के दौरान खीर मोहन समेत कई अन्य मिठाइयों में मरी हुईं मक्खियां पाई गईं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद यादव ने बताया कि मिठाई के सैंपल लेने के साथ ही दूकान का चालान कर दिया। इस कार्रवाई से बाजार के ज्यादातर दूकानदार अपनी दूकानें बंद कर भाग गए।
इसके बाद टीम ने मिर्जामुराद में विजय की किराने की दुकान में छापेमारी की। यहां कई बोतलों में एक्सपायरी डेट का शीतल पेय मिला, जिसे टीम ने नष्ट करा दिया। खाद्य तेल का सैंपल लेते हुए टीम ने दूकान का चालान भी कर दिया। यहां भी छापेमारी की जानकारी होने पर धड़ाधड़ दूकानें बंद हो गईं और दूकानदार भाग खड़े हुए।