दिवाली के नजदीक आने के साथ ही गुलजार हुए बाजारों में खरीदारी तेज हो गई है। त्योहार की तैयारियों को अंतिम रूप देने के साथ ही लोग अपनी-अपनी खुशियों को सहेजने और संवारने में जुटे हैं। सजावटी सामान, झालर, बल्ब, कपड़े आदि की जबरदस्त खरीदारी के साथ ही वाहनों और ज्वैलरी आदि की बुकिंग भी कराई जा रही है। सभी की डिलीवरी धनतेरस पर ली जाएगी। जबरदस्त खरीदारी से बाजार में रौनक है। प्रमुख बाजारों के साथ ही गली-मुहल्लों में भी अस्थाई दूकानें सज गई हैं।
चाइनीज सामान के बहिष्कार के बीच इस दिवाली पर पारंपरिक कुम्हारी कला ने दीयों को नए रूप रंग में बाजार में उतारा है। लोगों के घर-आंगन में मिट्टी के बने हाथी, घोड़े, ऊंटों पर दीये जगमगाएंगे। दीयों में आए इस बदलाव से पढ़ी-लिखी बेरोजगार लड़कियों को कलात्मक दीयों की रंगाई के रूप में रोजगार मिल गया है। गांवों में कुम्हारों की चाक पर इन दिनों दीयों, मटकों की नई डिजाइन से पांरपरिक कला परवान चढ़ने लगी है। नारियल के पत्ते, मोर-मोरनी, हाथी, घोड़े, ऊंट की डिजाइन में तैयार दीयों ने देसी बाजार की चमक बढ़ा दी है। इस पारंपरिक कला से जुड़े गणेश प्रजापति बताते हैं कि पचास से अधिक लड़कियां दीयों की रंगाई के काम में लगी हैं। 100 से अधिक स्थानों पर डिजाइनर दीये तैयार किए जा रहे हैं। उधर, दीयों की एक से बढ़कर एक रेंज बाजार में उतारी गई है। पांच रुपये से लेकर 60 रुपये तक के डिजाइनर दीये चीन की झालर और दीयों पर भारी पड़ रहे हैं। लोग इन्हें रुचि से खरीद रहे हैं।
धनतेरस शुक्रवार को है। इस बार वाहन बाजार के फर्राटा भरने की उम्मीद है। मलदहिया से लेकर सिगरा क्षेत्र तक और मंडुवाडीह से लेकर लहरतारा चौराहे तक के दोपहिया वाहन के शोरूमों में इन दिनों बुकिंग, बिक्री तथा इंक्वायरी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। शोरूम संचालकों की मानें तो इस बार 25 करोड़ से ज्यादा का कारोबार हो सकता है। दो दिन में दो पहिया वाहन शोरूम में करीब एक हजार से ज्यादा गाड़ियों की बुकिंग हुई है। चार पहिया वाहनों की भी बुकिंग हुई है।
हर बार की तरह इस बार भी ग्राहकों को लुभाने के लिए कंपनियां वाहनों की खरीद पर गिफ्ट पैक, स्क्रैच कूपन और छूट दे रही हैं। दो पहिया वाहन चालकों को गोल्डन क्वाइन भी दिए जा रहे हैं तो फ्री इंश्योरेंस के आफर् भी दिए जा रहे हैं। उधर, ग्राहकों में कोई माइलेज तो कोई लग्जरी वाहन को तरजीह दे रहा है। शोरूम संचालकों का कहना है कि इस बार 20 प्रतिशत अधिक बुकिंग हुई है। बताया जा रहा है कि इस बार ग्राहक अधिक माइलेज के साथ-साथ शहर में आरामदायक ड्राइविंग को ध्यान में रखते हुए स्कूटी को ज्यादा महत्व दे रहे हैं।
दिवाली और धनतेरस के मौके पर सोवेरिन गोल्ड बांड की बिक्री दो नवंबर तक डाकघरों पर की जा रही है। यह स्कीम आठ साल की अवधि तक है, जिसे जरूरत पंड़ने पर पांच, छह और सात वर्ष पर भी भुगतान लेने का विकल्प है।
प्रधान डाकघर कैंट के अधीक्षक जीएस सिंह ने बताया कि परिपवक्ता अवधि पूरा होने के बाद उस समय लागू सोने के मूल्य पर वापसी होगी। यह रेट अखिल भारतीय गोल्ड एसोसिएशन द्वारा तय होगा। यह सुविधा केवल प्रधान डाकघर कैंट पर उपलब्ध होगी। बताया कि इस बांड पर हर साल छह माह पर मिलने वाला ढाई प्रतिशत ब्याज संबंधित के खाते में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। इस बारे में विस्तृत जानकारी प्रधान डाकघर कैंट से प्राप्त की जा सकती है।