स्वच्छता से नहीं होगा समझौता
- नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने ‘पहली रोटी गौ माता के नाम’ वाहन को दिखाई झंडी
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। प्रदेश सरकार के ढाई साल पूरे होने पर नगर विकास एवं जिले के प्रभारी मंत्री आशुतोष टंडन ने बुधवार को सर्किट हाउस में काशी में हुए विकास कार्यों की चर्चा की और ढाई साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा। प्रत्येक दशा में स्वच्छता कार्यक्रम प्रभावी तरीके से क्रियान्वित कराए जाएंगे।
पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में बनारस में 22949.36 करोड़ रुपये से अधिक के विकास एवं सामाजिक सहायता के कार्य हुए। इसमें 8882.44 करोड़ रुपये की 475 प्रमुख परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 7975.86 करोड़ रुपये की 222 प्रमुख परियोजनाएं निर्माणाधीन है।
उन्होंने पहली रोटी गौ माता के नाम वाहन को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गो सेवा ईश्वर की सेवा हैं। इस काम में जन जागरूकता एवं सहभागिता आवश्यक है। पहले घरों में खाना बनाए जाने के दौरान पहली रोटी गाय को अर्पित की जाती थी। आज उसी परंपरा को पुनर्जीवित करने के लिए नगर निगम द्वारा पहली रोटी गौ माता के नाम वाहन चलाया गया है। यह शहर के वार्डों में भ्रमण करेगा और लोग अपने-अपने घरों से रोटियां दान कर सकेंगे।
गायों को खिलाया गुड़ और चारा
ब्यूरो
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को रोहनिया विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में आयोजित सेवा सप्ताह के दौरान गौ सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने गोशाला परिसर का निरीक्षण किया और गाय को गुड़ और चारा खिलाया। पशुओं के गोबर से लकड़ी जैसा तैयार करने वाली मशीन का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की दृष्टि से यह कदम महत्वपूर्ण है। इस गोशाला में 467 गोवंश रखे गए हैं। इस अवसर पर मालवीय मार्केट व्यापार संघ ने 1,01,000 का चेक गोवंश के संरक्षण के लिए सौंपा। पशुओं की सेवा करने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर मेयर मृदुला जायसवाल, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, सुरेश सिंह, श्रवण कुमार राय, अजय दुबे, जयशंकर सिंह, धीरेंद्र प्रताप सिंह, देवेंद्र प्रताप सिंह, नागेंद्र रघुवंशी और प्रवीण सिंह गौतम आदि मौजूद रहे। सृजन सामाजिक विकास न्यास के चेयरमैन अनिल सिंह ने नगर विकास मंत्री को वट का पौधा सौंपा।